मुजफ्फरपुर अग्निकांड: अस्पताल नही निशांत दिल्ली चले गए; 5 लोगों की मौत के सवाल पर मंत्री मौन, भड़की राजद
मुजफ्फरपुर अग्निकांड: मुजफ्फरपुर के अस्पताल में अग्निकांड से हड़कंप मचा हुआ है। इस मामले पर अब सियासत शुरू हो गई है। राष्ट्रीय जनता दल ने स्वास्थ्य मंत्री निशांत कुमार की चुप्पी पर गंभीर सवाल उठाए हैं।

मुजफ्फरपुर अग्निकांड: बिहार के मुजफ्फरपुर के एक निजी अस्पताल में भीषण अग्निकांड के बाद राज्य के स्वास्थ्य मंत्री निशांत कुमार अस्पताल के दौरे पर तो नहीं गए लेकिन पटना एयरपोर्ट से दिल्ली रवाना हो गए। उनके साथ संजय झा भी थे। इस अग्निकांड में 5 लोगों की मौत हो गई है। पटना एयरपोर्ट पर जब पत्रकारों ने स्वास्थ्य मंत्री से इस अग्निकांड को लेकर सवाल पूछना चाहा तो उन्होंने सिर्फ हाथ जोड़ा और चुप्पी साधते हुए निकल गए। संजय झा भी पत्रकारों के सवाल पर चुप्पी साधते हुए आगे बढ़ गए। अब राष्ट्रीय जनताा दल ने स्वास्थ्य मंत्री निशांत कुमार पर निशाना साधा है और गंभीर सवाल उठाए हैं।
एक न्यूज चैनल से बातचीत में राजद के प्रवक्ता मृत्युंजय तिवारी ने कहा कि मुजफ्फरपुर के अस्पताल में आग लगने के बाद कुछ लोगों की जान जाने की सूचना है जो बेहद दुखद है। इस तरह के मामलों पर सरकार को संवेदनशील होना चाहिए। इसमें जो भी लोग दोषी हैं उनपर कार्रवाई होनी चाहिए कि आखिर किसकी गलती के कारण ऐसी घटना हुई। स्वास्थ्य मंत्री से जब इसपर सवाल पूछा जाता है तो वो चुप्पी साध लेते हैं। ये संवेदहीनता की प्रकाष्ठा है।
राजद प्रवक्ता ने आगे कहा कि जिस विभाग के वो मंत्री हैं उनको संवेदना के रूप में दो शब्द कहना चाहिए था। पांच लोगों की जान गई है और यह मामला स्वास्थ्य विभाग से संबंधित है। अगर सरकार के मंत्री इस तरह की घटना पर चुप रह जाते हैं तो यह पता चलता है कि सरकार में किस तरह की संवेदनहीनता है। राजद प्रवक्ता ने यह भी कहा कि यह अनुभवहीनता भी है। जो भी इंसान थोड़ा सा भी संवेदनशील होगा तो वो इसपर दुख तो प्रकट करेगा। ये दुखद घटना है और जांच होगी यह भी उन्होंने नहीं कहा। जांच होगी और कार्रवाई होगी यह कौन कहेगा?
निशांत ने एक्स पर दी प्रतिक्रिया
बता दें कि स्वास्थ्य मंत्री मुजफ्फरपुर की घटना पर एक्स पर अपनी प्रतिक्रिया दी थी। निशांत कुमार ने एक्स पर लिखा, ‘मुजफ्फरपुर के निजी अस्पताल में आग लगने से कई लोगों की मृत्यु का समाचार अत्यंत दुःखद और हृदयविदारक है। इस हादसे से प्रभावित परिवारों के प्रति मैं गहरी संवेदना व्यक्त करता हूं। जिला प्रशासन को घायल मरीजों की सुरक्षा एवं उपचार के लिए हर संभव कदम उठाने के निर्देश दिए गए हैं। राहत के कार्य युद्धस्तर पर चलाने के आदेश भी दिये गए हैं। इस दुखद घटना की जांच होगी। जिम्मेवारी तय होगी। ईश्वर दिवंगत आत्माओं को अपने श्रीचरणों में स्थान दें तथा शोकाकुल परिजनों को इस कठिन समय में धैर्य, शक्ति और संबल प्रदान करें।’
JDU प्रवक्ता अभिषेक झा ने दी सफाई
इधर इस पूरे मामले पर जदयू के प्रवक्ता अभिषेक झा ने बाद में सफाई भी दी है। अभिषेक झा ने कहा कि निशांत पूरे बिहार को लेकर काफी संजीदा है। हम सभी इससे बहुत मर्माहत हैं। निश्चित तौर से तफ्तीश होगी और फिर यहीं निशांत आपको नजर आएंगे आगे की कार्रवाई करते हुए। किसी मंत्री के संबोधन मात्र से जवाबदेही समाप्त नहीं हो जाती है। मंत्री इस मामले को लेकर काफी संजीदा हैं।
अग्निकांड की जांच विशेष टीम कर रही
बता दें कि मुजफ्फरपुर के प्रसाद हॉस्पिटल में लगी आग में 5 लोगों की मौत हुई है और 20 लोगों से अधिक के झुलसने की भी सूचना है। आग अस्पताल की पांचवीं मंजिल पर स्थित आईसीयू में लगी। घटना की सूचना मिलते ही दमकल विभाग की कई गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया। झुलसे सभी लोगों को शहर के विभिन्न अस्पतालों में भर्ती कराया गया है, जहां उनका उपचार जारी है।प्रारंभिक जांच में आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट बताया जा रहा है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) कांतेश कुमार मिश्रा ने बताया है कि घटना की जांच के लिए एक विशेष टीम का गठन किया गया है। टीम आग लगने के कारणों और अन्य पहलुओं की विस्तृत जांच कर रही है।




साइन इन