ट्रिपल सिस्टर सुसाइड: बिके हुए फोन ढूंढेगी पुलिस, क्या ‘कोरियन गेम’ बना मौत की वजह?
अब पुलिस उन फोन को खोजने में जुटी हुई है, ताकि डिवाइस से डाटा निकालकर वेरिफाई किया जा सके- क्या लड़कियां सच में कोई टास्क बेस्ड ऑनलाइन गेम खेल रहीं थीं। जिसके चलते ही उन्होंने एक साथ आत्महत्या की।

गाजियाबाद में आत्महत्या करने वाली तीनों नाबालिग बहनें क्या कोरियन गेम की लत का शिकार थीं? क्या गेमिंग के जुनून के चलते ही तीनों सगी बहनों ने आत्महत्या की? इन सवालों के सही जवाब पता लगाने के लिए लड़कियों द्वारा इस्तेमाल किए जाने वाले फोन की जांच-पड़ताल जरूरी है। इसी कड़ी में पुलिस को एक बढ़त मिली है। पुलिस को उन फोन के IMEI नंबर मिल गए हैं, जिनका लड़कियां इस्तेमाल कर रही थीं।
मगर एक समस्या ये है कि पिता ने उन फोन को बेच दिया था। इसलिए अब पुलिस उन फोन को खोजने में जुटी हुई है, ताकि डिवाइस से डाटा निकालकर वेरिफाई किया जा सके- क्या लड़कियां सच में कोई टास्क बेस्ड ऑनलाइन गेम खेल रहीं थीं। जिसके चलते ही उन्होंने एक साथ आत्महत्या जैसा खौफनाक कदम उठाया और 9वीं मंजिल से कूदकर खुदको खत्म कर लिया।
पिता का दावा- बेटियां गेमिंग की शिकार थीं
पुलिस ने जांच के हिस्से के तौर पर घटनाओं के सीक्वेंस को रिक्रिएट करते हुए गुरुवार को लड़कियों के पिता और उनकी पत्नी से करीब दो घंटे तक पूछताछ की। पुलिस का कहना है कि इस मामले को सुसाइड माना जा रहा है। पिता ने दावा किया है कि लड़कियां ऑनलाइन गेमिंग की लत का शिकार थीं। अब पुलिस इन दावों को भी वेरिफाई करने में जुटी है कि आखिर पूरा मामला क्या है।
पिता ने बेंच दिए थे फोन, पुलिस को मिले IMEI नंबर
डीसीपी (ट्रांस-हिंडन) निमिश पाटिल ने बताया- "लड़कियों के पिता चेतन कुमार ने निशिका के लिए करीब 3 महीने पहले और प्राची के लिए करीब 15 दिन पहले एक मोबाइल फोन खरीदा था। “कोरियन कल्चर के प्रति उनके बढ़ते जुनून को देखकर, पिता ने दोनों फ़ोन ज़ब्त कर लिए थे, जिसे बाद में बेच दिया था। हमें डिवाइस के IMEI नंबर मिल गए हैं।”
फोन का डाटा रिकवर करके पता चलेगा सच
DCP ने PTI को बताया, "हमारा पहला कदम खरीदारों का पता लगाना और फोन रिकवर करना होगा, जिसके बाद हम उनसे डेटा निकालकर यह वेरिफाई करेंगे कि किस तरह के ऑनलाइन गेम या एप्लिकेशन इस्तेमाल किए जा रहे थे।"
शुरूआती जांच में मिले सबूत अहम
आखिरी में आपको बताते चलें- पुलिस को अब तक कोरियन टास्क-बेस्ड एप्लिकेशन के इस्तेमाल की पुष्टि करने वाला कोई सबूत नहीं मिला है। इसलिए कोरियन गेम के चलते सुसाइड की पुष्टि होना अभी बाकी है। लेकिन शुरूआती जांच में मिले सबूतों को नजरअंदाज नहीं किया जा सकता है। शुरूआती जांच में गुरुवार को बहनों के कमरे से मिली नौ पेज की पॉकेट डायरी शामिल है, कोरियन कल्चर से गहरे लगाव और कथित पारिवारिक कलह की ओर इशारा करती है।




साइन इन