Lalu Tejashwi Yadav MGB MLAs meeting in Patna for one Rajya Sabha seat एक राज्यसभा सीट के लिए लालू-तेजस्वी पटना में जुटा रहे विधायक, '6 नंबर' का सस्पेंस भी खुलेगा?, Bihar Hindi News - Hindustan
More

एक राज्यसभा सीट के लिए लालू-तेजस्वी पटना में जुटा रहे विधायक, '6 नंबर' का सस्पेंस भी खुलेगा?

राज्यसभा चुनाव के मतदान से एक दिन पहले रविवार को लालू एवं तेजस्वी यादव ने महागठबंधन विधायक दल की पटना में बैठक बुलाई है। रविवार को ही AIMIM के बिहार चीफ अख्तरुल ईमान ने इफ्तार पार्टी भी रखी है। इसमें तेजस्वी के शामिल हो सकते हैं।

Sat, 14 March 2026 10:28 PMJayesh Jetawat लाइव हिन्दुस्तान, पटना
share
एक राज्यसभा सीट के लिए लालू-तेजस्वी पटना में जुटा रहे विधायक, '6 नंबर' का सस्पेंस भी खुलेगा?

बिहार की 5 राज्यसभा सीटों पर होने वाले चुनाव में मुख्य विपक्षी पार्टी राष्ट्रीय जनता दल (RJD) एक सीट पर जीतने के लिए एड़ी-चोटी का जोर लगा रही है। आरजेडी सुप्रीमो लालू प्रसाद यादव और विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने महागठबंधन के विधायकों को पटना बुला लिया है। पटना में रविवार को महागठबंधन विधायक दल की अहम बैठक होगी। इसमें आरजेडी के अलावा कांग्रेस, आईआईपी और वाम दलों के सभी विधायक शामिल होंगे।

यह बैठक पूर्व मुख्यमंत्री राबड़ी देवी के 10 सर्कुलर रोड स्थित सरकारी आवास या तेजस्वी यादव के एक, पोलो रोड स्थित आवास में से किसी एक जगह पर आयोजित की जा सकती है। बैठक का समय रविवार शाम में रखा गया है। इसमें आरजेडी सुप्रीमो लालू प्रसाद यादव भी शामिल हो सकते हैं।

कहा जा रहा है कि इस बैठक में महागठबंधन के सभी विधायकों को राज्यसभा चुनाव में मतदान करने की प्रक्रिया के बारे में जानकारी दी जाएगी। राज्यसभा चुनाव की वोटिंग सोमवार 16 मार्च को विधानसभा परिसर में होगी। आरजेडी ने मौजूदा सांसद एडी सिंह को फिर से इस चुनाव में प्रत्याशी बनाया है।

read moreये भी पढ़ें:
ये भी पढ़ें:रास चुनाव : 12 वर्षों बाद बिहार में वोटिंग की स्थिति, 2014 में शरद यादव ऐसे जीते

'6 नंबर' का सस्पेंस भी खुलेगा?

बिहार की जिन 5 राज्यसभा सीटों पर चुनाव हो रहा है, उसमें से 4 पर सत्ताधारी गठबंधन एनडीए की जीत तय मानी जा रही है। एनडीए के पास 202 विधायक हैं, जबकि महागठबंधन के सिर्फ 35 एमएलए हैं। राज्यसभा की एक सीट जीतने के लिए 41 विधायकों का समर्थन जरूरी है। ऐसे में, एडी सिंह को जिताने के लिए तेजस्वी को 6 अतिरिक्त विधायकों के वोट की जरूरत पड़ेगी।

लालू-तेजस्वी की असदुद्दीन ओवैसी की पार्टी AIMIM के 5 और मायावती की बसपा के एक विधायक पर नजर है। पिछले दिनों AIMIM के प्रदेश अध्यक्ष अख्तरुल ईमान के साथ तेजस्वी यादव की बैठक हुई थी। इसमें राज्यसभा चुनाव में समर्थन पर चर्चा की गई थी, लेकिन कोई फैसला नहीं लिया गया था।

read moreये भी पढ़ें:
ये भी पढ़ें:विधानसभा और विधायक आवासों की सुरक्षा बढ़ी, राज्यसभा चुनाव से पहले बैठक

रविवार को ही AMIM नेता अख्तरूल ईमान की ओर से पटना में दावत ए इफ्तार का भी आयोजन किया जा रहा है। नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी प्रसाद यादव को खुद एआईएमआईएम नेता ने आमंत्रण दिया था। तेजस्वी इफ्तार में शामिल होने की बात पहले ही कह चुके हैं। इफ्तार के बहाने आरजेडी ओवैसी के विधायकों का समर्थन जुटाने की कवायद कर रहा है। राज्यसभा चुनाव में ओवैसी और मायावती के 6 विधायकों का समर्थन आरजेडी के एडी सिंह को मिलेगा या नहीं, यह भी रविवार शाम तक साफ होने की संभावना है।

(हिन्दुस्तान ब्यूरो के इनपुट के साथ)

read moreये भी पढ़ें:
ये भी पढ़ें:राज्यसभा चुनाव में NDA के लिए खुशखबरी, जेल में बंद अनंत सिंह पर आ गया फैसला
लेटेस्ट Hindi News और Bihar News के साथ-साथ Patna News, Muzaffarpur News, Bhagalpur News और अन्य बड़े शहरों की ताज़ा खबरें हिंदी में पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।