दिल्ली में 6 साल के बच्चे की गला रेत कर हत्या; मां का हाथ होने का शक
दिल्ली के रणहौला में एक 6 साल के बच्चे की गला रेतकर हत्या कर दी गई। बच्चा मंगलवार से अपनी मां के साथ लापता था। परिवार ने मां पर अवैध संबंधों के कारण हत्या का आरोप लगाया है। पुलिस को घटनास्थल पर चाकू और रॉड मिले हैं। पुलिस मामले की जांच कर मां की तलाश कर रही है।

दिल्ली के रणहौला इलाके में एक निर्माणाधीन इमारत में 6 साल के बच्चे की गला रेतकर हत्या कर दी गई। बच्चा मंगलवार से अपनी मां के साथ लापता था। परिवार ने आरोप लगाया है कि बच्चे की मां के किसी अन्य व्यक्ति से अवैध संबंध थे जिसके कारण अक्सर घर में झगड़ा होता था। परिवार का मानना है कि इस हत्या में मां का हाथ है। पुलिस को मौके से चाकू और लोहे की रॉड मिली है। पुलिस को संदेह है कि हत्या कहीं और की गई और शव बाद में यहां फेंका गया। पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर मां की तलाश शुरू कर दी है।
पिता करते है मजदूरी
मृतक की पहचान रणहौला मंगल बाजार निवासी छह वर्षीय लवकुश के रूप में हुई है। वह अपनी मां सरिता देवी, पिता पच्चू महतो और दो बहन व भाई के साथ रहता था। पिता बेलदारी का काम करते हैं।
मां पर हत्या के बाद लापता होने का शक
एक अधिकारी ने बताया कि रणहौला इलाके में गुरुवार को एक छह साल के बच्चे की गला रेतकर हत्या करने का मामला सामने आया है। परिजनों ने बच्चे की मां पर हत्या के बाद लापता होने का शक जताया है। पुलिस मामला दर्ज करके बच्चे की मां की तलाश कर रही है और शव का पोस्टमॉर्टम कर परिजनों को सौंप दिया है।
मौके से लोहे की रॉड और चाकू बरामद
गुरुवार सुबह करीब 12 बजे मंगल बाजार स्थित निर्माणाधीन इमारत में लवकुश का खून से लथपथ हालत में शव मिला तो परिजनों ने मामले की सूचना पुलिस को दी। शव को कब्जे में लेकर मोर्चरी में रखवाने के साथ ही क्राइम व एफएसएल की टीमों ने मौके से जरूरी सुराग जुटाए। मौके से लोहे की रॉड व एक चाकू बरामद हुआ है।
लवकुश को उसकी मां ही लेकर गई
परिजनों का दावा है कि बच्चे का शव मिलने के बाद से उसकी मां सरिता देवी लापता है जबकि मंगलवार शाम करीब साढ़े चार बजे लवकुश को उसकी मां ही लेकर गई थी। उसके बाद से दोनों वापस नहीं आए। पुलिस अधिकारी ने बताया कि मां की तलाश में दिल्ली के अलावा बिहार भी पुलिस की टीमें भेजी गई हैं और आरोपों की जांच की जा रही है। बच्चे की मां को पकड़े जाने के बाद ही मामला साफ हो सकेगा।
माता-पिता में अक्सर होता था झगड़ा
परिजनों का कहना है कि मृतक के मां बाप के बीच अक्सर झगड़ा होता रहता था। इसके पीछे की वजह मां का किसी अन्य से प्रेम संबंध होने को बताया जा रहा है। मृतक के परिजनों को शक है कि इस हत्या के पीछे लवकुश की मां और उसके प्रेमी का हाथ हो सकता है। कई बार उसकी मां झगड़े के बाद प्रेमी के साथ रहने चली जाती थी। इस बार वह मंगलवार को बच्चे को भी अपने साथ लेकर गई थी।




साइन इन