प्राइवेट हॉस्पिटल और होटलों पर सख्त हुई सम्राट सरकार, मुजफ्फरपुर अग्निकांड के बाद एक हफ्ते में मांगे सर्टिफिकेट
मुजफ्फरपुर के अस्पताल में आग से 5 लोगों की मौत के बाद अग्निशमन विभाग ने बिहार के सभी निजी अस्पतालों से एक सप्ताह के भीतर इलेक्ट्रिक लोड एनालिसिस सर्टिफिकेट मांगा है। राज्य भर के होटलों से भी इस अवधि में गैस सिलेंडर की जानकारी देने को कहा गया है।

मुजफ्फरपुर के निजी अस्पताल में हुए भीषण अग्निकांड के बाद बिहार की सम्राट चौधरी सरकार ऐक्शन में दिख रही है। बिहार सरकार ने राज्य के सभी प्राइवेट हॉस्पिटल और होटलों से एक सप्ताह के भीतर जरूरी जानकारी और सर्टिफिकेट मांगे हैं। अग्निशमन विभाग ने नियमों को ताक पर रखने वाले अस्पतालों को सील करने की चेतावनी भी दे दी है। मुजफ्फरपुर के प्रसाद हॉस्पिटल में गुरुवार तड़के आईसीयू वार्ड में भीषण आग लग गई थी, जिसमें 5 लोगों की मौत हो गई और कई लोग घायल हैं।
प्रथमदृष्टया अस्पताल में आग लगने की वजह शॉर्ट सर्किट बताई जा रही है। अग्निशमन विभाग ने शॉर्ट सर्किट की बढ़ती हुई घटनाओं को देखते हुए निजी अस्पतालों को एक हफ्ते के भीतर इलेक्ट्रिक लोड एनलासिस सर्टिफिकेट जमा कराने का निर्देश दिया है। इसके बाद अग्निशमन विभाग अस्पतालों की जांच करेगा, जहां लोड गलत निकलेगा उनको बिना नोटिस सील करने की कार्रवाई की जाएगी।
डीजी अग्निशमन सेवाएं शोभा ओहटकर ने गुरुवार को बताया कि विभाग ने इस साल 7500 से अधिक अस्पतालों का फायर ऑडिट किया है। ऑडिट के दौरान बताई गई कमियों को दूर करने के निर्देश दिए गए हैं।
स्वास्थ्य मंंत्री ने मांगी रिपोर्ट
प्रसाद अस्पताल अग्निकांड पर बिहार स्वास्थ्य विभाग ने मुजफ्फरपुर जिला प्रशासन से रिपोर्ट मांगी है। स्वास्थ्य मंत्री निशांत कुमार ने कहा कि दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि अस्पताल प्रबंधन की किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। राज्य के अन्य अस्पतालों का फायर ऑडिट कराते हुए सभी सुरक्षा मानकों की जांच अग्निशमन अधिकारी से कराई जाएगी।
होटलों से मांगी गई गैस सिलेंडर की जानकारी
डीजी अग्निशमन ने गुरुवार को कहा कि होटलों में भी फायर ऑडिट कराया गया है। बिहार के सभी होटल प्रबंधन को निर्देश दिया जा रहा है कि वे अपने परिसर में स्टोर कर रखे गए सिलेंडर की जानकारी खुद से प्रमाणित करते हुए विभाग को एक सप्ताह के भीतर उपलब्ध कराएं।
उन्होंने कहा कि सप्ताह भर बद होटलों की भी सेफ्टी जांच की जाएगी। इस दौरान घोषित से अधिक सिलेंडर बरामद होने पर होटल संचालकों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
दिल्ली के होटल में आग से 21 की मौत
एक दिन पहले ही राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली के मालवीय नगर के एक होटल में भी भीषण अग्निकांड हुआ। होटल में आग लगने से 21 लोगों की मौत हो गई। शुरुआती जांच में सामने आया कि होटल में जरूरत से ज्यादा गैस सिलेंडर रखे हुए थे। होटल ने फायर एनओसी भी नहीं ली थी। साथ ही होटल में बेतरतीब तरीके से बिना अनुमति के बहुत ज्यादा कमरे बनाए हुए थे।




साइन इन