Security enhanced Bihar Assembly MLA Residences Speaker Meeting ahead Rajya Sabha Elections बिहार विधानसभा और विधायक आवासों की सुरक्षा बढ़ी, राज्यसभा चुनाव से पहले स्पीकर की बैठक, Bihar Hindi News - Hindustan
More

बिहार विधानसभा और विधायक आवासों की सुरक्षा बढ़ी, राज्यसभा चुनाव से पहले स्पीकर की बैठक

बिहार विधानसभा और विधायक आवासों की सुरक्षा बढ़ा दी गई है। स्पीकर ने इस संबंध में पटना डीएम और एसएसपी के साथ बैठक भी की। एक दिन पहले विधानसभा परिसर को बम से उड़ाने की धमकी मिली थी। सोमवार को विधानसभा में राज्यसभा चुनाव का मतदान भी होना है।

Sat, 14 March 2026 07:59 PMJayesh Jetawat लाइव हिन्दुस्तान, पटना
share
बिहार विधानसभा और विधायक आवासों की सुरक्षा बढ़ी, राज्यसभा चुनाव से पहले स्पीकर की बैठक

बिहार में राज्यसभा चुनाव से पहले विधानसभा और विधायक आवासों की सुरक्षा बढ़ा दी गई है। विधानसभा स्पीकर प्रेम कुमार ने शनिवार को उन्होंने पटना जिला प्रशासन के वरीय पदाधिकारियों के साथ इस संबंध में बैठक की। इसमें पटना डीएम एवं एसएसपी शामिल हुए। बैठक में स्पीकर ने कहा कि विधानसभा परिसर और विधायक आवास वाले क्षेत्र की सुरक्षा सुनिश्चित करें।

स्पीकर प्रेम कुमार ने बैठक में कहा कि विधानसभा के मुख्य द्वार से प्रवेश करने वाले सभी व्यक्तियों की जांच की जाए। आईडी जांच के उपरांत ही परिसर में प्रवेश की अनुमति दी जाए। बिना पहचान पत्र के किसी भी व्यक्ति को प्रवेश प्रधान मार्शल की अनुमति के बिना नहीं दिया जाए।

इसके अतिरिक्त विधान मंडल परिसर एवं अन्य गेटों पर लगे सीसीटीवी कैमरों को दुरुस्त कर सख्ती से निगरानी करने को कहा गया। साथ ही, विधानसभा परिसर के आसपास सादे लिबास में भी सुरक्षा अधिकारियों की तैनाती की जाएगी।

read moreये भी पढ़ें:
ये भी पढ़ें:रास चुनाव : 12 वर्षों बाद बिहार में वोटिंग की स्थिति, 2014 में शरद यादव ऐसे जीते

बिहार विधानसभा को उड़ाने की मिली थी धमकी

बता दें कि एक दिन पहले बिहार विधानसभा को बम से उड़ाने की धमकी मिली थी। धमकी भरा ईमेल मिलने के बाद अधिकारियों में हड़कंप मच गया। डॉग स्क्वॉयड की टीम ने पूरे परिसर में चप्पे-चप्पे की तलाशी ली, लेकिन कुछ संदिग्ध नहीं मिला। एटीएस के अधिकारी भी मौके पर पहुंचे और जांच की।

तलाशी के बाद पाया गया कि बम ब्लास्ट की धमकी महज अफवाह है। धमकी भरा ईमेल मिलने के बाद पूरे दिन विधानसभा परिसर में अफरातफरी मची रही।

read moreये भी पढ़ें:
ये भी पढ़ें:कोर्ट के बाद अब विधानसभा को उड़ाने की धमकी, राज्यसभा चुनाव से पहले एक और ईमेल

सोमवार को राज्यसभा चुनाव की वोटिंग

16 मार्च, सोमवार को विधानसभा में राज्यसभा चुनाव की वोटिंग होनी है। राज्य के सभी 243 विधायक मतदान में हिस्सा लेंगे। चुनाव से पहले अधिकतर विधायक पटना में ही हैं, जो नहीं हैं वे भी रविवार शाम तक राजधानी पहुंच जाएंगे। ऐसे में विधायकों के आवास वाले क्षेत्र में निगरानी कड़ी कर दी गई है।

मतदान की तैयारी पूरी

राज्यसभा चुनाव को लेकर विधानसभा में तैयारी पूरी कर ली गई है। सभी 243 विधायकों के मतदान के लिए सभा सचिवालय ने व्यापक प्रबंध किए हैं। अप्रैल महीने में बिहार से पांच राज्यसभा सांसद रिटायर हो रहे हैं। इन 5 सीटों पर चुनाव के लिए 6 प्रत्याशी मैदान में हैं। 5 प्रत्याशी एनडीए से हैं, जबकि 1 प्रत्याशी आरजेडी (महागठबंधन) का है।

विधानसभा में विधायकों की संख्या बल के आधार पर राज्यसभा की चार सीटों पर एनडीए की जीत तय है, लेकिन पांचवीं सीट पर पेच फंसा है। चार सीटों पर मतदान के बाद एनडीए के पास 38 विधायकों के वोट सरप्लस बचेंगे। महागठबंधन के पास 35 वोट हैं। हालांकि, अन्य विधायकों के 6 वोट हैं। इसमें AIMIM के पांच और बसपा के एक विधायक शामिल हैं। इन 6 विधायकों के पास पांचवीं सीट पर जीत की चाबी है। इसके अलावा, क्रॉस वोटिंग हुई तो परिणाम पर असर पड़ सकता है।

(हिन्दुस्तान ब्यूरो के इनपुट के साथ)

read moreये भी पढ़ें:
ये भी पढ़ें:राज्यसभा चुनाव में NDA के लिए खुशखबरी, जेल में बंद अनंत सिंह पर आ गया फैसला
लेटेस्ट Hindi News और Bihar News के साथ-साथ Patna News, Muzaffarpur News, Bhagalpur News और अन्य बड़े शहरों की ताज़ा खबरें हिंदी में पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।