सूरत में रहने वाले एक परिवार ने खाया जहर, 3 की मौत; लिखा- कपड़े व मोबाइल पटना में मां के पास भिजवा देना
अपने सुसाइड नोट में बालमुकुंद ने अपने पालतू कुत्ते ‘कैंडी’ को लेकर भी चिंता जताई और परिवार के सदस्यों की मौत के बाद डॉगी की सुरक्षा के लिए उसे किसी डॉग शेल्टर या दुकान पर भेजने के लिए कहा।

गुजरात में सूरत शहर के वेसु इलाके से एक बेहद दुखद मामला सामने आया है, जहां पर एक ही परिवार के चार सदस्यों ने जहरीला पदार्थ खाकर सामूहिक आत्महत्या करने की कोशिश की। इस दौरान तीन सदस्यों की मौत हो गई, जबकि परिवार की सबसे छोटी बेटी को बचा लिया गया। जिस परिवार ने यह कदम उठाया, वह बिहार का रहने वाला था। मामले की जानकारी देते हुए पुलिस ने बताया कि यह घटना वेसु की हैप्पी एलिगेंस बिल्डिंग में मंगलवार की शाम को हुई थी, जहां पर रहने वाले खेतान परिवार ने एक शख्स से परेशान होकर खुदकुशी करने की कोशिश की। मृतक के पास मिले सुसाइड नोट में उसने एक शख्स पर सुसाइड के लिए उकसाने का आरोप लगाने के साथ ही अपने पालतू डॉगी को लेकर चिंता जताई है, साथ ही परिवार के सदस्यों के नए कपड़ों को पटना में रहने वाली मां के पास भेजने की अपील की है।
पति-पत्नी और बड़ी बेटी की मौके पर ही मौत
पुलिस के मुताबिक परिवार के मुखिया बालमुकुंद खेतान उसकी पत्नी प्रियंका और नौ साल की बड़ी बेटी की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि कपल की सात साल की छोटी बेटी को बचा लिया गया। येसु पुलिस स्टेशन के इंस्पेक्टर जेसी जादव ने बताया कि बालमुकुंद स्टॉक ट्रेडर थे और घर से काम करते थे। पुलिस को मौके से तीन पेज का एक सुसाइड नोट भी मिला, जिसमें वैभव रूंगटा नाम के एक आदमी पर परेशान करने का आरोप लगाया गया है।
दो साल से कर रहा था स्टॉक मार्केट में काम
प्राप्त जानकारी के अनुसार मृतक बालमुकुंद मूल रूप से बिहार का रहने वाला और पिछले दो साल से स्टॉक मार्केट में काम कर रहा था। उसने खेत में उपयोग होने वाले कीटनाशक को परिवार समेत खाकर सामूहिक आत्महत्या करने की कोशिश की। घटना के बाद पुलिस ने शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए सिविल अस्पताल में भेज दिया और पड़ोसियों और रिश्तेदारों से पूछताछ शुरू कर दी।
रूंगटा पर लगाए आरोप, ‘कैंडी’ को लेकर जताई चिंता
सुसाइड नोट में बालमुकुंद ने बताया किआरोपी वैभव रूंगटा उसकी कार और क्रेडिट कार्ड जब्त करके ले गया था और उस कार्ड से उसने गैर-जरूरी शॉपिंग भी की थी। साथ ही अपने सुसाइड नोट में बालमुकुंद ने अपने पालतू कुत्ते ‘कैंडी’ को लेकर भी चिंता जताई और परिवार के सदस्यों की मौत के बाद डॉगी की सुरक्षा के लिए उसे किसी डॉग शेल्टर या दुकान पर भेजने के लिए कहा।
नए खरीदे कपड़े बिहार में मां को भेजने के लिए कहा
सुसाइड नोट में अपनी आखिरी इच्छा बताते हुए बालमुकुंद ने यह भी लिखा कि परिवार के सदस्यों की मौत के बाद उनके मोबाइल फोन और खरीदे हुए उनके नए कपड़ों को बिहार के पटना में रहने वाली उनकी मां तक पहुंचा दिए जाएं। दरअसल बालमुकुंद के पिता की मौत पहले ही हो चुकी है और उनकी मां पटना में रहती हैं।
पुलिस ने सुसाइड नोट के आधार पर जांच शुरू कर दी है और सुसाइड नोट में जिस आदमी का जिक्र किया गया है, उसके खिलाफ उकसाने का केस दर्ज कर लिया गया है, हालांकि अभी तक कोई गिरफ्तारी नहीं हुई है।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




साइन इन