सरकार के इस फैसले से ONGC और OIL के शेयरों में 9% की उछाल, क्रैश मार्केट में भी कर रहे कमाल
ओएनजीसी के शेयर 5.84 प्रतिशत चढ़कर ₹297.40 पर ट्रेड कर रहे थे। जबकि, ऑयल इंडिया के शेयर 8.63 प्रतिशत उछलकर ₹495.35 रुपये पर थे। ऑयल इंडिया ने 498.90 रुपये और ओएनजीसी ने 299.90 रुपये का डे हाई टच किया था

मोदी सरकार के एक फैसले से ओएनजीसी और ऑयल इंडिया के शेयर आज उड़ान भर रहे हैं। वह भी तब, जब शेयर मार्केट में गिरावट का तूफान है और सेंसेक्स 800 अंक से अधिक लुढ़क चुका है। निफ्टी गिरावट का दोहरा शतक लगाकर पस्त है। आईटी इंडेक्स धराशायी है। इसमें 3.75 प्रतिशत की गिरावट है। प्राइवेट बैंक, बैंक निफ्टी, निफ्टी पीएसयू बैंक इंडेक्स भी लाल हैं। ऐसी स्थिति में भी इन दो शेयरों के दम पर निफ्टी ऑयल एंड गैस इंडेक्स हरे निशान पर है। बाकी इस इंडेक्स में शामिल स्टॉक्स लाल हैं।
क्या है सरकार का फैसला
सरकार ने देश के अपस्ट्रीम एनर्जी सेक्टर को बेहतर बनाने के लिए क्रूड ऑयल एंड नेचुरल गैस पर रॉयल्टी दरों में कटौती की है। इस फैसले से ओएनजीसी और ऑयल इंडिया जैसी सरकारी कंपनियों को फायदा होगा।
नई दरें क्या हैं?
ऑनशोर क्रूड ऑयल पर रॉयल्टी 16.66% से घटकर 10% हो गई है। जबकि, ऑफशोर क्रूड पर रॉयल्टी 9.09% से घटकर 8% हुई है। नेचुरल गैस पर रॉयल्टी 10% से घटकर 8% कर दी गई। इसके अलावा, कंपनियों को जीएसटी से जुड़ी बचत का भी फायदा मिलेगा, जिससे उनके प्रोजेक्ट की सेहत और 18% सुधर सकती है।
CLSA ने कहा-शेयरों में और तेजी की संभावना
ब्रोकरेज फर्म CLSA ने कहा कि सरकार का यह फैसला अचानक आया है, लेकिन बहुत अहम है। कंपनी ने ओएनजीसी के लिए टार्गेट प्राइस ₹405 का रखा है और 'हाई कॉन्विक्शन आउटपरफॉर्म' रेटिंग दी है। CLSA के अनुसार ओएनजीसी के उचित मूल्य में 7 से 9% की बढ़ोतरी हो सकती है। जबकि, ऑयल इंडिया के मूल्य में 9 से 11% की बढ़ोतरी हो सकती है।
क्यों जरूरी है यह कदम?
इस फैसले से यह संकेत मिलता है कि सरकार अपस्ट्रीम टैक्सेशन (जैसे विंडफॉल टैक्स) को बढ़ाने के मूड में नहीं है। पहले इस तरह की आशंका ने ओएनजीसी और ऑयल इंडिया के शेयरों को दुनिया भर में सबसे कमजोर एनर्जी स्टॉक्स में बना दिया था।
₹80 प्रति बैरल ब्रेंट क्रूड पर 50% तक रिटर्न
CLSA का कहना है कि अगर ब्रेंट क्रूड की कीमत ₹80 प्रति बैरल रहती है, तो ओएनजीसी 50% से अधिक का कुल रिटर्न दे सकती है। फिलहाल बाजार ने ओएनजीसी के शेयर में सिर्फ ₹65 प्रति बैरल का भाव लगाया हुआ है।
शेयरों की मौजूदा स्थिति
आज यानी मंगलवार को दोपहर पौने 12 बजे के करीब ओएनजीसी के शेयर 5.84 प्रतिशत चढ़कर ₹297.40 पर ट्रेड कर रहे थे। जबकि, ऑयल इंडिया के शेयर 8.63 प्रतिशत उछलकर ₹495.35 रुपये पर थे। ऑयल इंडिया ने 498.90 रुपये और ओएनजीसी ने 299.90 रुपये का डे हाई टच किया था।
(डिस्क्लेमर: एक्सपर्ट्स की सिफारिशें, सुझाव, विचार और राय उनके अपने हैं, लाइव हिन्दुस्तान के नहीं। यहां सिर्फ शेयर के परफॉर्मेंस की जानकारी दी गई है, यह निवेश की सलाह नहीं है। शेयर मार्केट में निवेश जोखिमों के अधीन है और निवेश से पहले अपने एडवाइजर से परामर्श कर लें।)




साइन इन