दिल्ली के गेस्ट हाउस में नशा करके किया झगड़ा, प्रेमिका बेहोश हुई तो प्रेमी ने लगाई फांसी
मृतक की पहचान जावेद के रूप में हुई है। पुलिस की शुरुआती जांच में यह बात सामने आई है कि युवक ने अपनी प्रेमिका को मृत समझकर खौफ में आकर आत्महत्या का कदम उठा लिया।

दक्षिण पूर्वी दिल्ली के कालकाजी इलाके से एक बेहद सनसनीखेज मामला सामने आया है। यहां स्थित एक गेस्ट हाउस में 28 वर्षीय एक युवक ने पंखे से लटककर अपनी जान दे दी। मृतक की पहचान जावेद के रूप में हुई है। पुलिस की शुरुआती जांच में यह बात सामने आई है कि युवक ने अपनी प्रेमिका को मृत समझकर खौफ में आकर आत्महत्या का कदम उठा लिया।
जब युवती को होश आया तो युवक को पंखे से लटका देखकर उसके पैरों के नीचे से जमीन खिसक गई। रोने और चीखने चिल्लाने की आवाज सुनकर कर्मचारी कमरे में आए। उसके बाद पुलिस को सूचित किया गया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल की मोर्चरी में सुरक्षित रखवा दिया है। क्राइम और एफएसएल की टीमों ने मौके से जरूरी सुराग जुटाए हैं। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।
पहले नशा, फिर झड़गा और लड़के ने लगाई फांसी
पुलिस के अनुसार, बुधवार को जावेद एक लड़की के साथ कालकाजी के के-51 ब्लॉक स्थित गेस्ट हाउस में ठहरने आया था। बताया जा रहा है कि कमरे में दोनों ने कथित तौर पर नशा किया था, जिसके बाद किसी बात को लेकर उनके बीच तीखी बहस और झगड़ा हो गया। इसी आपसी विवाद के दौरान लड़की अचानक बेहोश हो गई। लड़की को जमीन पर बेहोश पड़ा देखकर जावेद बुरी तरह घबरा गया। उसे लगा कि झगड़े के दौरान उसकी प्रेमिका की मौत हो गई है। इसी डर और घबराहट में आकर उसने कमरे में लगे पंखे से लटक कर आत्महत्या कर ली।
होश आने पर प्रेमिका ने मचाया शोर
कुछ समय बाद जब लड़की को होश आया, तो उसने सामने जावेद को पंखे से लटका हुआ पाया। यह खौफनाक मंजर देखकर वह बुरी तरह डर गई और रोते हुए उसने चीख-पुकार मचानी शुरू कर दी। शोर सुनकर गेस्ट हाउस में हड़कंप मच गया और तुरंत पुलिस को सूचना दी गई।
पुलिस और फॉरेंसिक टीम की जांच जारी
घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस और फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंच गई और साक्ष्य जुटाने शुरू कर दिए। पुलिस ने शव को कब्जे में ले लिया है। वहीं, पुलिस लड़की को भी पूछताछ के लिए अपने साथ ले गई है। फिलहाल लड़की का नाम उजागर नहीं किया गया है, युवती का बयान दर्ज किया जा रहा है। पुलिस इस पूरे मामले की गहनता से जांच कर रही है।




साइन इन