गोपाल खेमका फैमिली में दूसरा मर्डर; 2018 में इसी तरह बेटे गुंजन की हुई थी हत्या
गोपाल खेमका के बेटे गुंजन खेमका की सात साल पहले दिसम्बर 2018 में दिन दहाड़े गोली मारकर वैशाली के हाजीपुर में हत्या कर दी गई थी जब वे फैक्ट्री में जा रहे थे।

बिहार के नामचीन व्यवसायी गोपाल खेमका की शुक्रवार की रात उनके घर पास हत्या कर दी गई। घात लगाए बदमाशों ने उन्हें तब गोलियों से भून दिया जब वे अपनी कार से उतर रहे थे। उनके बेटे गुंजन खेमका की भी सात साल पहले दिसम्बर 2018 में दिन दहाड़े वैशाली के हाजीपुर में हत्या कर दी गई थी जब वे फैक्ट्री में जा रहे थे। बेटे के बाद गोपाल खेमका की हत्या से कारोबारियों में काफी आक्रोश है। वे बिहार के फेसम मगध हॉस्पिटल के मालिक थे। पटना के चर्चित होटल पनाश के पास इस वारदात को अंजाम दिया गया।
गोपाल खेमका हत्या के बाद उनके बेटे गुंजन खेमका हत्याकांड फिर से चर्चा में आ गया है। गुंजन खेमका की जब हत्या की गई तब वे बीजेपी के नेता थे। घटना दिसम्बर 2018 की है। गुंजन हाजीपुर औद्योगिक क्षेत्र स्थित अपने कार्टन फैक्ट्री में जा रहे थे। दिन के उजाले में हाजीपुर के पासवान चौक के पास उन्हें घेरकर गोली मार दी गयी। इस वारदात में उनका ड्राइवर घायल हो गया था। इससे पहले पहले 2016 में गुंजन खेमका पर जानलेवा हमला किया गया था लेकिन वे बाल-बाल बच गए थे।
गुंजन हत्याकांड के प्रत्यक्षदर्शी ड्राइवर मनोज ने बताया था कि गाड़ी फैक्ट्री के गेट पर पहुंच गई थी। गुंजन खेमका कार की अगली सीट पर बैठे थे। खिड़की का शीशा भी बंद था। ड्राइवर उतर गेट खोलने जा ही रहा था कि बदमाशों ने खिड़की से ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। उनके सिर और सीने में कई गोलियां मारी गई थी। वारदात को अंजाम देकर बदमाश पिस्टल लहराते फरार हो गए।
बेटे की हत्या से गोपाल खेमका टूट गए थे। काफी समय तक वे सार्वजनिक गतिविधियों से दूर रहे। उनकी हत्या को लेकर व्यवासायियों काफी आक्रोश है। पटना सेंट्रल एसपी दीक्षा ने बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई। लेकिन परिजनों ने बताया कि थाने से महज 300 मीटर दूरी पर हत्या हुई और पुलिस को पहुंचने में घंटों लग गए। परिवार के लोग ही उन्हें अस्पताल ले गए। सेंट्रल एसपी भी रात करीब ढाई बजे पहुंचीं। उनके अलावे कोई वरीय अधिकारी नहीं आए।
इस मामले में जांच के लिए पटना सेंट्रल एसपी दीक्षा के नेतृत्व में एसआईटी का गठन कर दिया गया है। एफएसएल की टीम मौके पर पहुंच कर सैंपल कलेक्शन कर रही है।




साइन इन