महागठबंधन की बैठक में चुनाव बहिष्कार पर चर्चा नहीं; मुकेश सहनी बोले- मजबूती से लड़ेंगे, लोकतंत्र पर भरोसा
मीटिंग के बाद मुकेश सहनी ने मीडिया से वार्ता में कहा कि जनता के वोट की चोरी रोकना है। तेजस्वी यादव के चुनाव वहिष्कार को लेकर वीआईपी चीफ ने कहा कि इस पर अभी बहुत चर्चा नहीं हुई है।

दिल्ली में लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के आवास पर इंडिया गठबंधन की बैठक हुई जिसमें आरजेडी के तेजस्वी यादव, विकाशील इंसान पार्टी(वीआईपी) के मुकेश सहनी समेत इंडिया अलायंस के विभिन्न घटक दलों के नेता शामिल हुए। मीटिंग के बाद मुकेश सहनी ने मीडिया से वार्ता में कहा कि जनता के वोट की चोरी रोकना है। तेजस्वी यादव के चुनाव वहिष्कार को लेकर वीआईपी चीफ ने कहा कि इस पर अभी बहुत चर्चा नहीं हुई है। हमलोग लोकतंत्र पर भरोसा करते हैं। मजबूती से लड़ाई लड़ेंगे। बिहार में विधानसभा चुनाव से पहले एसआईआर का विरोध कर रहे तेजस्वी यादव ने कहा था कि महागठबंधन चुनाव वहिष्कार पर विचार कर सकता है।
मुकेश सहनी ने कहा कि इंडिया अलायंस की बैठक में 17 अगस्त से बिहार में राहुल गांधी के नेतृत्व में शुरू होने वाली यात्रा को लेकर विचार विमर्श किया गया। इस यात्रा का समापन 1 सितंबर को पटना में होगा। फिलहाल जनता के वोट की रक्षा करने का निर्णय हमलोगों ने लिया है। जो काम चुनाव आयोग का होना चाहिए वह नहीं किया जा रहा । लोगों के नाम काटे जा रहे है। गरीब, पिछड़ा, दलिते के पास एक ही ताकत है वोट का अधिकार। इसे भी छीना जा रहा है। हमारे ही वोट से देश के प्रधानमंत्री और राज्य के मुख्यमंत्री बनते हैं। अगर काम अच्छा नहीं करेंगे तो पांच साल में बदलने का अधिकार होता है।
वीआईपी प्रमुख मुकेश सहनी ने कहा कि बिहार में बीजेपी का खेल नहीं चलने वाला है। हम लोग पहले से ही सजग हैं। बैठक में इन्हीं सभी बातों पर चर्चा की गई। बैठक में राहुल गांधी ने कर्नाटक और अन्य प्रदेशों में हुईं ऐसी त्रुटियों के बारे में जानकारी दी। बिहार की जनता जागरुक है। बिहार में भी प्रत्येक बूथ पर नजर रखी जायेगी ताकि कोई गड़बड़ी नहीं की जा सके।
गुरुवार रात एसआईआर और वोट चोरी के मुद्दे पर राहुल गांधी के आवास पर इंडिया गठबंधन की बैठक हुई जिसमें सभी विपक्षी दलों ने एकजुट होकर मुकाबला करने का फैसला किया। गठबंधन की बैठक में राहुल गांधी ने कर्नाटक की महादेवपुरा विधानसभा सहित विभिन्न राज्यों में मतदाता सूची में हुई धांधली को लेकर प्रस्तुति दी। इससे पहले दिन में कांग्रेस नेता ने बीते कुछ वर्षों में हुए विधानसभा और लोकसभा चुनावों की निष्पक्षता पर सवाल उठाते हुए चुनाव आयोग को कठघरे में खड़ा किया। उन्होंने कहा कि भाजपा चुनाव आयोग के साथ मिलकर चुनाव चोरी कर रही है।




साइन इन