MLA के बेटे ने थार से 5 को रौंदा, पहले भी कर चुका कांड; पिता बोले- पुत्र नहीं कानून बड़ा, एक्शन हो
एक्सीडेंट को अंजाम देने का आरोप करैरा विधायक प्रीतम लोधी के बेटे दिनेश लोधी पर है। बताया गया है कि जिम जाते समय विधायक का बेटा लापरवाही से थार चला रहा था, तभी उसने सड़क पर बाइक और पैदल जा रहे लोगों को टक्कर मार दी।

मध्य प्रदेश के शिवपुरी जिले से थार गाड़ी द्वारा 3 मजदूरों और 2 महिलाओं को टक्कर मारने का मामला सामने आया है। एक्सीडेंट को अंजाम देने का आरोप करैरा विधायक प्रीतम लोधी के बेटे दिनेश लोधी पर है। बताया गया है कि जिम जाते समय विधायक का बेटा लापरवाही से थार चला रहा था, तभी उसने सड़क पर बाइक और पैदल जा रहे लोगों को टक्कर मार दी। इस घटना में सभी पांचों घायल हुए हैं। पुलिस ने मामला दर्ज करके जांच शुरू कर दी है।
सवाल करने पर डराने-धमकाने लगा
घायल आशीष परिहार और अंशुल परिहार ने बताया कि गाड़ी विधायक के बेटे दिनेश लोधी चला रहे थे। एक्सीडेंट करने वाली थार का वीडियो सामने आया है। इसमें गाड़ी के आगे “प्रीतम लोधी” और पीछे “MLA” लिखा हुआ दिख रहा है। जब विधायक के बेटे से एक्सीडेंट करने पर सवाल किया गया, तो दिनेश लोधी ने बहस करनी शुरू कर दी। विधायक के बेटे ने लोगों को डराया-धमकाया भी।
धमकाकर बंद करा दी वीडियो रिकॉर्डिंग
हादसे के बाद जब स्थानीय व्यक्ति ने कैमरा ऑन कर पूछा- गाड़ी में ब्रेक नहीं है क्या? इस पर विधायक के बेटे ने बरसते हुए कहा- जब मैं सायरन और हॉर्न दे रहा हूं, तो गाड़ी को लहरा काहे रहे थे। बाइक पर तीन-तीन लोग बैठकर गाड़ी लहरा रहे थे। वहीं जब सड़क पर चल रहे लोगों को टक्कर मारने के बारे में पूछा, तो आरोपी ने धमकाना शुरू कर दिया। इस पूरी घटना का एक लड़का वीडियो बना रहा था, विधाय के बेटे ने उससे कहा- वीडियो मत बनाओ बेटा और फिर उसका कैमरा बंद करा दिया।


पिता बोले- पुत्र परिवार बड़ा नहीं होता, एक्शन हो
वहीं हादसे के बाद विधायक प्रीतम लोधी ने फेसबुक पर आरोपी बेटे के खिलाफ कार्रवाई करने की बात कही है। उन्होंने लिखा विधायक के लिए पुत्र परिवार बड़ा नहीं होता। जनता सर्वोपरि है। पुलिस प्रशासन करेरा के पीड़ितों को न्याय दिलवाए। पुलिस ने बताया कि आरोपी दिनेश लोधी के खिलाफ अपराध क्रमांक 255/26 के तहत भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 281 और 125(ए) के तहत केस दर्ज कर लिया है। मामले की जांच जारी है।
विधायक का बेटा पहले भी कर चुका है कांड
आपको बताते चलें, इससे पहले भी भाजपा विधायक के बेटे दिनेश लोधी ने स्कॉर्पियो से यादव परिवार के घर के बाहर खड़ी एक्टिवा को टक्कर मार दी थी। इसके अलावा दो साल के बच्चे को भी कुचलने का प्रयास किया था। यहां पीड़ित परिवार से बात की, तब दोनों की रंजिश की कहानी सामने आई।
विधायक और बेटे में चल रहा मतभेद
बीजेपी विधायक प्रीतम लोधी जिस गांव के हैं, वह ग्वालियर के पुरानी छावनी थाना क्षेत्र स्थित जलालपुरा गांव की 75 फीसदी आबादी लोधी समाज की है। 25 फीसदी में अन्य समाज आती हैं। सबसे खास बात ये है कि बीजेपी विधायक प्रीतम लोधी और बेटे में आपसी मतभेद रहते है, यही वजह की कई बार दोनों का मामला सोशल मीडिया पर कई देखा गया है।




साइन इन