वोटर लिस्ट रिवीजन के लिए बीएलओ को मिले 8 करोड़ फॉर्म, नहीं भरने वालों का कटेगा नाम
बिहार में चल रहे वोटर लिस्ट रिवीजन यानी मतदाता गहन पुनरीक्षण के लिए सभी बीएलओ को लगभग 8 करोड़ गणना फॉर्म सौंपे गए हैं। इन्हें घर-घर जाकर मतदाताओं से भराया जा रहा है। 25 जुलाई तक नहीं भरने वाले का नाम वोटर लिस्ट से काट दिया जाएगा।

बिहार में आगामी विधानसभा चुनाव के मद्देनजर मतदाता सूची का विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान जारी है। 26 जुलाई तक चलने वाले इस अभियान के तहत पूर्व से मतदाता सूची में शामिल वोटर को गणना फॉर्म घर-घर जाकर उपलब्ध कराया जाना है। बूथ लेवल ऑफिसर (बीएलओ) को हर मतदाताओं तक वितरण के लिए 8 करोड़ गणना फॉर्म उपलब्ध करा दिए गए हैं। चुनाव आयोग कहना है कि यह फॉर्म नहीं भरने वालों का नाम सूची से काट दिया जाएगा।
निर्वाचन विभाग से मिली जानकारी के मुताबिक, सभी जिलों में गणना फॉर्म प्रिंट कराकर बीएलओ को दे दिए गए हैं। इसके आधार पर ही बीएलओ गणना फॉर्म भरवाकर फोटो एवं आवश्यक दस्तावेजों के साथ एकत्र भी कर रहे हैं। मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण के लिए जिला स्तर पर जिला निर्वाचन पदाधिकारी सह जिलाधिकारी को गणना फॉर्म की प्रिंटिंग कराकर उसे बीएलओ के माध्यम से वितरित एवं संग्रह कराने की जिम्मेवारी सौंपी गई है।
बीएलओ घर जाकर मतदाता का सत्यापन करेंगे
ऑनलाइन गणना फॉर्म भरने वाले मतदाताओं का भी घर पर जाकर बीएलओ सत्यापन करेंगे। अगर, ऐसे मतदाताओं के लंबे समय से मतदान केंद्र क्षेत्र में नहीं निवास करने की सूचना मिलती है तो उनके नाम मतदाता सूची से हटाए जाएंगे। वहीं, जिन मतदाताओं द्वारा गणना फॉर्म 25 जुलाई तक नहीं भरा जाता है तो उनके नाम भी हटाए जाएंगे।
10 बीएलओ पर एक सुपरवाइजर की तैनाती
चुनाव आयोग के अनुसार, 10 बीएलओ पर एक बीएलओ सुपरवाइजर की तैनाती की गई है। हर बीएलओ के 10 फीसदी काम की जांच की जिम्मेदारी सुपरवाइजर को दी गई है। निर्वाची पदाधिकारी (ईआरओ) को अपने विधानसभा क्षेत्र में सहायक निर्वाचक निबंधन पदाधिकारी (एईआरओ), बीएलओ सुपरवाइजर एवं बीएलओ के साथ नियमित बैठक करने की जवाबदेही सौंपी गई है, ताकि यह सुनिश्चित हो सके कि कार्य सतही तौर पर नहीं हो।
साथ ही लापरवाह कर्मियों के खिलाफ त्वरित कार्रवाई की जा सके। इन सब के अतिरिक्त एक पदाधिकारी को रोल ऑब्जर्वर नियुक्त किया गया है, जो 250 फॉर्म की सुपर चेकिंग करेंगे। इन 250 गणना फॉर्म में से 50 गणना फॉर्म का फील्ड जांच भी करेंगे।




साइन इन