तेजस्वी के राघोपुर या करगहर से चुनाव लड़ सकते हैं प्रशांत किशोर, कहा- नीतीश लड़ते तो वहीं लड़ता
जन सुराज पार्टी के नेता प्रशांत किशोर ने संकेत दिया है कि वो तेजस्वी यादव की राघोपुर या सासाराम की करगहर सीट से विधानसभा चुनाव लड़ सकते हैं। पीके ने यह भी कहा कि नीतीश कुमार लड़ते तो वो वहीं से लड़ते।

जन सुराज पार्टी के नेता प्रशांत किशोर ने साफ-साफ तो नहीं कहा है लेकिन संकेत दिया है कि बिहार विधानसभा चुनाव में वो राष्ट्रीय जनता दल (आरजेडी) के नेता तेजस्वी यादव की राघोपुर सीट से या फिर रोहतास (सासाराम) में अपने जन्मस्थान की करगहर सीट से चुनाव लड़ सकते हैं। उन्होंने कहा कि किसी को भी अपनी जन्मभूमि या कर्मभूमि से लड़ना चाहिए। प्रशांत ने कहा कि मुख्यमंत्री नीतीश कुमार तो चुनाव लड़ते नहीं है, अगर जनता दल यूनाइटेड (जेडीयू) अध्यक्ष लड़ते तो वो भी वहीं से लड़ते। पीके के नाम से प्रसिद्ध प्रशांत किशोर ने डिजिटल समाचार चैनल ‘बिहार तक’ के कार्यक्रम में सवाल-जवाब के दौरान यह बात कही है।
प्रशांत किशोर से बुधवार को पटना में आयोजित कार्यक्रम में चुनाव लड़ने पर सवाल पूछा गया था। इस पर उन्होंने कहा कि वो पहले भी कह चुके हैं और फिर दोहरा रहे हैं कि अगर नीतीश कुमार चुनाव लड़ते हैं तो वो निश्चित तौर पर चुनाव लड़ेंगे। जन सुराज पार्टी के सारे फैसलों की पटकथा लिखने वाले प्रशांत किशोर ने हालांकि कहा कि वो पार्टी से ऊपर नहीं हैं और पार्टी ही उनके चुनाव लड़ने पर फैसला करेगी। नीतीश को पिछले दरवाजे का नेता बताते हुए प्रशांत ने कहा कि नीतीश ने तो 20 साल से चुनाव लड़ना बंद कर दिया है लेकिन नीतीश लड़ें तो प्रशांत भी लड़ जाएंगे।
दो दिन से मौन क्यों है चुनाव आयोग? बिहार में मतदाता सूची पर आपत्ति या दावा के फाइनल नंबर का इंतजार
प्रशांत किशोर ने तेजस्वी यादव को तनाव देते हुए कहा है कि अगर लड़ेंगे तो राघोपुर सीट से ही लड़ेंगे, और दूसरे जगह से लड़ने का क्या मतलब है। उन्होंने कहा कि वो दूसरों को कहते हैं कि आदमी को चुनाव दो जगह से ही लड़ना चाहिए। या तो आप अपनी जन्मभूमि से लड़िए या फिर कर्मभूमि से लड़िए। प्रशांत किशोर ने कहा कि जन्मभूमि के हिसाब से उन्हें करगहर से लड़ना चाहिए और अगर कर्मभूमि से देखिएगा तो कर्मभूमि राघोपुर ही होनी चाहिए।




साइन इन