झारखंड के इस जू में पहुंचे श्रीदेवी और मनोहर, दीदार के लिए लोगों को करना होगा इतना इंतजार
वर्तमान में टाटा स्टील जूलॉजिकल पार्क में तीन अफ्रीकी शेर हैं। दो नर, जिनके नाम जंबो और एड है, वहीं एक मादा है, जिसका नाम जोया है। इन सबकी उम्र लगभग 14.5 वर्ष है। ये शेर वर्ष 2012 में छह महीने की उम्र में चिड़ियाघर लाए गए थे।

झारखंड के जमशेदपुर में स्थित टाटा जूलॉजिकल पार्क में हैदराबाद से अफ्रीकी शेरों की एक जोड़ी, मनोहर (नर) और श्रीदेवी (मादा) पहुंची है। यह जोड़ी स्वीकृत पशु आदान-प्रदान कार्यक्रम के तहत नेहरू जूलॉजिकल पार्क से लाई गई है। इसके बदले दो नर मैंड्रिल बंदरों को हैदराबाद भेजा गया है। प्राप्त जानकारी के अनुसार मनोहर और श्रीदेवी लगभग नौ वर्ष के हैं और प्रजनन आयु के सर्वोत्तम चरण में हैं। चिड़ियाघर प्रबंधन को उम्मीद है कि यह जोड़ी आने वाले वर्षों में सफल प्रजनन करेगी, जिससे पार्क में शेरों की आनुवंशिक विविधता और दीर्घकालिक स्थिरता मजबूत होगी।
इससे पहले जूलॉजिकल पार्क की टीम ने 11 फरवरी को हैदराबाद के लिए रवाना होकर सभी आवश्यक दस्तावेज और स्वास्थ्य संबंधी औपचारिकताएं पूरी की थीं। 16 फरवरी को शेर सुरक्षित रूप से जमशेदपुर लाए गए। परिवहन प्रक्रिया केंद्रीय जू प्राधिकरण के दिशा-निर्देशों और विशेषज्ञ पशु चिकित्सकों की निगरानी में पूरी की गई, ताकि उनकी सुरक्षा और स्वास्थ्य सुनिश्चित हो सके।
पहले से मौजूद थे तीन अफ्रीकी शेर
वर्तमान में टाटा स्टील जूलॉजिकल पार्क में तीन अफ्रीकी शेर हैं। दो नर, जिनके नाम जंबो और एड है, वहीं एक मादा है, जिसका नाम जोया है। इन सबकी उम्र लगभग 14.5 वर्ष है। ये शेर वर्ष 2012 में छह महीने की उम्र में चिड़ियाघर लाए गए थे और तब से दर्शकों के प्रमुख आकर्षण बने हुए हैं।
40 दिन बाद हो सकेगा शेरों का दीदार
मनोहर और श्रीदेवी को 40 दिनों के लिए क्वारेंटाइन में रखा गया है, जहां उनके स्वास्थ्य, आहार और नए वातावरण में सामंजस्य पर विशेषज्ञ पशु चिकित्सकों द्वारा निगरानी रखी जा रही है। क्वारेंटाइन अवधि समाप्त होने के बाद उन्हें उनके निर्धारित बाड़ों में रखा जाएगा और दर्शक इन शानदार शेरों का दीदार कर सकेंगे।




साइन इन