BJP 15 बार लिख चुकी है AAP का ‘मृत्यु संदेश', आतिशी ने बड़ा दावा करते हुए PM-CM से किया अहम सवाल
नेता प्रतिपक्ष और आम आदमी पार्टी की नेता आतिशी ने भाजपा पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि बीते 15 सालों में भाजपा 15 बार आप की ‘ऑबिचुअरी’ लिख चुकी है और हर छह महीने में अरविंद केजरीवाल की राजनीति खत्म होने का दावा करती है।

दिल्ली की सियासत में एक बार फिर बयानबाजी तेज हो गई है। नेता प्रतिपक्ष और आम आदमी पार्टी की नेता आतिशी ने भाजपा पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि बीते 15 सालों में भाजपा 15 बार आप की ‘ऑबिचुअरी’ लिख चुकी है और हर छह महीने में अरविंद केजरीवाल की राजनीति खत्म होने का दावा करती है। इसके साथ ही उन्होंने 2500 रुपये के वादे को लेकर पीएम मोदी और सीएम रेखा गुप्ता पर सवाल उठाए हैं।
भाजपा 15 बार लिख चुकी है आप का ‘मृत्यु संदेश
दिल्ली विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष और आप नेता आतिशी ने प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान भाजपा पर हमलावर होते हुए कहा- भाजपा बीते 15 सालों में 15 बार आप की ऑबिचुअरी (मृत्यु संदेश) लिख चुकी है। अरविंद केजरीवाल की राजनीति खत्म हो गई है। ऐसा भाजपा वाले हर छह महीने में ऐलान करते हैं।
देश की सबसे तेजी से बढ़ने वाली पार्टी
इसके बाद आतिशी ने बड़ा दावा करते हुए कहा- लेकिन आम आदमी पार्टी अरविंद केजरीवाल के नेतृत्व में देश की सबसे तेजी से बढ़ने वाली पार्टी है। जिस पार्टी ने मात्र 10 साल में दिल्ली में तीन बार सरकार बनाई। पंजाब में पहली बार चुनाव लड़े और मुख्य विपक्षी दल बन गए। दूसरी बार चुनाव लड़ा तो भारी बहुमत से जीते। गुजरात में विधायक जीतकर आए। गोवा में विधायक जीते। जम्बू-कश्मीर में हमारा एक विधायक जीता।
आतिशी ने पीएम-सीएम से किया बड़ा सवाल
आतिशी बोलीं- दिल्ली की भाजपा सरकार और भाजपा के शर्ष पर बैठे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से पूछना चाहते हैं कि दिल्ली की महिलाओं के 2500 रुपये कब आएंगे? पीएम मोदी ने दिल्ली चुनाव से पहले जनवरी 2025 में ये वादा किया था कि 8 मार्च 2025 को दिल्ली की हर महिला के खाते में ढाई हजार रुपये आएंगे। उन्होंने इसे मोदी की गारंटी बताया था।
पीएम-सीएम ने दिल्ली की महिलाओं को धोखा दिया
आतिशी ने हमला करते हुए कहा- मोदी जी 8 मार्च 2025 तो निकल गई है। अब तो 8 मार्च 2026 भी निकल गई है। लेकिन दिल्ली की महिलाओं के पास 2500 तो छोड़िए 25 पैसे भी उनके खाते में नहीं आए हैं। दिल्ली की सीएम रेखा गुप्ता बंगाल चुनाव में प्रचार के लिए जाती हैं और कहती हैं कि हम बंगाल की महिलाओं को पैसे देंगे। मैं पूछना चाहती हूं कि दिल्ली की महिलाओं को तो धोखा दे दिया और उनके वोट ले लिए। आज दिल्ली की महिलाएं एक ही सवाल पूछना चाहती हैं कि ये 2500 रुपये कब आएंगे...




साइन इन