दिल्ली में कैसे मार डाला गया तरुण, गुब्बारे के रंग से क्यों इतना बड़ा बवाल; उत्तमनगर कांड की पूरी कहानी
एक हिंदू राजनीतिक संगठन के सदस्यों ने भी पुलिस को 24 घंटे का अल्टीमेटम दिया है, जिसमें तरुण की मौत और पीड़ित परिवार पर हुए हमले में शामिल सभी आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग की गई है।

दिल्ली के उत्तम नगर में बुधवार की रात होली खेल रही 11 साल की बच्ची को नहीं मालूम था कि वह अपने परिवार के सदस्य पर जो पानी का गुब्बारा फेंक रही है, उसके छींटे किसी को इतने नागवार गुजरेंगे कि वह इलाके में सांप्रदायिक तनाव का कारण बन जाएंगे। उसे नहीं पता था कि वह गुब्बारा उसके परिवार के लिए तेजाब की तरह साबित होगा, जिसकी चपेट में उसका पूरा परिवार आ जाएगा। उसे यह भी नहीं मालूम था कि उस गुब्बारे से निकले पानी की वजह से परिवार ना केवल एक अनचाहे विवाद में पड़ जाएगा, बल्कि उसके परिवार के 26 साल के युवक तरुण की जान भी चली जाएगी। हम बात कर रहे हैं, शहर के उत्तम नगर की जेजे कॉलोनी में होली की रात हुए एक ऐसे विवाद की, जिसने पूरे देश को झकझोर कर रख दिया है।
इस विवाद की शुरुआत एक महिला पर रंग वाले पानी के छींटे लगने से हुई। उस लड़की ने अपने घर के नीचे खड़े अपने रिश्तेदारों पर एक पानी का गुब्बारा फेंका था, जो सड़क पर जा गिरा और फट गया, जिसके बाद रंगीन पानी के कुछ छींटे पड़ोस में रहने वाले दूसरे समुदाय की एक महिला को जा लगे। जिसके बाद हुए विवाद में हिंदू परिवार के युवक की जान चली गई। इस मामले में पुलिस ने शुक्रवार को चार लोगों को गिरफ्तार कर लिया, साथ ही एक नाबालिग को भी हिरासत में लिया। जबकि घटना में शामिल अन्य लोगों की पहचान करने और उन्हें पकड़ने के लिए पुलिस लगातार छापेमारी कर रही है। साथ ही व्याप्त तनाव को देखते हुए पुलिस कोई कोताही नहीं बरत रही है और अतिरिक्त सुरक्षा बलों को तैनात करते हुए इलाके में कड़ी सुरक्षा की गई है।
रंग के छींटे लगते ही गालियां देने लगी महिला
दरअसल गुब्बारे में भरे पानी के छींटे लगने के बाद पड़ोस में रहने वाली वह महिला ना केवल भड़क गई, बल्कि उसने गंदी-गंदी गालियां देकर विवाद करना शुरू कर दिया। इसी दौरान उसने अपने परिजनों व अपने समुदाय के अन्य लोगों को बुला लिया और होली खेल रहे परिवार पर हमला किया। इस दौरान आरोपियों ने वहां मारपीट करते हुए जमकर तोड़फोड़ भी की। पीड़ित परिवार ने जैसे-तैसे अपने आप को घर के अंदर बंद करते हुए उनसे बचाया। इस झगड़े के दौरान परिवार का सदस्य तरुण अपने दोस्त के घर गया हुआ था और वो इस झगड़े से बेखबर था।

