Bihar Weather: भीषण गर्मी के बीच बिहार में बदला मौसम, बारिश से खूब राहत; 60 किलोमीटर की रफ्तार से चलेगी हवा
Bihar Weather: बुधवार को राज्य भर में गरज-चमक और तेज हवा के साथ बारिश होने की संभावना है। इस दौरान दक्षिण बिहार की तुलना में उत्तर बिहार में अधिक स्थानों पर बारिश होने की उम्मीद है। पटना जिले के एक-दो स्थानों पर गरज-चमक के साथ बारिश होने की संभावना है।

Bihar Weather: बैशाख और जेठ के मुहाने पर बिहार में मौसम का मिजाज बदल गया है। इस समय सामान्यतः धरती तपती है तो मानसून सीजन में बारिश का प्रभाव अधिक रहता है। लेकिन इस माह राज्य में मौसम के दो रंग देखने को मिले। एक तरफ जहां लोगों को भीषण गर्मी का सामना करना पड़ा, वहीं दूसरी ओर तेज हवा और बारिश के कारण राहत भी मिली।
बुधवार को राज्य भर में गरज-चमक और तेज हवा के साथ बारिश होने की संभावना है। इस दौरान दक्षिण बिहार की तुलना में उत्तर बिहार में अधिक स्थानों पर बारिश होने की उम्मीद है। पटना जिले के एक-दो स्थानों पर गरज-चमक के साथ बारिश होने की संभावना है। इस दौरान अधिकांश जगहों पर बादल छाए रहने के आसार हैं।
मौसम विभाग ने किशनगंज, मधुबनी और सीतामढ़ी में भारी बारिश की चेतावनी जारी की है। इसके साथ ही बिहार में 40 से 60 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से हवा चलने के आसार हैं। प्रदेश के ज्यादातर शहरों के अधिकतम तापमान में अगले दो दिनों के दौरान एक से तीन डिग्री सेल्सियस तक गिरावट आने की संभावना है, जबकि अगले चार दिनों तक न्यूनतम तापमान में कोई विशेष परिवर्तन नहीं होगा।
इस बीच मंगलवार को राज्य के अधिकांश शहरों के अधिकतम और न्यूनतम तापमान में बढ़ोतरी दर्ज की गई। राज्य का अधिकतम तापमान 30.1 से 41.0 डिग्री और न्यूनतम तापमान 21.8 से 27.0 डिग्री के बीच रहा। राज्य में सर्वाधिक तापमान 41 डिग्री सेल्सियस डेहरी में और 40.8 डिग्री सेल्सियस कैमूर में दर्ज किया गया, जबकि सबसे कम तापमान 21.8 डिग्री वाल्मीकिनगर में रहा। वहीं मधुबनी और पटना में 35 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवा चली।
मुजफ्फरपुर में कैसा रहेगा मौसम
अगले दो दिन में मुजफ्फरपुर जिले का मौसम एक बार फिर बदलने की संभावना है। मौसम विज्ञान विभाग ने 30 अप्रैल और एक मई को आंधी के साथ हल्की बारिश होने की संभावना जताई है। हालांकि, 29 मई को मौसम साफ रहने का अनुमान है। इस दौरान अधिकतम तापमान 36 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 23 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है।
डॉ. राजेंद्र प्रसाद केंद्रीय कृषि विवि पूसा के वरीय मौसम वैज्ञानिक डॉ. ए सत्तार ने बताया कि 30 अप्रैल व एक मई को हल्की बारिश की संभावना है। इस दौरान लगभग 40 किमी प्रतिघंटे की रफ्तार से हवा चलेगी। उन्होंने बताया कि बारिश से तापमान में दो डिग्री की गिरावट आ सकती है। अधिकतम तापमान 34° डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 22 से 23° डिग्री सेल्सियस रह सकता है। उन्होंने बताया कि दो मई से मौसम सामान्य रहने की संभावना है। इस दौरान दिन का पारा 35° डिग्री और रात का तापमान 22° डिग्री रह सकता है। हालांकि, हवा की गति छह से 24 किमी प्रतिघंटा रह सकती है।




साइन इन