EO Murder: पुलिस देखते ही फायरिंग, नगर परिषद उपसभापति के पति रामधनी के सफाए की कहानी
ईओ हत्याकांड: अभियुक्त रामधनी यादव के साथ मुठभेड़ में पुलिस के तीन पदाधिकारी भी जख्मी हुए हैं जिनमें डीएसपी लॉ एंड ऑर्डर नवनीत कुमार, सुल्तानगंज इंस्पेक्टर मृत्युंजय कुमार और तकनीकी शाखा प्रभारी परमेश्वर सब शामिल हैं।

बिहार के भागलपुर जिले के सुल्तानगंज में कार्यपालक पदाधिकारी कृष्ण भूषण कुमार की हत्या के बाद पुलिस ने एनकाउंटर किया है। इस एनकाउंटर में इस हत्याकांड का मुख्य आरोपी रामधनी यादव ढेर हुआ है। अब इस एनकाउंटर की पूरी कहानी सामने आई है। यह पता चला है कि ईओ हत्याकांड की जांच में जुटी पुलिस को देखते ही रामधनी ने गोली चला दी थी। जिसके बाद पुलिस ने मोर्चा संभालते हुए उसे ढेर किया है। सुल्तानगंज नगर परिषद के कार्यपालक पदाधिकारी कृष्ण भूषण कुमार हत्याकांड के मुख्य अभियुक्त और नगर परिषद की उपसभापति नीलम देवी के पति रामधनी यादव का पुलिस ने एनकाउंटर किया है।
अभियुक्त के साथ मुठभेड़ में पुलिस के तीन पदाधिकारी भी जख्मी हुए हैं जिनमें डीएसपी लॉ एंड ऑर्डर नवनीत कुमार, सुल्तानगंज इंस्पेक्टर मृत्युंजय कुमार और तकनीकी शाखा प्रभारी परमेश्वर सब शामिल हैं। एसपी प्रमोद कुमार यादव ने घटना को लेकर बताया कि कार्यपालक पदाधिकारी की हत्या और नगर परिषद सभापति को गोली मारने की घटना के बाद पुलिस की टीम घटना में शामिल अभियुक्तों की गिरफ्तारी को लेकर छापेमारी कर रही थी। इस दौरान दो अभियुक्त पकड़े गए उसकी ही निशान देही पर पुलिस की टीम अन्य अभियुक्त की गिरफ्तारी और हथियार की बरामदगी को लेकर पहुंची थी।
पुलिस के पहुंचते ही रामधनी ने पुलिस की टीम पर फायरिंग कर दी इसके बाद आत्मरक्षा के लिए पुलिस ने भी गोली चलाई जो रामधनी को लगी। जख्मी अभियुक्त और तीनों पुलिस पदाधिकारी को इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया जहां डॉक्टर ने रामधनी यादव को मृत घोषित कर दिया। जख्मी हुए तीनों पुलिस पदाधिकारियों का मायागंज स्थित अस्पताल में इलाज किया जा रहा है।
एसएसपी ने बताया कि सभापति और उपसभापति के बीच कई बातों को लेकर पहले से विवाद रहा है और उसी रंजिश में घटना को अंजाम दिया गया। एसएसपी सहित अन्य पुलिस पदाधिकारी सुबह से ही मायागंज में मौजूद हैं। फोरेंसिक एक्सपर्ट की टीम को भी जांच के लिए वहां बुलाया गया। सभापति राजकुमार गुड्डू का पटना स्थित अस्पताल में इलाज किया जा रहा है उनकी हालत स्थिर बताई जा रही है। 11 बजे ऑपरेशन करने की बात भी सामने आई है।
नकाबपोश अपराधियों ने मारी थी गोली
सुल्तानगंज नगर परिषद कार्यालय परिसर में मंगलवार की शाम 4.05 बजे नकाबपोश अपराधियों ने कार्यपालक पदाधिकारी कृष्ण भूषण कुमार की सभापति के चैंबर में गोली मारकर हत्या कर दी। अपराधियों ने परिषद के सभापति राजकुमार गुड्डू को भी गोली मारी थी। अभी सभापति का इलाज चल रहा है। सुल्तानगंज नगर परिषद में हुई घटना के सीसीटीवी फुटेज में दिखा है कि तीनों बदमाश हथियार लेकर कार्यपालक पदाधिकारी कृष्ण भूषण कुमार के चैंबर में घुस गए थे। घुसने के बाद अपराधी ने सभापति राजकुमार गुड्डू पर गोली चला दी। उनपर गोली चलते ही कार्यपालक पदाधिकारी उन अपराधियों से भिड़ गए थे।




साइन इन