यहां बहिष्कार की अपील, वहां लिस्ट में नाम पर जोर; वोटर रिवीजन पर पप्पू यादव का सुर कांग्रेस से अलग
बिहार में दस दिन से चल रहे मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण को लेकर पूर्णिया के निर्दलीय सांसद पप्पू यादव जहां बहिष्कार की खुली अपील कर रहे हैं वहीं कांग्रेस ने मतदाता सूची में नाम जुड़वाने पर फोकस कर दिया है।

बिहार में मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण पर पूर्णिया के निर्दलीय सांसद पप्पू यादव और कांग्रेस के सुर अलग-अलग हो गए हैं। एक साल से भी ज्यादा समय से राहुल गांधी और प्रियंका गांधी का नाम लेकर कांग्रेस में मान-सम्मान तलाश रहे पप्पू यादव अपनी पार्टी जाप का पहले ही विलय कर चुके हैं। पप्पू यादव जहां एक तरफ आम लोगों से वोटर लिस्ट रिवीजन का बहिष्कार करने की खुली अपील कर रहे हैं वहीं दूसरी तरफ कांग्रेस पार्टी ने अपने नेताओं और कार्यकर्ताओं को मतदाता सूची में ज्यादा से ज्यादा नाम जुड़वाने पर फोकस करने का निर्देश दिया है।
चुनाव आयोग ने शुक्रवार को जारी बयान में बताया है कि 10 दिन से जारी इस अभियान में अब तक बूथ लेवल अफसर (BLO) 1.50 करोड़ घरों तक पहुंच गए हैं और 87 प्रतिशत मतदाताओं को लिस्ट में नाम बचाने के लिए गणना फॉर्म (Enumeration Forms) दे दिया गया है। चुनाव आयोग ने कहा है कि बचे हुए वोटर तक भी बीएलओ जाएंगे क्योंकि नियमों के मुताबिक उन्हें घर घर पर कम से कम तीन बार जाना है। आयोग ने अनुमान लगाया है कि बचे हुए 13 फीसदी वोटरों के घर या तो बंद रहे होंगे या अलग-अलग कारणों से वो घर पर नहीं रहेंगे।
बिहार वोटर लिस्ट रिवीजन: कोई कन्फ्यूजन है तो 16 सवालों पर आयोग का जवाब पढ़ लें, बच जाएगा नाम
कांग्रेस समेत ज्यादातर विपक्षी दल इसके खिलाफ दिल्ली से लेकर पटना तक बयान दे रहे हैं, चुनाव अधिकारियों से मिलकर विरोध जता रहे हैं। महागठबंधन के नेताओं ने शुक्रवार को भी बिहार के मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी विनोद सिंह गुंजियाल से मुलाकात की। तेजस्वी यादव के नेतृत्व में गए शिष्टमंडल ने मतदाता सूची पुनरीक्षण तत्काल रोकने की मांग की है। विपक्षी दलों ने चुनाव आयोग से ग्रामीण और वंचित तबकों के हित में दूसरे सरकारी प्रामाणिक दस्तावेजों को भी स्वीकार करने की मांग की है। महागठबंधन ने ऐसा ना होने पर आंदोलन की चेतावनी भी दी है।
समय कम दिया गया है, लोगों में बेचैनी है; बिहार में वोटर लिस्ट रिवीजन पर उपेंद्र कुशवाहा ने उठाए सवाल
बिहार कांग्रेस के दफ्तर सदाकत आश्रम में कांग्रेस जिलाध्यक्षों की बैठक के बाद प्रदेश अध्यक्ष राजेश राम ने कहा कि बैठक में मतदाता सूची में ज्यादा से ज्यादा लोगों का नाम शामिल करने पर विचार हुआ। वहीं कांग्रेस के समर्थक पप्पू यादव गुरुवार से ही रिवीजन का बॉयकॉट करवा रहे हैं। उन्होंने सोशल मीडिया पर ट्वीट किया है कि बीएलओ अगर आएं तो उनको चाय-पानी पिलाकर लौटा दें, उनसे बदतमीजी ना करें। पप्पू यादव ने खुली अपील की है कि बीएलओ से फॉर्म लेकर जला दें, उसे ना भरें।




साइन इन