सिंदूर दान के समय हर्ष फायरिंग में 4 साल की बच्ची की मौत, बिहार की शादी में फिर धांय-धांय
मृतका सौम्या कुमारी धनरुआ के डोमनबिगहा निवासी पिन्टू प्रसाद की पुत्री थी। वह अपनी फुआ की पोती की शादी में मां के साथ आश्रयपुर चार दिनों से आई हुई थी। घटना के वक्त उसकी मां शादी देख रही थी, वहीं वह अपनी पुत्री को छत पर खुले में सुला दी थी।

बिहार की राजधानी पटना में एक शादी समारोह में फिर धांय-धांय गोलियां चली हैं। इस हर्ष फायरिंग में लगातार दूसरे दिन फिर एक मौत भी हुई है। इस बार मंगलवार को शादी समारोह में हर्ष फायरिंग की कीमत 4 साल की एक बच्ची को अपनी जान देकर चुकानी पड़ी है। इससे पहले सोमवार को पटना के एक बारात में हर्ष फायरिंग हुई थी और गोली लगने से 16 साल के लड़के की जान चली गई थी। अब पटना के धनरुआ थाना स्थित आश्रयपुर गांव में मंगलवार की अल सुबह सिन्दूर दान के समय वधू पक्ष की ओर से हर्ष फायरिंग में छत पर सो रही चार वर्षीया बच्ची की मौत हो गई। घटना के बाद वधू पक्ष दुल्हन को विदा कर फरार हो गये।
मृतका सौम्या कुमारी धनरुआ के डोमनबिगहा निवासी पिन्टू प्रसाद की पुत्री थी। वह अपनी फुआ की पोती की शादी में मां के साथ आश्रयपुर चार दिनों से आई हुई थी। घटना के वक्त उसकी मां शादी देख रही थी, वहीं वह अपनी पुत्री को छत पर खुले में सुला दी थी। इस संबंध में बच्ची के चाचा सिन्टू कुमार ने असरफपुर गांव के हिमांशु कुमार समेत पांच लोगों के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज करायी है, जिसमें लड़की के घर वाले भी शामिल हैं। पुलिस फिलहाल एक मुख्य आरोपित हिमांशु का नाम बता रही है। इस बाबत एसडीपीओ-2 कन्हैया सिंह ने बताया कि असरफपुर गांव के सरयुग प्रसाद की पोती व कुसुम कुमारी की तीसरी पुत्री की शादी थी। हिमांशु समेत अन्य आरोपित घर छोड़कर फरार हैं। घटनास्थल से एक भी खोखा पुलिस ने बरामद नहीं किया है।
खुसरूपुर : शादी में हर्ष फायरिंग, किशोर की मौत
इससे पहले पटना के ही खुसरूपुर थाना क्षेत्र के बैकठपुर मंदिर में रविवार की देर रात एक शादी समारोह का जश्न मातम में बदल गया। बारात के दौरान हुई हर्ष फायरिंग में गोली लगने से 16 वर्षीय किशोर की मौत हो गई। घटना की सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। वहीं दो आरोपितों को हथियार सहित गिरफ्तार कर लिया गया है। सोमवार की सुबह ग्रामीण एसपी कुंदन कुमार ने भी घटनास्थल पर पहुंचकर घटनाक्रम का जायजा लिया।
जानकारी के अनुसार डुमरी गांव निवासी रामबाबू की बेटी की शादी रविवार की रात बैकठपुर मंदिर में होनी थी। यहां मंदिर में गांव के ही कुछ लड़के हथियार के साथ डीजे की धुन पर नाच रहे थे। इसी बीच कुछ लड़के हर्ष फायरिंग करने लगे। इसी दौरान एक गोली बारात में डांस कर रहे डुमरी निवासी पप्पू यादव के 16 वर्षीय पुत्र रवि को लग गई।




साइन इन