दुमका में महिला को डायन के शक में पीटकर मार डाला, हजारीबाग में वायुसेना जवान की मौत
यहां के मुफस्सिल थाना क्षेत्र के डुमरसोल गांव में सोमवार देर शाम एक युवक ने 55 वर्षीय विधवा महिला पक्कू हेंब्रम की लाठी से पीट-पीटकर हत्या कर दी। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी मुंशी टुडू को गिरफ्तार कर मंगलवार सुबह जेल भेज दिया।

झारखंड के दुमका से एक बार फिर इंसानियत को शर्मसार करने वाली घटना सामने आई है। यहां के मुफस्सिल थाना क्षेत्र के डुमरसोल गांव में सोमवार देर शाम एक युवक ने 55 वर्षीय विधवा महिला पक्कू हेंब्रम की लाठी से पीट-पीटकर हत्या कर दी। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी मुंशी टुडू को गिरफ्तार कर मंगलवार सुबह जेल भेज दिया।
पिता की मौत, पत्नी के छोड़ने का जिम्मेदार विधवा को मानता था
पुलिस सूत्रों के अनुसार, आरोपी की शादी करीब 10 साल पहले हुई थी, लेकिन वह पिता नहीं बन सका। इस कारण उसकी पत्नी उसे छोड़कर चली गई थी। इतना ही नहीं, पिछले वर्ष उसके पिता की भी मृत्यु हो गई थी। इन घटनाओं के लिए वह पड़ोस में रहने वाली विधवा महिला को जिम्मेदार मानता था।
महिला पर करता था डायन होने का शक
आरोपी को शक था कि महिला 'डायन' है और उसी के कारण उसका परिवार बर्बाद हुआ है। बताया जाता है कि महिला अक्सर उसे टोका-टाकी करती थी, जिससे वह और अधिक नाराज रहता था। घटना के दिन आरोपी ने पहले से ही हत्या की योजना बना ली थी। उसने बहाने से महिला को अपने घर बुलाया और लकड़ी के डंडे से बेरहमी से पीटकर उसकी हत्या कर दी। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
हजारीबाग में वायुसेना जवान की मौत
झारखंड के हजारीबाग जिले में एक बस के मोटरसाइकिल से भिड़ जाने की घटना में वायुसेना के एक जवान की मौत हो गई। पुलिस के अनुसार, मृतक की पहचान मुकुंदगंज निवासी दीपक कुमार (34) के रूप में हुई है। पुलिस के एक अधिकारी ने बताया, “मुकुंदगंज चौक के पास एक होटल के नजदीक हादसा हुआ जिसमें वायुसेना के जवान की मौके पर ही मौत हो गई।”
शादी में शामिल होने आया था घर
दीपक के बड़े भाई आनंद कुमार के अनुसार, जवान 2012-13 में सेना में भर्ती हुआ था और हैदराबाद में पदस्थापित था। वह 13 अप्रैल को छुट्टी लेकर घर आया था और एक शादी में शामिल होने जा रहा था, तभी यह हादसा हुआ। जिले में एक अन्य सड़क दुर्घटना में, डेमोटांड में एक ट्रक की कार से पीछे से टक्कर होने के बाद एक ही परिवार के दो सदस्यों की मौत हो गई और दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए।
मृतकों की पहचान चंदन कुमार (40) और उनकी माता विद्या देवी (62) के रूप में हुई। दोनों रांची के बीआईटी मेसरा क्षेत्र के निवासी थे। एक अधिकारी ने बताया, "कार में चार लोग सवार थे। उनमें से दो, जिनमें एक महिला भी शामिल थी, की मौके पर ही मौत हो गई जबकि अन्य दो गंभीर रूप से घायल हो गए।"




साइन इन