रांची में कंस्ट्रक्शन कंपनी के MD से मांगी 5 करोड़ की रंगदारी, रकम नहीं देने पर हत्या की धमकी
एनकाउंटर में मारे गए गैंगस्टर अमन साव के गिरोह के सक्रिय सदस्यों द्वारा बोकारो के स्क्रैप और शराब व्यवसायी रितेश सिंह से पांच करोड़ रुपये की रंगदारी मांगने का मामला सामने आया है।

एनकाउंटर में मारे गए गैंगस्टर अमन साव के गिरोह के सक्रिय सदस्यों द्वारा झारखंड के बोकारो के स्क्रैप और शराब व्यवसायी रितेश सिंह से पांच करोड़ रुपये की रंगदारी मांगने का मामला सामने आया है। रंगदारी नहीं देने पर व्यवसायी, उनके परिवार और सहयोगियों को जान से मारने की धमकी दी गई है। मामले की खास बात यह है कि पहले व्हाट्सएप कॉल के जरिए धमकी दी गई और उसके बाद चैटिंग में व्यवसायी और अपराधियों के बीच तीखी नोकझोंक भी हुई।
रंगदारी नहीं देने पर हत्या की धमकी
बातचीत के दौरान जब व्यवसायी ने रंगदारी देने से साफ इनकार कर दिया तो अपराधियों ने कहा कि अब उन्हें रंगदारी नहीं, बल्कि उसकी जान चाहिए। चैट के मुताबिक गिरोह को बोकारो में किसी एक व्यवसायी की हत्या करनी थी और वह टारगेट रितेश सिंह की हत्या कर पूरा किया जाएगा। इस धमकी के बाद मां मैहर स्टील के प्रोपराइटर रितेश सिंह और उनका परिवार दहशत में है।सोमवार को रितेश सिंह ने अपने सहयोगियों के साथ सिटी पुलिस से मिलकर लिखित शिकायत दर्ज कराई और सुरक्षा की मांग की।
पुलिस ने इनके खिलाफ दर्ज की शिकायत
मामले की गंभीरता को देखते हुए सिटी पुलिस ने मृतक गैंगस्टर अमन साव के सक्रिय सदस्यों प्रकाश शुक्ला, राहुल दुबे और मयंक सिंह को आरोपी बनाते हुए प्राथमिकी दर्ज कर ली है। भुक्तभोगी की ओर से दर्ज कराई एफआईआर में बताया गया है कि 14 मार्च को दोपहर करीब एक बजे से लगातार उनके मोबाइल फोन पर व्हाट्सऐप कॉल और संदेश आने लगे।
पीड़ित ने बताई पूरी बात
कॉल करने वालों ने खुद को आपराधिक गिरोह से जुड़ा बताते हुए पांच करोड़ रुपये की मांग की। साथ ही धमकी दी कि रकम नहीं दी गई तो उनके ऊपर कहीं भी हमला किया जा सकता है। धमकी में यह भी कहा गया कि उनकी हर गतिविधि पर नजर रखी जा रही है। अजीत ने यह भी कहा है कि लगातार कॉल और धमकी भरे संदेश से वे और उनका परिवार दहशत में हैं।




साइन इन