Gas leak in Indore, people flee their homes after experiencing eye irritation and breathing problems इंदौर में अमोनिया गैस का रिसाव; आंखों में जलन, सांस की तकलीफ और उल्टी होने पर घरों से निकले लोग, Madhya-pradesh Hindi News - Hindustan
More

इंदौर में अमोनिया गैस का रिसाव; आंखों में जलन, सांस की तकलीफ और उल्टी होने पर घरों से निकले लोग

पुलिस अधिकारियों ने बताया कि कोई कबाड़ी फैक्ट्री से अमोनिया का सिलेंडर ले आया था और उसे काट रहा था, इसी कारण अचानक से यह गैस रिसाव हो गया और इलाके में धीरे-धीरे यह गैस फैल गई।

Thu, 26 Feb 2026 11:31 PMSourabh Jain लाइव हिन्दुस्तान, इंदौर, मध्य प्रदेश
share
इंदौर में अमोनिया गैस का रिसाव; आंखों में जलन, सांस की तकलीफ और उल्टी होने पर घरों से निकले लोग

मध्य प्रदेश में इंदौर के मध्य रावजी बाजार थाना क्षेत्र में गुरुवार रात को उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब कुछ लोगों को अचानक आंखों में जलन और सांस लेने में दिक्कतें होने के साथ ही जी मचलाने लगा। इसके बाद उन्होंने पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने दमकल कर्मियों को भी बुलाया। इस दौरान पता चला कि इलाके में मौजूद एक कबाड़ी की दुकान पर रखे सिलेंडर से किसी गैस का रिसाव हो रहा है और उसी की वजह से इलाके के रहवासियों को यह सारी तकलीफें हो रही हैं। पुलिस ने उस कबाड़ी को हिरासत में ले लिया है।

घटना के बाद पुलिस के आला अधिकारी भी मौके पर पहुंचे, इस दौरान दमकल विभाग द्वारा रावजी बाजार थाना क्षेत्र में स्थित एक कबाड़ी की दुकान से उस सिलेंडर को भी बरामद कर लिया गया, जिसमें से गैस रिसाव हो रहा था। प्रशासन ने बताया कि वह अमोनिया गैस का सिलेंडर है, और उसे काटने के दौरान उससे गैस का रिसाव शुरू हो गया। जिसके बाद प्रशासन ने उस रिसाव को रोकने की कोशिशें शुरू कर दीं। हालांकि अधिकारियों ने बताया कि यह गैस जहरीली नहीं है, लेकिन इस गैस की वजह से लोगों को आंखों में जलन और सांस लेने में दिक्कत हो सकती है।

पुलिस ने भीड़ में खड़े लोगों को हटने को कहा

इस घटना के बारे में जानकारी देते हुए इंदौर के एडिशनल डीसीपी दिशेष अग्रवाल ने बताया कि ‘एक कबाड़ी किसी फैक्ट्री से एक सिलेंडर खरीदकर ले आया था और उसे काट रहा था, इसी दौरान उसमें से अचानक इस गैस का रिसाव होने लगा और धीरे-धीरे पूरे इलाके में यह गैस फैल गई। जिसकी वजह से लोगों को आंखों में जलन और सांस लेने में तकलीफ होने लगी।' जिस जगह पर रिसाव हुआ वहां पर भीड़ के रूप में खड़े लोगों से पुलिस ने हटने की अपील की साथ ही उन्हें यह भी बताया कि घबराने की जरूरत नहीं है।

प्रशासन बोला- डरने की जरूरत नहीं, गैस जहरीली नहीं

उन्होंने बताया कि सूचना मिलने पर तत्काल पुलिस की टीम यहां पहुंची, और उसने ही दमकल विभाग को भी सूचना दी। इसके बाद पुलिस और दमकलकर्मियों ने मिलकर उस सिलेंडर पर लगातार पानी डालते हुए गैस के रिसाव को रोकने की कोशिश की। इसके साथ ही दमकल कर्मियों ने सिलेंडर में जिस जगह से गैस का रिसाव हो रहा था, उस नॉब को टाइट करते हुए गैस रिसाव को रोकने की कोशिश की।’ हालांकि सफलता नहीं मिलने पर प्रशासन द्वारा पानी के जरिए उसके असर को कम करने के प्रयास किए जा रहे हैं।

जिस सिलेंडर से लीकेज हुआ, उसे बंद करते हुए फायर ब्रिगेड कर्मचारी।

पुलिस ने आरोपी कबाड़ी को हिरासत में लिया

पुलिस ने बताया कि शहजाद नाम के जिस व्यक्ति की गलती से यह पूरी घटना हुई है, उसे अभिरक्षा में ले लिया गया है और उसके खिलाफ वैधानिक कार्रवाई की जा रही है। पुलिस ने बताया कि सिलेंडर से अमोनिया गैस का रिसाव हुआ था। उन्होंने बताया कि इसकी वजह से कुछ लोगों को सांस लेने में परेशानी हुई थी, हालांकि उन्होंने इस घटना के कारण प्रभावित हुए लोगों की संख्या के बारे में जानकारी नहीं होने की बात कही। हालांकि राजा नाम के एक चश्मदीद ने उल्टी करने वाले दो से तीन बच्चों को अस्पताल ले जाने की बात कही।

read moreये भी पढ़ें:
ये भी पढ़ें:2100 कीलों पर लेटकर राजस्थान के खाटूश्यामजी पहुंचा MP का सोनू
ये भी पढ़ें:MP में 50 किन्नरों की हुई सनातन धर्म में वापसी, प्रताड़ित होकर किया था धर्मांतरण
ये भी पढ़ें:MP: बेटी के भागने से नाराज पिता बना बुलडोजर बाबा, JCB से गिरवा दिया दामाद का घर
ये भी पढ़ें:झारखंड व यूपी से MP के लिए शुरू हुई 2 नई ट्रेन, जानिए किन-किन स्टेशनों पर रुकेगी

पुलिस अधिकारी ने बताया कि घटना की सूचना मिलने के बाद वरिष्ठ अधिकारी भी मौके पर पहुंच रहे हैं, लेकिन कुछ व्यक्तियों को अस्पताल में भर्ती होने की जानकारी भी सामने आई है। हालांकि अस्पताल में कितने लोगों को भर्ती कराया गया है, इसकी आधिकारिक पुष्टि अभी नहीं हो पाई है।

रिपोर्ट ..हेमंत

लेटेस्ट Hindi News, Bhopal News, Indore News, Jabalpur News, Gwalior News, Ujjain News के साथ-साथ MP Board Result 2026 Live और MP News अपडेट हिंदी में पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।