8-10 लोगों ने लाठी-पत्थर और लोहे की रॉड से किया हमला
होली खेलने निकला तरुण रात करीब 10.30 बजे अपने दोस्त के घर से वापस लौट रहा था, इसी दौरान रास्ते में करीब 8 से 10 आरोपियों ने उसे घेर लिया और उसके साथ मारपीट शुरू कर दी। इस दौरान आरोपियों ने लाठी, पत्थर और लोहे की रॉड से तरुण को बेरहमी से पीटा। जब वह बेसुध हो गया तो आरोपी मौके से फरार हो गए। परिजनों को झगड़े का पता चला तो वह मौके पर पहुंचे और उसे नजदीकी अस्पताल में भर्ती किया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। वारदात की सूचना मिलते ही उत्तम नगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंप दिया।
तरुण की मौत की खबर आते ही फैल गया इलाके में तनाव
तरुण की मौत की खबर जैसे ही पता चली तो उसके दोस्त, परिचित और इलाके में रहने वाले अन्य लोग बुरी तरह भड़क गए और उन्होंने आरोपियों के घर के बाहर तोड़फोड़ शुरू कर दी। इसी दौरान शुक्रवार को भारी पुलिस बल की तैनाती के बीच कुछ लोगों ने एक कार और एक मोटरसाइकिल को आग लगा दी। जिसके बाद दमकल की गाड़ियों को तुरंत मौके पर भेजा गया, जिन्होंने आग पर तुरंत काबू पा लिया। इसी बीच कुछ प्रदर्शनकारियों ने कथित तौर पर आरोपी परिवार के घर पर हमला करने की कोशिश की, जिसके बाद पुलिस कर्मियों ने हस्तक्षेप करते हुए स्थिति और बिगड़ने से पहले भीड़ को तितर-बितर कर दिया।
परिजनों ने की आरोपियों को सख्त से सख्त सजा देने की मांग
उधर बेटे तरुण की मौत के बाद पीड़ित परिवार का रो-रोकर बुरा हाल था। परिवार की एक महिला ने न्याय की मांग करते हुए कहा कि घटना के सभी आरोपियों को कड़ी से कड़ी सजा देने की मांग की। वहीं परिवार के कुछ सदस्यों ने आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी नहीं होने पर सड़कों को जाम करने की चेतावनी भी दे दी। मामला तब और गंभीर होने लगा जब मामले में हिंदूवादी संगठन के सदस्यों की भी एंट्री हो गई। एक हिंदू राजनीतिक संगठन के सदस्य भी थाने पहुंचे और विरोध प्रदर्शन में शामिल हो गए, नारे लगाए और घटना में शामिल सभी लोगों की तत्काल गिरफ्तारी की मांग की।

पुलिस ने मामले में चार लोगों को गिरफ्तार किया
हालांकि शुक्रवार को पुलिस ने बताया कि इस वारदात के संबंध में चार लोगों को गिरफ्तार किया गया है और एक नाबालिग को हिरासत में लिया गया है, जबकि घटना में शामिल अन्य लोगों की पहचान करने और उन्हें पकड़ने के प्रयास जारी हैं। अधिकारी ने कहा कि इलाके में सुरक्षा कड़ी कर दी गई है और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए एहतियात के तौर पर अतिरिक्त बल तैनात किए गए हैं।
मृतक के दादा बोले- आरोपियों ने सीने पर भी पत्थर मारा
आरोपियों के हमले में मृतक तरुण के दादा मान सिंह भी घायल हो गए। उन्होंने घटना की जानकारी देते हुए बताया कि पानी के छींटे गिरने के बाद महिला ने उन्हें अपशब्द कहे थे और जल्द ही अपने परिवार के कई सदस्यों को इकट्ठा कर लिया, जिन्होंने कथित तौर पर होली खेल रहे लोगों पर हमला किया। उन्होंने आरोप लगाया कि हालांकि शुरू में स्थिति शांत होती दिखी, लेकिन बाद में लोगों का एक समूह फिर से इकट्ठा हुआ और तरुण पर उस समय हमला कर दिया जब वह अपने दोस्तों के साथ होली खेलकर घर लौट रहा था।
सिंह ने दावा किया, 'उन्होंने उसे बेरहमी से पीटा और जब वह सड़क पर पड़ा था तो उसके सीने पर एक बड़ा पत्थर भी फेंका।' उधर तरुण के चाचा रमेश ने भी आरोप लगाया कि युवक पहले हुए विवाद से अनजान था और जब उसने गली में प्रवेश किया तो लाठी, डंडे और पत्थरों से लैस आठ से दस लोगों के समूह ने उस पर हमला कर दिया।
पुलिस ने कहा कि स्थिति पर करीब से नजर रखी जा रही है और इलाके के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज की जांच की जा रही है। गवाहों के बयान भी दर्ज किए जा रहे हैं। पुलिस ने इस मामले में प्राथमिकी दर्ज कर ली है और आगे की जांच जारी है। पुलिस द्वारका के उपायुक्त (डीसीपी) कुशल पाल सिंह ने कहा, 'पुलिस टीमों ने चार लोगों को गिरफ्तार किया है और एक नाबालिग को हिरासत में लिया है।' (एजेंसी इनपुट के साथ)




साइन इन