राज्यसभा चुनाव: कुशवाहा के घर बैठक से पहले चिराग के पार्टी दफ्तर क्यों पहुंचे भाजपा नेता?
बिहार में राज्यसभा चुनाव को लेकर एनडीए में हलचल तेज है। शनिवार शाम उपेंद्र कुशवाहा के आवास पर एनडीए विधायक दल की बैठक आयोजित की गई। इससे पहले भाजपा के नेता चिराग पासवान की पार्टी लोजपा-आर के कार्यालय में हुई बैठक में शामिल हुए।

बिहार में सोमवार को होने वाले राज्यसभा चुनाव के मतदान से पहले एनडीए में बैठकों का दौर जारी है। शनिवार को पूरे दिन पटना में सियासी हलचल रही। शाम में राष्ट्रीय लोक मोर्चा के प्रमुख उपेंद्र कुशवाहा के आवास पर एनडीए विधायक दल की बैठक बुलाई गई। इससे कुछ देर पहले भारतीय जनता पार्टी (BJP) के नेता, केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान की लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) के प्रदेश कार्यालय पहुंच गए।
दरअसल, शाम में लोजपा-आर के दफ्तर में चिराग की पार्टी के विधायक दल की बैठक चल रही थी। भाजपा नेताओं ने इसमें हिस्सा लिया। लोजपा-आर कार्यालय पहुंचने वाले भाजपा नेताओं में राज्यसभा चुनाव के भाजपा केंद्रीय पर्यवेक्षक सह छत्तीसगढ़ के उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा, केंद्रीय सड़क एवं परिवहन राज्यमंत्री हर्ष मल्होत्रा, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष संजय सरावगी और पार्टी के राष्ट्रीय महामंत्री ऋतुराज सिन्हा शामिल रहे।
इस बैठक में लोजपा (रा) के प्रदेश अध्यक्ष राजू तिवारी सहित पार्टी के सभी विधायक एवं वरिष्ठ नेता उपस्थित रहे। बैठक के बाद पत्रकारों से बातचीत में छत्तीसगढ़ के उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा ने कहा कि मुझे उम्मीद है कि राज्यसभा चुनाव में एनडीए के सभी दल के सहयोग से हमारे सभी प्रत्याशी जीत कर आएंगे। लोजपा कार्यालय में सभी विधायक साथियों से मुलाकात हुई। उन्होंने बहुत अच्छा स्वागत किया।
लोजपा (रा) प्रदेश अध्यक्ष राजू तिवारी ने कहा कि हम जीतने की रणनीति पर काम कर रहे हैं। एनडीए के सभी पांच प्रत्याशी राज्यसभा चुनाव में जीतेंगे। उन्होंने कहा कि गठबंधन दलों के बीच आपस में एक-दूसरे के कार्यालय आना-जाना लगा रहता है। रविवार को जेडीयू के वरीय नेता एवं बिहार सरकार में मंत्री विजय चौधरी के यहां एनडीए की बैठक होगी। शनिवार को एनडीए विधायक दल की बैठक का आयोजन उपेंद्र कुशवाहा के आवास पर रात में हुआ।
5 सीटों पर चुनाव के लिए सोमवार को मतदान
बिहार में राज्यसभा की 5 सीटें अप्रैल में रिक्त हो रही हैं। इन पर चुनाव के लिए 6 प्रत्याशियों ने नामांकन किया है। इनमें एनडीए के 5 और विपक्ष से आरजेडी का एक उम्मीदवार है। एनडीए की ओर से मुख्यमंत्री नीतीश कुमार, भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन, रालोमो चीफ उपेंद्र कुशवाहा, केंद्रीय मंत्री रामनाथ ठाकुर और भाजपा नेता शिवेश राम हैं। वहीं, आरजेडी से एडी सिंह चुनावी मैदान में हैं।
राज्यसभा चुनाव के लिए सोमवार को विधानसभा में मतदान होगा। सदन में मौजूदा संख्याबल के हिसाब से एनडीए की 4 सीटों पर जीत पक्की मानी जा रही है। पांचवीं सीट पर एनडीए के पास 3 विधायकों का वोट कम है। हालांकि, सत्ताधारी गठबंधन के नेता विपक्ष के विधायकों के टूटने का दावा करते हुए सभी पांच सीटों पर एनडीए की जीत की संभावना जता रहे हैं।




साइन इन