pm narendra modi patna visit nitin nabin amit shah in samract choudhary cabinet oath ceremony सम्राट के घर पहुंचे संजय, विजय और ललन; कैबिनेट विस्तार से पहले भाजपा-जदयू का महा-मंथन, Bihar Hindi News - Hindustan
More

सम्राट के घर पहुंचे संजय, विजय और ललन; कैबिनेट विस्तार से पहले भाजपा-जदयू का महा-मंथन

गुरुवार को पीएम नरेंद्र मोदी लगभग 11 बजे पटना एयरपोर्ट उतरेंगे। इसके बाद सड़क मार्ग से वो प्रदेश भाजपा कार्यालय के रास्ते गांधी मैदान जा सकते हैं। इस दौरान पार्टी के कार्यकर्ताओं की ओर से उनका स्वागत-अभिनंदन करने की तैयारी है।

Wed, 6 May 2026 12:03 PMNishant Nandan हिन्दुस्तान टीम, पटना
share
सम्राट के घर पहुंचे संजय, विजय और ललन; कैबिनेट विस्तार से पहले भाजपा-जदयू का महा-मंथन

सम्राट सरकार का पहला मंत्रिमंडल विस्तार गुरुवार को पटना के ऐतिहासिक गांधी मैदान में होगा। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी इस शपथ समारोह में शामिल होंगे। शपथ समारोह से एक दिन पहले बुधवार को सम्राट चौधरी के नए कैबिनेट में कौन-कौन नेता मंत्री बनेंगे इसे लेकर खूब मंथन चल रहा है। इसी कड़ी में उपमुख्यमंत्री विजय कुमार चौधरी, जदयू के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष संजय कुमार झा और केंद्रीय मंत्री ललन सिंह मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी से मिलने उनके आवास पहुंचे हैं। इन नेताओं के बीच मंत्रिमंडल विस्तार को लेकर चर्चा चल रही है।

गुरुवार को पीएम नरेंद्र मोदी लगभग 11 बजे पटना एयरपोर्ट उतरेंगे। इसके बाद सड़क मार्ग से वो प्रदेश भाजपा कार्यालय के रास्ते गांधी मैदान जा सकते हैं। इस दौरान पार्टी के कार्यकर्ताओं की ओर से उनका स्वागत-अभिनंदन करने की तैयारी है। इसके लिए कुछ जगहों पर छोटे-छोटे मंच बनाए जाएंगे। वहीं गृह मंत्री अमित शाह, केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री जेपी नड्डा और भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन आज यानी बुधवार की शाम में ही पटना पहुंच जाएंगे।

राजकीय अतिथिशाला में ये रात्रि विश्राम करेंगे। शपथ ग्रहण समारोह में पटना से सटे 13 जिलों के भाजपा नेता, कार्यकर्ता और एनडीए गठबंधन के घटक दलों के नेता व कार्यकर्ता शामिल होंगे। बुधवार को प्रदेश भाजपा अध्यक्ष संजय सरावगी ने पार्टी नेताओं के साथ बैठक की। समारोह को भव्य बनाने की तैयारी है। इसके लिए संगठन से जुड़े 150 से अधिक लोगों को जिम्मेवारी दी गई है।

read moreये भी पढ़ें:
ये भी पढ़ें:मैथिली मंत्री की रेस में, जदयू से श्याम रजक; बिहार में ये चेहरे ले सकते हैं शपथ
ये भी पढ़ें:भाजपा और जदयू से 16-16, HAM से 1;सम्राट कैबिनेट में कितने मंत्री ले सकते हैं शपथ

नीतीश कुमार के इस्तीफे के बाद 15 अप्रैल को बिहार में सत्ता की कमान संभालने वाले मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी की सरकार में उनके अलावा दो उप मुख्यमंत्री विजय कुमार चौधरी और बिजेन्द्र प्रसाद यादव हैं। एनडीए में चल रही चर्चाओं के मुताबिक मंत्रिमंडल विस्तार में 28 से 30 मंत्रियों के शपथ लेने की संभावना है। मंत्रिपरिषद के सदस्यों की संख्या अधिकतम 36 हो सकती है। ऐसे में दो-चार पद खाली रह सकते हैं। बंटवारे में एनडीए घटक दलों के बीच भाजपा और जदयू को 16-16, लोजपा (आर) को दो, रालोमो को एक और हम को एक मंत्री पद मिला है।

कौन बनेगा मंत्री

उनमें भाजपा से विजय कुमार सिन्हा, मंगल पांडेय, डॉ. दिलीप कुमार जायसवाल. श्रेयसी सिंह, अरुण शंकर प्रसाद, लखेंद्र रौशन, रामकृपाल यादव, सजय सिंह टाईगर, सुरेंद्र मेहता, नारायण प्रसाद, रमा निषाद, डॉ. प्रमोद कुमार का मंत्री बनना तय माना जा रहा है। संगीता कुमारी, मैथिली ठाकुर, विनोद नारायण झा, नीतीश मिश्रा, आनंद मिश्रा भी रेस में हैं।

जदयू से श्रवण कुमार, अशोक चौधरी, लेशी सिंह, मदन सहनी, सुनील कुमार, जमा खान का मंत्री बनना तय है। इनके अलावा रत्नेश सदा, श्रीभगवान सिंह कुशवाहा का नाम भी है। श्याम रजक, संतोष निराला, शीला मंडल, मीना कामत, कोमल सिंह, रूहेल रंजन की भी चर्चा है।

लेटेस्ट Hindi News और Bihar News के साथ-साथ Patna News, Muzaffarpur News, Bhagalpur News और अन्य बड़े शहरों की ताज़ा खबरें हिंदी में पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।