सम्राट कैबिनेट विस्तार: टीम निशांत से कुछ बनेंगे JDU कोटे के मंत्री! रेस में कौन-कौन विधायक?
Samrat Choudhary Cabinet Expansion: सम्राट चौधरी सरकार के पहले कैबिनेट विस्तार में गुरुवार को लगभग 30 मंत्री शपथ लेंगे। जेडीयू कोटे से नीतीश कुमार के बेटे निशांत की कोर टीम बन चुके कुछ युवा विधायक भी रेस में हैं।

Samrat Choudhary Cabinet Expansion: बिहार में भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) के सीएम सम्राट चौधरी की अगुवाई में चल रही राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (एनडीए) सरकार का गुरुवार को पहला कैबिनेट विस्तार हो रहा है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, बीजेपी अध्यक्ष नितिन नवीन और गृहमंत्री अमित शाह की मौजूदगी में मंत्रिमंडल विस्तार में 30 मंत्रियों को शपथ दिलाई जा सकती है। बीजेपी और जनता दल यूनाइटेड (जेडीयू) के बीच 16-16 का कोटा तय हुआ है। भविष्य में जोड़-तोड़ करने के लिए दोनों दल एक-दो पद खाली रखेंगे। भाजपा और (जेडीयू) से कल करीब 24-26 मंत्री बनेंगे। जेडीयू के अध्यक्ष नीतीश कुमार के भरोसेमंद पुराने मंत्रियों के अलावा उनके बेटे निशांत कुमार की कोर टीम बनते दिख रहे कुछ युवा विधायक भी सरकार में जगह पा सकते हैं।
चिराग पासवान के दल लोक जनशक्ति पार्टी- रामविलास (एलजेपी-आर), जीतनराम मांझी की पार्टी हिन्दुस्तानी आवाम मोर्चा (एचएएम) और उपेंद्र कुशवाहा के दल राष्ट्रीय लोक मोर्चा (आरएलएम) से पहले की तरह 2-1-1 कुल 4 मंत्री होंगे। आसार हैं कि इन तीन दलों से पुराने मंत्री रिपीट होंगे, जिनमें संतोष सुमन, संजय पासवान, संजय सिंह और दीपक प्रकाश कुशवाहा शामिल हैं। सबकी नजर अब जदयू कोटे से मंत्री बनने वाले नेताओं पर होगी। नीतीश के मुख्यमंत्री पद छोड़ने के बाद नई सरकार में डिप्टी सीएम का पद कथित तौर पर ठुकराने वाले निशांत कुमार अब जदयू संगठन पर नियंत्रण के लिए बिहार की यात्रा कर रहे हैं।
यात्रा पर जाने से पहले निशांत ने जेडीयू के नेताओं के साथ बैठकों का दौर चलाया। राज्य भर से पार्टी के नेता उनसे मिलने आ रहे थे। निशांत जेडीयू दफ्तर में नेताओं और कार्यकर्ताओं की बैठक भी कर रहे थे। इस प्रक्रिया के दौरान निशांत को जदयू के कुछ युवा विधायकों के एक समूह के बीच अक्सर देखा गया। अभी यात्रा के दौरान भी इनमें से एमएलए उनके साथ चल रहे हैं।
चर्चा है कि कैबिनेट में निशांत की कोर टीम जैसी व्यवस्था बनाते दिख रहे एक या दो जदयू विधायक मंत्री बन सकते हैं। इन नौजवान नेताओं में रुहैल रंजन की किस्मत खुलती है या नचिकेता मंडल की या चेतन आनंद, कोमल सिंह, रितुराज कुमार, राहुल सिंह, अतिरेक कुमार, आदित्य कुमार या अभिषेक आनंद में किसी की, ये गुरुवार को शपथ ग्रहण से ही पता चलेगा। एक काउंटर अटकल यह भी है कि चूंकि निशांत ने खुद सरकार में कोई पद लेने से फिलहाल मना कर दिया है, तो वह मंत्री बनाने के लिए किसी का नाम भी आगे नहीं बढ़ाएंगे।






साइन इन