Nitish Kumar reached JDU office ahead Samrat Cabinet Expansion new ministers proposed names सम्राट कैबिनेट विस्तार से पहले जदयू ऑफिस पहुंचे नीतीश कुमार, पार्टी से कौन-कौन बनेंगे मंत्री?, Bihar Hindi News - Hindustan
More

सम्राट कैबिनेट विस्तार से पहले जदयू ऑफिस पहुंचे नीतीश कुमार, पार्टी से कौन-कौन बनेंगे मंत्री?

जदयू अध्यक्ष नीतीश कुमार मंगलवार को पटना स्थित पार्टी कार्यालय पहुंचे। उन्होंने कार्यकर्ताओं से मुलाकात कर उनका हालचाल जाना। दो दिन बाद सम्राट कैबिनेट का विस्तार भी होना है। इससे पहले पटना में हलचल तेज है।

Tue, 5 May 2026 06:54 PMJayesh Jetawat लाइव हिन्दुस्तान, पटना
share
सम्राट कैबिनेट विस्तार से पहले जदयू ऑफिस पहुंचे नीतीश कुमार, पार्टी से कौन-कौन बनेंगे मंत्री?

बिहार में सम्राट चौधरी कैबिनेट का विस्तार होने से पहले पटना में सियासी हलचल तेज है। पूर्व मुख्यमंत्री एवं जनता दल यूनाइटेड (JDU) के राष्ट्रीय अध्यक्ष नीतीश कुमार मंगलवार को प्रदेश पार्टी कार्यालय पहुंचे। उन्होंने पार्टी के नेताओं के साथ बातचीत की। इस दौरान पूर्व मंत्री अशोक चौधरी उनके साथ मौजूद रहे। बता दें कि मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के नेतृत्व की नई एनडीए सरकार का कैबिनेट विस्तार 7 मई को प्रस्तावित है। जदयू से कौन-कौन मंत्री बनेगा इस पर भी सबकी नजरें टिकी हुई हैं।

पार्टी अध्यक्ष नीतीश कुमार के जदयू दफ्तर पहुंचने पर वहां मौजूद कार्यकर्ताओं ने उनका गर्मजोशी से स्वागत किया। उन्होंने नीतीश कुमार के समर्थन में नारेबाजी की। नीतीश कुछ देर कार्यालय में रहे। उन्होंने जदयू कार्यकर्ताओं से मुलाकात कर उनका हालचाल जाना, साथ ही संगठनात्मक गतिविधियों की जानकारी ली। इस दौरान उन्होंने पूरे कार्यालय परिसर का भ्रमण कर व्यवस्थाओं का बारीकी से निरीक्षण किया। साथ ही पार्टी पदाधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए।

सम्राट कैबिनेट में जदयू से कौन-कौन बनेंगे मंत्री?

इस सप्ताह होने जा रहे सम्राट कैबिनेट के विस्तार में जदयू के भाजपा के बराबर 16 मंत्री बनाए जाने की बात कही जा रही है। हालांकि, नीतीश अपनी पार्टी के एक-दो पद खाली रख सकते हैं। पार्टी सूत्रों के अनुसार, पूर्ववर्ती नीतीश सरकार में जो-जो नेता जदयू कोटे से मंत्री थे, उन्हें रिपीट किया जाएगा। पुराने चेहरों में से किसी के ड्रॉप होने की संभावना नहीं नजर आ रही है। पिछली कैबिनेट में जदयू कोटे से कुछ पद खाली रखे गए थे, ऐसे में एक-दो नए चेहरों को पार्टी मंत्रिमंडल का हिस्सा बना सकती है।

read moreये भी पढ़ें:
ये भी पढ़ें:बीजेपी ऑफिस पहुंचे पटना के डीएम, सम्राट कैबिनेट के विस्तार में आएंगे मोदी, शाह

नए चेहरे में कौन

जातीय समीकरण साधने की दिशा में जदयू से एक-दो चेहरों को कैबिनेट में जोड़ा जा सकता है। एक कोइरी नेता के मंत्री बनने की चर्चा है। भगवान सिंह कुशवाहा का नाम इस रेस में चल रहा है। वह भोजपुर जिले की जगदीशपुर सीट से विधायक हैं और पहले भी नीतीश सरकार में मंत्री रह चुके हैं।

read moreये भी पढ़ें:
ये भी पढ़ें:बंगाल फतह, बिहार में खेला; सम्राट सरकार में भाजपा से ज्यादा जदयू के मंत्री नहीं!

पुरानी कैबिनेट में जदयू कोटे से ये नेता थे मंत्री-

  • विजय चौधरी
  • बिजेंद्र प्रसाद यादव
  • श्रवण कुमार
  • अशोक चौधरी
  • लेशी सिंह
  • मदन सहनी
  • सुनील कुमार
  • जमा खान

इनमें से विजय चौधरी और बिजेंद्र प्रसाद यादव नई सरकार में डिप्टी सीएम बनाए जा चुके हैं। अब 7 मई को अन्य नेताओं का शपथ ग्रहण होगा, जिन्हें कैबिनेट में शामिल किया जाएगा।

read moreये भी पढ़ें:
ये भी पढ़ें:सम्राट चौधरी सरकार का कैबिनेट विस्तार 7 मई को, गांधी मैदान में शपथ लेंगे मंत्री

गांधी मैदान में होगा नए मंत्रियों का शपथ ग्रहण, पीएम मोदी भी आएंगे

सम्राट कैबिनेट विस्तार के बाद नए मंत्रियों का शपथ ग्रहण समारोह पटना के गांधी मैदान में 7 मई को आयोजित किया जाएगा। इस समारोह में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह समेत एनडीए के शीर्ष नेताओं के शामिल होने की संभावना है। पटना जिला प्रशासन ने समारोह की तैयारी शुरू कर दी है।

(हिन्दुस्तान ब्यूरो के इनपुट के साथ)

लेटेस्ट Hindi News और Bihar News के साथ-साथ Patna News, Muzaffarpur News, Bhagalpur News और अन्य बड़े शहरों की ताज़ा खबरें हिंदी में पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।