नीतीश बख्श दें बिहार को; गोपाल खेमका की हत्या के बाद आधी रात में बोले पप्पू यादव
बिहार के बड़े व्यापारी और पटना के मगध अस्पताल के मालिक गोपाल खेमका की पटना में शुक्रवार की रात घर के सामने हत्या के बाद पूर्णिया के सांसद पप्पू यादव आधी रात घटनास्थल पर पहुंचे और ट्वीट किया- नीतीश जी, बख्श दीजिए बिहार को।

बिहार के बड़े व्यापारी और मगध अस्पताल के मालिक गोपाल खेमका की शुक्रवार की रात पटना में उनके घर के सामने गोली मारकर हत्या के बाद शहर के कारोबारियों में गुस्सा है। परिवार का आरोप है कि गांधी मैदान थाना से महज 500 मीटर दूर खेमका की हत्या हुई लेकिन पुलिस डेढ़ घंटे बाद आई। आधी रात ही घटनास्थल पर पहुंचे पूर्णिया के निर्दलीय सांसद पप्पू यादव ने ट्वीट किया और मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के कानून-व्यवस्था के दावे पर सवाल उठाया है। पप्पू यादव ने लिखा है- नीतीश जी, बिहार को बख्श दीजिए।
पप्पू यादव ने कहा कि सात साल पहले जब गोपाल खेमका के बेटे गुंजन खेमका की हाजीपुर में उनकी फैक्ट्री के गेट पर हत्या हुई थी, तब भी वो खेमका परिवार को दिलासा देने आए थे। उन्होंने आरोप लगाया कि अगर बेटे की हत्या के बाद सरकार अपराधियों की साझीदार नहीं बनती और कठोर कार्रवाई करती तो आज गोपाल खेमका की हत्या नहीं होती। पप्पू यादव ने कहा है- “इस क्रूर महा गुNDAराज में कोई सुरक्षित नहीं है, अपराधियों का अभ्यारण्य बन गया बिहार! नीतीश जी बख़्श दीजिए बिहार को।”
पटना में बड़े व्यापारी गोपाल खेमका की घर के सामने हत्या से सनसनी, 2018 में बेटे का भी मर्डर हुआ था
गोपाल खेमका भाजपा से भी जुड़े रहे हैं। वो नियमित रूप से पटना क्लब जाते थे। शुक्रवार की रात भी वो पटना क्लब से देर रात घर लौटे थे जब अपार्टमेंट के बाहर गेट पर कार से उतरने के दौरान उनको नजदीक से गोली मार दी गई। पुलिस सीसीटीवी वीडियो से सुराग की तलाश कर रही है। पुलिस सूत्रों का कहना है कि हत्या किसने और क्यों की, ये जांच के बाद ही पता चलेगा लेकिन ये जरूर है कि हत्यारे ने गोपाल खेमका के आने-जाने के पैटर्न की रेकी कर रखी थी।




साइन इन