महिला की नाक और जीभ काटी, मरने के लिए खेत में छोड़ा; अस्पताल में मौत; MP में सनसनीखेज वारदात
मध्य प्रदेश में रोंगटे खड़े देने वाली एक वारदात सामने आई है। गेहूं के खेत में एक महिला दर्द से कराह रही थी। उसकी नाक और जीभ कटी हुई थी। वह जिंदगी और मौत के बीच झूल रही थी। उसे अस्पताल ले जाया गया, जहां उसकी मौत हो गई।

मध्य प्रदेश में रोंगटे खड़े देने वाली एक वारदात सामने आई है। गेहूं के खेत में एक महिला दर्द से कराह रही थी। उसकी नाक और जीभ कटी हुई थी। वह जिंदगी और मौत के बीच झूल रही थी। उसे अस्पताल ले जाया गया, जहां उसकी मौत हो गई। इस भयानक घटना से पूरे क्षेत्र में सनसनी फैल गई।
एनडीटीवी की रिपोर्ट के अनुसार, मध्य प्रदेश के राजगढ़ जिले में बुधवार को एक गेहूं के खेत में 70 साल की महिला जीवन-मरण के बीच जूझ रही थी। बुजुर्ग महिला की नाक और जीभ कटी हुई हालत में मिली। वह खेत में छोड़े गए एक पलंग के पास दर्द से कराह रही थी। उन्हें तुरंत अस्पताल ले जाया गया, लेकिन इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। इस हमले की क्रूरता ने पूरे क्षेत्र को स्तब्ध कर दिया है। साथ ही सवाल उठ रहा है कि क्या महिला के साथ यौन उत्पीड़न किया गया था।
हालांकि, पुलिस ने कहा कि अभी कोई निष्कर्ष नहीं निकाला जा सकता है। पोस्टमार्टम और मेडिकल रिपोर्ट मिलने के बाद ही घटनाक्रम स्पष्ट हो सकेगा। एसडीओपी धर्मवीर नगर और टीआई संगीता शर्मा समेत वरिष्ठ अधिकारी सूचना मिलते ही घटनास्थल पर पहुंचे और मुआयना किया। दोपहर करीब 3 बजे दो डॉक्टरों की एक टीम ने खिलचीपुर अस्पताल में शव का पोस्टमार्टम किया।
पीड़िता के बेटे के अनुसार, उनका परिवार लगभग तीन दशकों से गांव से करीब एक किलोमीटर दूर खेत में बनी एक झोपड़ी में रह रहा है। उन्होंने बताया कि उनके पिता का दो साल पहले निधन हो गया था। उनकी बुजुर्ग मां अपने एक भाई और उसकी पत्नी के साथ वहीं रह रही थीं। दस दिन पहले उनकी बहू काम के लिए अपने माता-पिता के साथ राजस्थान गई थीं।
मंगलवार रात को उनका भाई पास के खेत में फसल की सिंचाई करने गया था और बुजुर्ग महिला को झोपड़ी में अकेला छोड़ गया था। वह देर से लौटा और सो गया। अगली सुबह जब वह उठा और मां को झोपड़ी में नहीं पाया। उसने सोचा कि वह जरूरी सामान खरीदने गांव गई होंगी। लेकिन जब वह वहां भी नहीं मिलीं तो परिवार ने आसपास के खेतों में उनकी तलाश शुरू कर दी।
बेटे ने बताया कि वहां का दृश्य किसी बुरे सपने जैसा था। बूढ़ी औरत झोपड़ी से कुछ ही दूरी पर एक गेहूं के खेत में बुरी तरह घायल पड़ी थी। उसका शरीर क्षत-विक्षत था। चेहरा बुरी तरह बिगड़ा हुआ था। पास ही में एक पलंग पड़ी थी, जो बेहद संदिग्ध परिस्थितियों में थी। परिवार ने तुरंत पुलिस को सूचना दी। उसे अस्पताल ले जाया गया, लेकिन उनकी मौत हो गई।
महिला के बेटे ने आरोप लगाया है कि उसकी मां की हत्या की गई है। इस भयावह घटनाक्रम ने इलाके में लोगों के गुस्से और डर को और बढ़ा दिया है। क्रूर हमले, अंग-भंग और हत्या की संभावना के चलते यह मामला हाल के समय के सबसे भयावह ग्रामीण अपराध रहस्यों में से एक बन गया है। पुलिस का कहना है कि सभी पहलुओं की जांच की जा रही है। बुजुर्ग महिला की भयावह मौत के पीछे की सच्चाई अब फोरेंसिक और मेडिकल सबूतों पर निर्भर करती है।




साइन इन