गुजरात के कई हिस्सों में मौसम ने बदली करवट, 7 जिलों के लिए IMD ने जारी किया बारिश का अलर्ट
बीते दिन राजकोट प्रदेश का सबसे गर्म इलाका रहा। इस दौरान यहां का अधिकतम तापमान 37.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, इसके बाद सूरत में 37.6 डिग्री तापमान दर्ज किया गया। वहीं सबसे कम न्यूनतम तापमान 16.4 डिग्री सेल्सियस दाहोद में रिकॉर्ड किया गया।

देश के कई हिस्सों में बीते दिनों मौसम में आए बदलाव के बाद अब गुजरात में भी मौसम ने करवट बदली है और प्रदेश के कई हिस्सों में बारिश हुई है। मौसम विभाग ने अगले कुछ दिन प्रदेश में ऐसा ही मौसम बने रहने और कई हिस्सों में बारिश होने की संभावना जताई है। इस दौरान बुधवार को विभाग ने प्रदेश के 7 जिलों साबरकांठा, अरावली, नर्मदा, डांग, तापी, भावनगर और अमरेली जिलों में कुछ जगहों पर गरज-चमक के साथ हल्की बारिश होने व गरज के साथ बौछारें पड़ने की संभावना जताई है।
कैसा रहा बीते दिन का मौसम
मौसम विभाग (IMD) के अनुसार बुधवार सुबह साढ़े आठ बजे तक बीते 24 घंटों के दौरान प्रदेश के गुजरात क्षेत्र, सौराष्ट्र-कच्छ और दीव, दमन, दादरा नगर हवेली में मौसम सूखा रहा। इस दौरान प्रदेश के इन हिस्सों में अधिकतम तापमान में कोई बड़ा बदलाव नहीं दर्ज किया गया। वहीं सौराष्ट्र-कच्छ के कुछ हिस्सों में अधिकतम तापमान सामान्य से काफी ज्यादा था। जबकि गुजरात रीजन और कच्छ के कुछ हिस्सों में तापमान सामान्य से ज्यादा से लेकर काफी ज्यादा रहा। सौराष्ट्र के कुछ और हिस्सों में सामान्य से ज्यादा तथा बाकी क्षेत्रों में सामान्य रहा। बीते दिन प्रदेश में सबसे ज्यादा अधिकतम तापमान 37.7 डिग्री सेल्सियस राजकोट में वहीं सबसे कम न्यूनतम तापमान 16.4 डिग्री सेल्सियस दाहोद में रिकॉर्ड किया गया।
रविवार तक कैसा रहेगा प्रदेश का मौसम
25 फरवरी (बुधवार) को मौसम विभाग ने प्रदेश के साबरकांठा, अरावली, नर्मदा, डांग और तापी जिलों में तथा सौराष्ट्र के भावनगर और अमरेली जिलों में कुछ जगहों पर हल्की बारिश और गरज-चमक के साथ बौछारें पड़ने की संभावना जताई है।
26 फरवरी (गुरुवार) को मौसम विभाग ने प्रदेश के सभी जिलों में मौसम सूखा रहने की उम्मीद लगाई है।
27 फरवरी (शुक्रवार) को भी मौसम विभाग ने प्रदेश के सभी जिलों का मौसम सूखा रहने की उम्मीद जताई है।
28 फरवरी (शनिवार) के लिए भी मौसम विभाग ने प्रदेश के सभी जिलों का मौसम शुष्क रहने की उम्मीद लगाई है।
1 मार्च (रविवार) के दिन भी मौसम विभाग ने प्रदेश के सभी जिलों का मौसम शुष्क रहने की उम्मीद जताई है।

मौसम की खास बातें
सौराष्ट्र और कच्छ से सटे नॉर्थ-ईस्ट अरब सागर के ऊपर बना ऊपरी हवा का चक्रवातीय परिसंचरण अब गुजरात तट के पास उत्तर-पूर्व अरब सागर के ऊपर समुद्र तल से 1.5 और 3.1 km ऊपर है। कल साउथ अंदरूनी कर्नाटक से मराठवाड़ा तक बना ट्रफ अब नॉर्थ-वेस्ट तमिलनाडु से अंदरूनी कर्नाटक होते हुए मध्य महाराष्ट्र तक समुद्र तल से 0.9 km ऊपर है। एक ऊपरी हवा का चक्रवाती परिसंचरण दक्षिण-पश्चिम राजस्थान और आसपास के इलाकों के ऊपर समुद्र तल से 1.5 km ऊपर है। एक ऊपरी हवा का चक्रवाती परिसंचरण दक्षिण-पूर्व राजस्थान और आस-पास के इलाकों के ऊपर समुद्र तल से 0.9 km ऊपर है। एक ऊपरी हवा का परिसंचरण मध्य महाराष्ट्र और आस-पास के इलाकों के समुद्र तल से औसत 0.9 km की ऊंचाई पर है।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




साइन इन