55 गिरफ्तार, 4.8 करोड़ जब्त, 1.5 करोड़ बैंक में फ्रीज; दिल्ली पुलिस का साइबर क्राइम पर बड़ा हमला
पुलिस ने इस दौरान 55 आरोपियों को गिरफ्तार किया। ठगी की रकम में से 4.84 करोड़ रुपये बरामद किए। वहीं 1.55 करोड़ रुपये अलग-अलग बैंकों में फ्रीज किए।

दिल्ली पुलिस ने साइबर ठगी के खिलाफ बड़ी जीत दर्ज की। पुलिस ने एक महीने के भीतर इंटरस्टेट साइबर फ्रॉड सिंडिकेट्स का पर्दाफाश किया। पुलिस ने इस दौरान 55 आरोपियों को गिरफ्तार किया। ठगी की रकम में से 4.84 करोड़ रुपये बरामद किए। वहीं 1.55 करोड़ रुपये अलग-अलग बैंकों में फ्रीज किए। इसके अलावा कोर्ट के आदेश पर करीब 39 लाख रुपये पीड़ितों को वापस भी दिलाए गए हैं।
एक साथ कई राज्यों में हुई छापेमारी
दिल्ली पुलिस के अनुसार यह कार्रवाई जनवरी महीने में चलाई गई एक विशेष मुहिम के तहत की गई है। इसमें वित्तीय लेन-देन (फाइनेंशियल ट्रेल) का एनालिसिस और कई राज्यों में एक साथ छापेमारी की गई है। इस ऑपरेशन के तहत तमिलनाडु, महाराष्ट्र, झारखंड, उत्तर प्रदेश, राजस्थान, गुजरात, मध्य प्रदेश और दिल्ली में छापे मारकर आरोपियों को गिरफ्तार किया गया।
पश्चिमी दिल्ली के डीसीपी क्या बोले
पश्चिमी दिल्ली के डीसीपी दरदे शरद भास्कर ने बताया- जनवरी महीने में कुल 20 साइबर मामलों की जांच की गई। इनमें से 13 मामलों का निपटारा कर दिया गया है। पूरे अभियान की शुरुआत जनकपुरी में रहने वाले एक रिटायर्ड केंद्र सरकार के कर्मचारी की शिकायत से हुई थी, जिसे ‘डिजिटल अरेस्ट’ के नाम पर 15 लाख रुपये की ठगी का शिकार बनाया गया था। साइबर ठगों ने खुद को कानून प्रवर्तन और राजस्व विभाग का अधिकारी बताकर पीड़ित को गिरफ्तारी की धमकी दी थी।
गोंडा से 3 आरोपी गिरफ्तार
जांच के दौरान पुलिस ने उत्तर प्रदेश के गोंडा से तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया। जांच में सामने आया कि अवैध तरीके से बड़ी संख्या में सिम कार्ड जारी कराए जाते थे, जिन्हें बाद में ई-सिम में बदला जाता था। इन ई-सिम के क्यूआर कोड विदेश में बैठे ऑपरेटरों को कमीशन के बदले भेजे जाते थे, जिनका इस्तेमाल ठगी की कॉल करने में होता था।
एक अन्य मामले में सोशल मीडिया ग्रुप के जरिए फर्जी निवेश योजनाओं में 14.35 लाख रुपये की ठगी की गई। इस केस में उत्तर प्रदेश और दिल्ली से तीन आरोपी गिरफ्तार किए गए। पुलिस ने इनके पास से मोबाइल फोन, एटीएम कार्ड, चेकबुक, सिम कार्ड, आधार कार्ड और नकदी बरामद की।
पुलिस ने बताया क्या बरामद हुआ
पुलिस ने बताया कि कुल मिलाकर 100 से अधिक मोबाइल फोन, 400 से ज्यादा सिम कार्ड, करीब 50 एटीएम/डेबिट कार्ड, 15 से अधिक चेकबुक, नकदी और एक वाहन बरामद किया गया है। मामले में आगे की जांच जारी है और बाकी रकम की बरामदगी व अन्य आरोपियों की तलाश की जा रही है।




साइन इन