ड्रोन से निगरानी, धार्मिक स्थलों की सुरक्षा बढ़ी; 15 अगस्त और चेहल्लुम पर बिहार में अलर्ट
15 अगस्त और चेहल्लुम के मद्देनजर बिहार में अलर्ट जारी किया गया है। एडीजी (विधि व्यवस्था) ने सभी आईजी, डीआईजी व जिलों के एसपी को भेजे अलर्ट में सूबे के ऐतिहासिक व धार्मिक स्थलों के आस-पास की सुरक्षा बढ़ाने का भी निर्देश दिया है। सीसीटीवी व ड्रोन कैमरों से पुलिस प्रशासन की हर गतिविधि पर कड़ी नजर रहेगी

स्वतंत्रता दिवस व चेहल्लुम को देखते हुए बिहार पुलिस मुख्यालय ने पटना सहित सभी जिलों को अलर्ट किया है। इसके तहत पुलिस अधीक्षकों को सार्वजनिक व संवेदनशील स्थलों पर चौकसी बढ़ाने के निर्देश दिए गये हैं। सीमावर्ती जिले के इलाकों में पेट्रोलिंग बढ़ाई जाएगी। सीसीटीवी व ड्रोन कैमरों से पुलिस प्रशासन की हर गतिविधि पर कड़ी नजर रहेगी। सादे वेश में पुलिस के जवान भीड़-भाड़ भरे इलाकों व रेल परिसरों की निगरानी करेंगे। स्वतंत्रता दिवस को देखते हुए आतंकवाद निरोध दस्ता (एटीएस) को भी अलर्ट पर रखा गया है।
एडीजी (विधि व्यवस्था) ने सभी आईजी, डीआईजी व जिलों के एसपी को भेजे अलर्ट में सूबे के ऐतिहासिक व धार्मिक स्थलों के आस-पास की सुरक्षा बढ़ाने का भी निर्देश दिया है। उन्होंने कहा कि महाबोधि मंदिर बोधगया, हरमंदिर साहिब पटना सिटी, महावीर मंदिर पटना सहित इन परिसरों के आस-पास निगरानी बढ़ाई जाये। सूचना तंत्र को मजबूत किया जाये। सुरक्षा और विधि व्यवस्था में किसी तरह की कोताही बर्दाश्त नहीं की जायेगी। मुख्यालय ने आशंका जताई है कि असामाजिक तत्व इस मौके पर आतंकी या अन्य गतिविधियों को अंजाम दे सकते हैं।
ऐसे में संदिग्ध व्यक्तियों पर कड़ी नजर रखी जाये। ऐसे लोगों की तत्काल जांच पड़ताल सुनिश्चित हो। पुलिस अधीक्षकों को शहरी क्षेत्रों में जगह-जगह चेकिंग प्वाइंट बना कर वाहनों की जांच सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गये हैं। रेलवे स्टेशन और बस अड्डों पर पुलिस की विशेष नजर रहेगी। सुरक्षा व्यवस्था में जिला पुलिस बल के साथ बिहार सशस्त्र पुलिस बल (बी-सैप) को भी लगाया जा रहा है।




साइन इन