Patna Police reached Gopal Khemka murder spot one and half hours after crime accuses businessman family गोपाल खेमका के घर से 500 मीटर दूर है गांधी मैदान थाना, डेढ़ घंटे बाद पहुंची पुलिस, गुस्से में परिजन, Bihar Hindi News - Hindustan
More

गोपाल खेमका के घर से 500 मीटर दूर है गांधी मैदान थाना, डेढ़ घंटे बाद पहुंची पुलिस, गुस्से में परिजन

बिहार के बड़े व्यापारी गोपाल खेमका की पटना में शुक्रवार की रात हत्या के बाद खेमका परिवार ने आरोप लगाया है कि हत्या की जगह से गांधी मैदान थाना 500 मीटर दूर है, पैदल भी 5 मिनट लगता है लेकिन पुलिस डेढ़ घंटे के बाद आई।

Sat, 5 July 2025 10:31 AMRitesh Verma लाइव हिन्दुस्तान, पटना
share
गोपाल खेमका के घर से 500 मीटर दूर है गांधी मैदान थाना, डेढ़ घंटे बाद पहुंची पुलिस, गुस्से में परिजन

बिहार के बड़े व्यापारी और मगध अस्पताल के मालिक गोपाल खेमका की पटना में शुक्रवार की रात हत्या के बाद पटना पुलिस खेमका परिवार के निशाने पर है। खेमका का परिवार बहुत गुस्से में हैं और कहा कि गांधी मैदान थाना घटनास्थल से 500 मीटर दूर है, जहां से कोई पैदल भी पांच मिनट में आ सकता है, लेकिन पुलिस को आने में डेढ़ घंटे से ज्यादा समय लगा। गांधी मैदान इलाके में इस हत्या ने पटना में पुलिसिंग पर भी सवाल खड़ा कर दिया है कि बाइक या कार से पैट्रोलिंग करने वाले पुलिस अफसर कहां थे।

गोपाल खेमका का रीयल एस्टेट, मेडिकल सेक्टर के अलावा उद्योग-धंधे के मालिक थे। खेमका भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के नेता भी रहे हैं। 2018 में हाजीपुर में उनके बड़े बेटे गुंजन की तब हत्या हो गई थी जब वो अपनी फैक्ट्री से निकल रहे थे। तब उनके बेटे की हत्या फैक्ट्री गेट पर हुई थी और अब गोपाल खेमका की हत्या उनके घर के गेट पर कर दी गई है। खेमका रात में पटना क्लब से लौटे थे, जब हत्यारों ने घर के सामने उन्हें नजदीक से गोली मारी है। खेमका को बेटे गुंजन खेमका की हत्या के बाद पुलिस सुरक्षा मिली थी लेकिन बाद में हटा ली गई।

कारोबारी गोपाल खेमका की हत्या से पटना में सनसनी, घर के पास गोलियों से भूना; बेटे की हो चुकी है हत्या

परिवार ने कहा गोपाल खेमका रोजाना की तरह क्लब गए थे और वहीं से लौट रहे थे। परिजनों ने कहा कि पुलिस हेलमेट, डीएल, सीट बेल्ट और शराब चेक करने में जुटी है। एक परिजन ने कहा कि खबर देने के दो घंटे बाद पुलिस आई। दूसरे परिजन ने तो पुलिस पर मिलीभगत का आरोप भी लगाया है। परिजनों ने कहा कि जहां हत्या हुई है, वहां से थाना, एसपी का दफ्तर, डीएम का घर सब पास में है। एक परिजन ने कहा कि इससे बढ़िया लालू यादव का जंगलराज था जिसमें वो सुरक्षित थे।

लेटेस्ट Hindi News और Bihar News के साथ-साथ Patna News, Muzaffarpur News, Bhagalpur News और अन्य बड़े शहरों की ताज़ा खबरें हिंदी में पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।