Bihar Weather: बिहार में आंधी-बारिश से संभल कर रहें, ओले गिरने का ऑरेंज अलर्ट; पढ़ें वेदर रिपोर्ट
Bihar Weather: भागलपुर में सोमवार को जहां आंशिक बदरी के बीच गर्मी व उमस का प्रकोप रहेगा। वहीं मंगलवार को गरज के साथ हल्की बारिश या बौछारें पड़ सकती हैं। जबकि आठ अप्रैल को 40 से 50 किमी प्रति घंटा तो नौ अप्रैल को 50 से 60 किमी प्रति घंटे की औसत रफ्तार से धूल भरी आंधी-बारिश होने की आशंका है।

Bihar Weather: बिहार के ज्यादातर जिलों में सोमवार को आंधी-बारिश के आसार हैं। वहीं, बक्सर, भोजपुर, रोहतास, भभुआ, औरंगाबाद और अरवल जिले में एक-दो स्थानों पर ओलावृष्टि का ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। इस दौरान 50 से 60 किलोमीटर की रफ्तार से हवा चलने का पूर्वानुमान है। मौसम विभाग के अनुसार रविवार को गयाजी, पटना, नवादा और रोहतास जिले में हल्के स्तर की बारिश हुई। पटना में सोमवार को आंशिक बादल छाए रहने का पूर्वानुमान है। वहीं आठ और नौ अप्रैल को पटना में तेज बारिश के आसार हैं। रविवार को राजधानी में बूंदाबांदी हुई। वहीं, फतुहा में 1.8 और दनियावां में 0.2 मिलीमीटर बारिश रिकॉर्ड की गई।
मौसम विभाग ने अनुमान जताया है कि मुजफ्फरपुर जिले का मौसम सोमवार से फिर बदलेगा। मौसम विज्ञान विभाग ने अगले 24 घंटे में बदलाव के संकेत दिए है। इस दौरान सोमवार शाम से हल्के बादल छाने के साथ आंधी चलने की संभावना है। वहीं, मंगलवार को गरज के साथ बारिश होने के आसार हैं। पूसा स्थित ग्रामीण मौसम विज्ञान केंद्र के नोडल अधिकारी डॉ. ए. सत्तार ने बताया कि मंगलवार को आंधी के साथ गरज और चमक के बीच बारिश होने की संभावना है। इस दौरान ओलावृष्टि भी हो सकती है। बुधवार से एक बार फिर तापमान में सुधार आ सकता है।
भागलपुर में कब होगी बारिश
इधर भागलपुर जिले में रविवार को अधिकतम तापमान 35.0 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 25.1 डिग्री सेल्सियस रहा। मौसम वैज्ञानिक डॉ. बीरेंद्र कुमार ने बताया कि सोमवार को जहां आंशिक बदरी के बीच गर्मी व उमस का प्रकोप रहेगा। वहीं मंगलवार को गरज के साथ हल्की बारिश या बौछारें पड़ सकती हैं। जबकि आठ अप्रैल को 40 से 50 किमी प्रति घंटा तो नौ अप्रैल को 50 से 60 किमी प्रति घंटे की औसत रफ्तार से धूल भरी आंधी-बारिश होने की आशंका है।
पूर्णिया में वज्रपात को लेकर अलर्ट जारी
बिहार के पूर्णिया जिले में रविवार को अधिकतम तापमान 35.4 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 24.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जो सामान्य के आसपास रहा। हालांकि मौसम विभाग ने 7, 8 और 9 अप्रैल के लिए येलो अलर्ट जारी किया है। इस दौरान आसमान में बादल छाए रहने के साथ तेज हवा, बारिश, मेघ गर्जन और वज्रपात की संभावना जताई गई है। किसानों को मौसम को ध्यान में रखते हुए कृषि कार्य करने की सलाह दी गई है।
गयाजी में बदला मौसम
गयाजी जिले में रविवार को दिनभर आंशिक बादल और धूप के बीच गर्मी बनी रही, लेकिन रात करीब 10 बजे अचानक मौसम का मिजाज बदल गया। गरज के साथ तेज हवा चली और हल्की बारिश शुरू हो गई, जिससे लोगों को गर्मी से राहत मिली। मौसम में यह बदलाव पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से हुआ है।
मौसम विशेषज्ञ एसके पटेल के अनुसार सोमवार को मौसम साफ और शुष्क रहेगा, जिससे गर्मी बढ़ेगी। हालांकि, मंगलवार या बुधवार से फिर मौसम बदल सकता है। 8 और 9 अप्रैल को तेज हवा के साथ बारिश की संभावना जताई गई है, जबकि 10 अप्रैल तक मौसम का यही रुख रहने की उम्मीद है। 11 अप्रैल से गर्मी में बढ़ोतरी हो सकती है।




साइन इन