नौकरी छोटी, डिग्री बड़ी: रसोइया के लिए ग्रेजुएट, सोशल वर्कर के लिए MPhil वाले लाइन में
झारखंड के धनबाद जिले में स्वास्थ्य विभाग की ओर से निकाली गई बहाली ने एक बार फिर बढ़ती बेरोजगारी और तीव्र प्रतिस्पर्धा की तस्वीर साफ कर दी है। कुक (रसोइया) जैसे पद के लिए इंग्लिश ऑनर्स और साइकेट्रिक सोशल वर्कर के लिए एमफिल किए हुए अभ्यर्थियों ने आवेदन किया है।

झारखंड के धनबाद जिले में स्वास्थ्य विभाग की ओर से निकाली गई बहाली ने एक बार फिर बढ़ती बेरोजगारी और तीव्र प्रतिस्पर्धा की तस्वीर साफ कर दी है। कुक (रसोइया) जैसे पद के लिए इंग्लिश ऑनर्स और साइकेट्रिक सोशल वर्कर के लिए एमफिल किए हुए अभ्यर्थियों ने आवेदन किया है।
यही नहीं सपोर्ट स्टाफ के महज दो पदों के लिए 103 अभ्यर्थियों ने आवेदन किया है। यानी एक पद के लिए 51 से अधिक उम्मीदवार मैदान में हैं। इनमें भी कई तकनीकी डिग्री धारी शामिल हैं। सीनियर डॉट प्लस टीबी/एचआईवी सुपरवाइजर के एक पद के लिए भी 42 अभ्यर्थियों ने दावेदारी पेश की है।
स्वास्थ्य विभाग की ओर से निकाली गई बहाली
सीनियर डॉट प्लस सुपरवाइजर के एक पद के लिए 42 और सपोर्ट स्टाफ के दो पद पर 103 आवेदन। स्वास्थ्य विभाग ने 18 पदों पर 141 रिक्ति के विरुद्ध 956 उम्मीदवारों ने किया है आवेदन। स्क्रूटनी के बाद 900 उम्मीदवारों की सूची जारी, 56 का आवेदन रिजेक्ट
आपत्ति होने पर चार अप्रैल तक कर सकते हैं आवेदन
फिलहाल योग्य अभ्यर्थियों की सूची जिले की आधिकारिक वेबसाइट पर जारी कर दी गई है। उम्मीदवारों को चार अप्रैल तक आपत्ति के लिए आवेदन करने का समय दिया गया है। किसी को कोई आपत्ति है तो वह सिविल सर्जन कार्यालय में कागजात के साथ आवेदन कर सकता है।
कोल्ड चेन हैंडलर व कुक के लिए नहीं है प्रतिस्पर्धा
इस बहाली में सिर्फ कोल्ड चेन हैंडलर और कुक के लिए प्रतिस्पर्धा नहीं है। कोल्ड चेन हैंडलर के लिए सिर्फ एक पद पर बहाली निकाली गई थी। स्क्रूटनी के बाद सिर्फ एक ही आवेदन स्वीकृत हुआ है। वहीं कुक के दो पद थे। आवेदन भी सिर्फ दो हैं। बहाली से जिले में संचालित राष्ट्रीय स्वास्थ्य कार्यक्रमों को मजबूती मिलेगी और आम जनता को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराई जा सकेंगी।
141 पदों के लिए आए 956 आवेदन
बता दें कि स्वास्थ्य विभाग ने 18 पदों पर 141 रिक्तियों के विरुद्ध अनुबंध पर बहाली निकाली थी। इसके लिए 956 अभ्यर्थियों ने आवेदन किया। आवेदनों की जांच (स्क्रूटनी) के बाद 900 उम्मीदवारों को योग्य पाया गया है। 56 आवेदन खारिज कर दिए गए हैं। इस हिसाब से हरेक पद के लिए औसतन 6.68 उम्मीदवारों के बीच मुकाबला है। एएनम (एनयूएचएम) के लिए सर्वाधिक 77 पद पर बहाली निकाली गई थी। इसके लिए 326 आवेदनों का चयन किया है।
वहीं स्टाफ नर्स के 17 पदों के लिए 93 अभ्यर्थी प्रतिस्पर्धा में हैं। अन्य पदों की भी यही स्थिति है। स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों के अनुसार इतनी बड़ी संख्या में आवेदन आने के कारण चयन प्रक्रिया को निष्पक्ष बनाए रखने के लिए लिखित परीक्षा आयोजित की जाएगी। इससे योग्य उम्मीदवारों का चयन पारदर्शी तरीके से किया जा सकेगा।




साइन इन