MP में 10वीं का पेपर देकर लौट रही नाबालिग छात्रा से रेप, घर छोड़ने के बहाने पहाड़ी पर ले गया आरोपी
मध्य प्रदेश में एक नाबालिग छात्रा से रेप करने का मामला सामने आया है। आरोपी ने स्कूल से पेपर देकर निकली छात्रा को घर छोड़ने के बहाने पहाड़ी पर ले जाकर उसके साथ रेप किया। आरोपी ने किसी को बताने पर जान से मारने की धमकी दी और पीड़िता को घर के बाहर छोड़कर फरार हो गया।

मध्य प्रदेश में एक नाबालिग छात्रा से रेप करने का मामला सामने आया है। आरोपी ने स्कूल से पेपर देकर निकली छात्रा को घर छोड़ने के बहाने पहाड़ी पर ले जाकर उसके साथ रेप किया। आरोपी ने किसी को बताने पर जान से मारने की धमकी दी और पीड़िता को घर के बाहर छोड़कर फरार हो गया।
मुरैना कोतवाली थाना क्षेत्र में 10वीं का आखिरी पेपर देकर लौट रही नाबालिग छात्रा के साथ उसके परिचित भोला गुर्जर ने घर छोड़ने के बहाने बाइक पर ले जाकर सुनसान पहाड़ी पर रेप किया। शनिवार रात को परिजनों की शिकायत पर पुलिस ने पॉक्सो एक्ट के तहत मामला दर्ज कर फरार आरोपी की तलाश शुरू कर दी है। महिला पुलिस अधिकारी पीड़िता के बयान दर्ज कर रही हैं।
जानकारी के अनुसार, माध्यमिक शिक्षा मंडल की कक्षा 10वीं का आखिरी पेपर था। छात्रा परीक्षा सेंटर से अपना पेपर देकर घर जा रही थी। इसी दौरान एमएस रोड पर एसपी बंगले के पास उसे अपना पूर्व परिचित भोला गुर्जर मिला। उसने छात्रा को घर छोड़ने का झांसा दिया और अपनी बाइक पर बैठा लिया। आरोपी बाइक को घर की तरफ ले जाने के बजाय नेशनल हाईवे 44 होते हुए टेकरी के एक सुनसान इलाके में ले गया। वहां पहाड़ी पर वारदात को अंजाम दिया।
पीड़िता के अनुसार आरोपी ने उसे दोपहर 1 बजे से लेकर शाम 7 बजे तक उसी टेकरी पर बंधक बनाकर रखा। इस दौरान आरोपी ने उसे धमकाया कि अगर उसने घर पर किसी को इस घटना के बारे में बताया तो वह उसे और उसके परिवार को जान से मार देगा।
दिनभर पहाड़ी पर रखने और डराने-धमकाने के बाद आरोपी रात करीब 8 बजे पीड़िता को उसके घर की गली के बाहर छोड़कर भाग गया। जब छात्रा रात 8 बजे अपने घर पहुंची तो परिजनों ने उससे घर लेट आने का कारण पूछा। इसके बाद पीड़िता ने अपने माता-पिता को अपने साथ हुई पूरी घटना की जानकारी दी।
घटना की जानकारी मिलने के बाद पीड़िता अपने माता-पिता को साथ लेकर कोतवाली थाने पहुंची और शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने पीड़िता और परिजनों की शिकायत के आधार पर तुरंत मामला दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी।
कोतवाली थाना प्रभारी टीआई अमित भदौरिया ने बताया पीड़िता दसवीं कक्षा की छात्रा है। उसके साथ परिचित आरोपी भोला गुर्जर ने गलत काम किया है। पॉक्सो के तहत मामला दर्ज किया गया है। आरोपी की तलाश जारी है। महिला अधिकारी पीड़िता के बयान ले रही है।




साइन इन