Wife Refuse to give car in dowry husband throw acid child also suffer burns MP में दहेज में कार नहीं मिली तो पत्नी पर फेंका एसिड, गोद में सो रही बच्ची भी झुलसी, Madhya-pradesh Hindi News - Hindustan
More

MP में दहेज में कार नहीं मिली तो पत्नी पर फेंका एसिड, गोद में सो रही बच्ची भी झुलसी

मध्य प्रदेश के ग्वालियर में कार की मांग को लेकर एक नवविवाहिता को पति द्वारा प्रताड़ित करने का मामला सामने आया है। नशे की हालत में घर पहुंचे पति ने कार की मांग की। पत्नी ने विरोध किया तो उसने पास रखी एसिड की बोतल उस पर फेंक दी।

Fri, 6 March 2026 01:21 PMAditi Sharma लाइव हिन्दुस्तान, ग्वालियर
share
MP में दहेज में कार नहीं मिली तो पत्नी पर फेंका एसिड, गोद में सो रही बच्ची भी झुलसी

मध्य प्रदेश के ग्वालियर में कार की मांग को लेकर एक नवविवाहिता को पति द्वारा प्रताड़ित करने का मामला सामने आया है। नशे की हालत में घर पहुंचे पति ने कार की मांग की। पत्नी ने विरोध किया तो उसने पास रखी एसिड की बोतल उस पर फेंक दी। उस समय महिला अपनी चार महीने की बच्ची को गोद में लिए हुए थी। एसिड गिरने से महिला के हाथ, पैर और थाई झुलस गए। बच्ची पर भी कुछ बूंदें गिरीं। बहू का शोर सुनकर बचाने आए ससुर की शर्ट पर भी एसिड की बूंदें गिर गईं। घटना रात करीब 11 बजे लोहिया बाजार क्षेत्र में हुई। घायल महिला की शिकायत पर कोतवाली थाने पुलिस ने सुबह दहेज एक्ट और हमला करने का मामला दर्ज कर लिया है।

ग्वालियर के डबरा निवासी 28 वर्षीय योगिता अग्रवाल की शादी 6 फरवरी 2024 को लोहिया बाजार निवासी मनन, पुत्र महेंद्र अग्रवाल के साथ हिंदू रीति-रिवाज से हुई थी। बेटी की शादी में योगिता के पिता ने अपनी हैसियत से अधिक खर्च किया था। शादी के बाद करीब 15 से 20 दिन तक सब कुछ ठीक रहा, लेकिन इसके बाद सास-ससुर और पति कार की मांग करने लगे। पति मनन अग्रवाल ने योगिता से कहा कि वह अपने पिता से कार दिलाने की बात करे। योगिता ने समझाया कि उसके पिता के पास अब इतने पैसे नहीं हैं, लेकिन इसके बावजूद पति उसे लगातार प्रताड़ित करता रहा। करीब चार महीने पहले योगिता ने एक बच्ची को जन्म दिया ।कार की मांग और विरोध करने पर पति कू मारपीट किए जाने की बात योगिता ने अपने मायके में बताई थी।

कार दिलाने से मना किया तो फेंक दिया एसिड

पति मनन नशे की हालत में घर पहुंचा। उसने पत्नी से फिर पिता को फोन कर कार दिलाने के लिए कहने को कहा। पत्नी ने विरोध किया तो उसने गालियां देना शुरू कर दिया। इसके बाद वह पास से ही एसिड की बोतल लाकर पत्नी पर फेंक दी।एसिड गिरने से योगिता के हाथ, बाएं पैर की पिंडली और थाई झुलस गए।उस समय उसकी चार माह की बच्ची गोद में थी, जिस पर भी कुछ बूंदें गिर गईं।बहू को बचाने आए ससुर महेंद्र अग्रवाल की शर्ट पर भी एसिड के छींटे पड़े।घटना के बाद घायल महिला को तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया। इलाज के बाद योगिता और उसकी बच्ची को मायके वाले अपने साथ ले गए। पुलिस ने आरोपी पति के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है।

कोतवाली थाना प्रभारी मोहिनी वर्मा ने बताया महिला का इलाज कराने के बाद आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। आरोपी की तलाश की जा रही है।

लेटेस्ट Hindi News, Bhopal News, Indore News, Jabalpur News, Gwalior News, Ujjain News के साथ-साथ MP Board Result 2026 Live और MP News अपडेट हिंदी में पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।