सावधान! दिल्ली की इन 5 जगहों पर ट्रैफिक नियम तोड़े तो पड़ जाएंगे लेने के देने, चलाया जा रहा खास अभियान
इसका नाम है- ‘जीरो टॉलरेंस’ प्रवर्तन अभियान। इसके तहत शहर के 5 सबसे व्यस्त सड़क और चौराहों की पहचान की गई है। यहां अब नियम तोड़ने वालों के खिलाफ बिना किसी रियायत के सख्त कार्रवाई की जाएगी।

दिल्ली ट्रैफिक पुलिस ने राजधानी की भीड़भाड़ और लगातार सामने आ रहे ट्रैफिक उल्लंघन के मामलों पर लगाम कसने के लिए एक खास अभियान लागू किया है। इसका नाम है- ‘जीरो टॉलरेंस’ प्रवर्तन अभियान। इसके तहत शहर के 5 सबसे व्यस्त सड़क और चौराहों की पहचान की गई है। यहां अब नियम तोड़ने वालों के खिलाफ बिना किसी रियायत के सख्त कार्रवाई की जाएगी।
अभियान वाली 5 जगहें कौन सी हैं
दिल्ली ट्रैफिक पुलिस के एक सीनियर अफसर ने बुधवार को इन पांचों जगहों के बारे में बताया, जिन्हें इसके लिए चुना गया है। इनमें मधुबन चौक, रिठाला मेट्रो स्टेशन, शाहबाद डेयरी, बदली मेट्रो स्टेशन और नरेला क्षेत्र का सूफियाबाद क्रॉसिंग शामिल हैं। ट्रैफिक आकलन के दौरान इन जगहों पर लगातार जाम, बार-बार नियम को ताक पर रखकर गाड़ियां चलाने, पीक आवर्स में भारी वाहनों की आवाजाही सामने आई है।
8270 चालाना और नियम उलंघन की वजह
पुलिस के मुताबिक, 16 जनवरी से 1 फरवरी के बीच चलाए गए अभियानों के दौरान 8,270 चालान काटे गए, जबकि 1,000 से अधिक वाहनों को गलत या नो-पार्किंग जोन में खड़े होने पर टो किया गया। इसके अलावा 37 वाहनों को जब्त (इंपाउंड) भी किया गया है।
आंकड़ों के अनुसार, जनवरी महीने में मॉडल टाउन सर्कल के तहत आने वाला आजादपुर चौक सबसे ज्यादा सख्त निगरानी वाला चौराहा रहा, जहां अकेले 2,794 ई-चालान जारी किए गए। यह इलाका थोक बाजारों से घिरा हुआ है और यहां गलत दिशा में वाहन चलाना, ई-रिक्शा की अवैध पार्किंग, स्टॉप लाइन उल्लंघन और रेड लाइट जंप जैसी समस्याएं लंबे समय से बनी हुई हैं। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि इस चौराहे पर अभियान के दौरान किसी भी उल्लंघन को नजरअंदाज नहीं किया गया।
यहां भी दनादन कटे हैं चालान
वहीं, अशोक विहार सर्कल के तहत शालीमार बाग चौक में इसी दौरान 2,037 चालान किए गए। इसके अलावा करोल बाग के बीकानेर चौक पर 16 जनवरी से 1 फरवरी के बीच 4,233 चालान काटे गए और 968 वाहनों को टो किया गया। यह अभियान खासतौर पर नो-एंट्री उल्लंघन, अवैध पार्किंग और यातायात बाधित करने वाली गतिविधियों पर केंद्रित रहा।
नियम उलंघन के चलते चलेगा अभियान
दिल्ली ट्रैफिक पुलिस ने साफ किया है कि जीरो टॉलरेंस ड्राइव के तहत रेड लाइट जंप, गलत साइड ड्राइविंग, स्टॉप लाइन उल्लंघन, खतरनाक ड्राइविंग और अवैध पार्किंग पर सख्त कार्रवाई जारी रहेगी। प्रत्येक चुनी गई जगह पर स्पेशल ट्रैफिक टीमें तैनात की जाएंगी। यहां कैमरों व ऑन-ग्राउंड निगरानी के जरिए नियम उल्लंघन पर तुरंत कार्रवाई की जाएगी, ताकि यातायात सुचारू बना रहे और पैदल यात्रियों को किसी भी तरह की समस्या पैदा न हो।




साइन इन