गाजियाबाद में 4 साल की भांजी का रेप करके मर्डर करने वाला मामा मुठभेड़ में ढेर, 2 पुलिसकर्मी भी घायल
गाजियाबाद के टीला मोड़ थानाक्षेत्र में 4 साल की बच्ची से दुष्कर्म का आरोपी मुठभेड़ में ढेर हो गया है। गोलीबारी में दो पुलिसकर्मी भी घायल हुए हैं।

गाजियाबाद के टीला मोड़ थाना क्षेत्र में चार वर्षीय बच्ची से दुष्कर्म और हत्या के आरोपी मामा को स्वाट टीम और टीला मोड़ थाना पुलिस ने रविवार रात बंथला नहर के पास मुठभेड़ के दौरान ढेर कर दिया गया। उसके दो साथी फरार हो गए। दो पुलिसकर्मी भी गोली लगने से घायल हुए हैं। घायल पुलिसकर्मियों को अस्पताल में भर्ती करवाया गया है। पुलिस को तीन तमंचे, कारतूस, खोखे व बाइक बरामद हुई है।
टीला मोड़ थाना क्षेत्र में 11 अप्रैल को दोपहर लगभग 12 बजे सगे मामा ने अपनी चार साल की भांजी को उसके घर के बाहर से आइसक्रीम दिलवाने का लालच देकर अगवा कर लिया था। आरोपी बच्ची को अपने कमरे पर ले गया और उसके साथ दुष्कर्म करने के बाद बच्ची की गला दबाकर हत्या कर दी। हत्या करने के बाद आरोपी बच्ची के शव को कंधे पर लाद कर कमरे से निकला और शालीमार गार्डन थाना क्षेत्र में 80 फुटा रोड पर कचरे के ढेर के पास खड़ी कार के नीचे शव को छिपाकर फरार हो गया था।
सूचना मिलने पर पुलिस ने शव को वहां से बरामद कर लिया था। शव विच्छेदन में दुष्कर्म और गला दबाकर हत्या की पुष्टि हुई थी। बच्ची के नाजुक अंगों पर भी दरिंदगी के निशान मिले थे। परिजनों की तहरीर पर सगे मामा जसीम उर्फ छोटू निवासी सिसौली, मुजफ्फरनगर के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया था। पुलिस लगातार आरोपी की तलाश में दबिश दे रही थी। दो दिन पहले पुलिस को सूचना मिली थी कि आरोपी को दिल्ली रेलवे स्टेशन पर देखा गया है। अपर पुलिस उपायुक्त अपराध पीयूष सिंह ने बताया कि रविवार देर शाम सूचना मिली की आरोपी भागने की फिराक में है और टीला मोड़ क्षेत्र में ही छिपा है। वह बंथला नहर के पास किसी से मिलने जाने वाला है।
क्राइम ब्रांच, स्वाट टीम और टीला मोड़ थाना पुलिस ने दिल्ली जाने वाले कई रास्तों पर चेकिंग शुरू की। देर रात बंथला नहर वाले रास्ते पर पुलिस को एक बाइक पर तीन लोग आते दिखे। पुलिस ने बाइक को रुकने का इशारा लिया। इस पर बाइक चालक ने बाइक मोड़ ली और भागने लगा। पुलिस ने पीछा किया तो बाइक सवारों ने पुलिस पर गोलियां चला दीं। इसमें स्वाट टीम को दो मुख्य आरक्षी इकबाल और अमित गोली लगने से घायल हो गए। इसके बाद पुलिस ने जवाबी कार्रवाई में गोली चलाई। पुलिस की गोली लगने से एक बाइक सवार गिर गया, जबकि दो अन्य बाइक छोड़कर अंधेरे का फायदा उठाते हुए भाग निकले।
पुलिस ने मौके पर पहुंच कर घायल आरोपी को अस्पताल भिजवाया, जहां चिकित्सकों ने उसका इलाज शुरू किया, लेकिन इस दौरान ही आरोपी ने दम तोड़ दिया। आरोपी की पहचान जसीम उर्फ छोटू के रूप में हुई, जिसने भांजी के साथ दरिंदगी कर उसकी हत्या कर दी थी। दोनों पुलिसकर्मियों की हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है। फरार दो आरोपियों को पुलिस तलाश रही है।
आरोपी जसीम पहले भी जेल जा चुका है। उसे मुजफ्फरनगर पुलिस ने जानलेवा हमले के मामले में गिरफ्तार किया था। इसके बाद ही वह परिवार को छोड़कर भांजी के घर के पास किराये के कमरे पर लगा था। पुलिस को बच्ची के शव के पास सीरिंज और नशीला दवा मिली थी। शुरुआती जांच में सामने आया है कि आरोपी नशे का आदी था और उसने नशे में ही वारदात को अंजाम दिया था। जसीम की गिरफ्तारी पर 50 हजार रुपये का इनाम घोषित था। बदमाशों से मुठभेड़ में एक राउंड से अधिक गोलियां चलीं। 10 खोखे पुलिस ने बरामद कर लिए हैं। पुलिस के मुताबिक एक साथ तीनों बदमाशों ने पुलिस पर गोली चलाई थी। पुलिस की ओर से चार से पांच राउंड फायरिंग की गई थी। बरामद बाइक दिल्ली से चोरी की गई थी।
ट्रांस हिंडन प्रभारी पुलिस उपायुक्त धवल जायसवाल ने बताया, बच्ची से दुष्कर्म के बाद हत्या करने के आरोपी की पुलिस से मुठभेड़ हुई थी। इस दौरान घायल आरोपी की अस्पताल में मौत हो गई। दो पुलिसकर्मी भी घायल हुए हैं। आगे की जांच की जा रही है।




साइन इन