Officer murder in CM Samrat Choudhary Ang region open challenge to Police authority सम्राट चौधरी के अंग इलाके में अफसर की हत्या से खलबली, पुलिस के इकबाल को खुली चुनौती, Bihar Hindi News - Hindustan
More

सम्राट चौधरी के अंग इलाके में अफसर की हत्या से खलबली, पुलिस के इकबाल को खुली चुनौती

भागलपुर जिले के सुल्तानगंज में कार्यपालक पदाधिकारी कृष्ण भूषण कुमार की दिनदहाड़े हत्या और नगर परिषद सभापति पर हमले की घटना के जरिए अपराधियों ने पुलिस के इकबाल को खुली चुनौती दी है। यह घटना मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के अंग क्षेत्र में हुई है, जिससे प्रशासनिक रूप से भी खलबली मची हुई है। 

Tue, 28 April 2026 11:33 PMJayesh Jetawat लाइव हिन्दुस्तान, भागलपुर
share
सम्राट चौधरी के अंग इलाके में अफसर की हत्या से खलबली, पुलिस के इकबाल को खुली चुनौती

बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के अंग क्षेत्र में एक सरकारी अफसर की हत्या से खलबली मच गई है। भागलपुर जिले के सुल्तानगंज नगर परिषद कार्यालय में दिनदहाड़े हथियारबंद अपराधी घुस आए। उन्होंने सभापति राज कुमार गुड्डू पर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। इस दौरान अपराधियों से भिड़े नगर परिषद के कार्यपालक पदाधिकारी (ईओ) कृष्ण भूषण कुमार की अपराधियों ने हत्या कर दी। सरकारी दफ्तर में दिनदहाड़े हुई इस घटना ने सम्राट सरकार की बिहार पुलिस के इकबाल को खुली चुनौती दे दी है।

इस घटनाक्रम से अंग क्षेत्र ही नहीं बल्कि समूचा बिहार दहल गया है। सरकारी कार्यालय में घुसकर अपराधियों ने जिस तरह बेखौफ तरीके से गोलीकांड को अंजाम दिया, उससे सुरक्षा एवं कानून व्यवस्था पर गंभीर सवाल उठने लगे हैं। सुल्तानगंज में हुई घटना आपसी रंजिश, वर्चस्व की जंग की ओर मुड़ती हुई दिखाई दे रही है। पुलिस अपराधियों की तलाश में जुटी है। घटना सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई। बताया जा रहा है कि अपराधियों ने रेकी कर पूरी प्लानिंग के साथ यह वारदात की।

सभापति की हत्या करने आए थे अपराधी, ईओ की हो गई हत्या

अपराधी सुल्तानगंज नगर परिषद के सभापति राज कुमार गुड्डू की हत्या करने आए थे। शाम लगभग 4 बजे जब गुड्डू अपने चैंबर में सैरात की बंदोबस्ती का काम कर रहे थे। तभी वहां तीन अपराधी घुसे और सभापति पर ताबड़तोड़ फायरिंग शुरू कर दी। जैसे ही गोलीबारी हुई, चैंबर में मौजूद लोग भागने लगे।

वहां मौजूद ईओ कृष्ण भूषण कुमार ने अपराधियों को रोकने की कोशिश की। वह हमलावरों से उलझ गए। इसी दौरान बदमाशों ने उनके सिर में गोली मार दी। सभापति को भी सिर में गोली लगी है। दोनों को तुरंत सुल्तानगंज अस्पताल ले जाया गया, जहां से प्राथमिक उपचार के बाद भागलपुर रेफर कर दिया गया।

read moreये भी पढ़ें:
ये भी पढ़ें:सभापति को मारने आए बदमाशों से उलझे ईओ, खुद मारे गए; सुल्तानगंज मर्डर का फुटेज

ईओ कृष्ण भूषण ने रास्ते में ही दम तोड़ दिया। वह बिहार नगर सेवा के अधिकारी थे और मधुबनी के रहने वाले थे। वहीं, सभापति राजकुमार गुड्डू का भागलपुर के मायागंज अस्पताल में इलाज किया गया। मगर उनकी हालत नाजुक बनी रहने के चलते पटना रेफर कर दिया गया। परिजन देर रात तक उन्हें एयर एंबुलेंस के जरिए पटना ले जाने की कवायद में जुटे रहे।

कृष्ण भूषण की हत्या से भड़के अधिकारी, सीएम सम्राट को अल्टीमेटम

दिनदहाड़े सरकारी कार्यालय में घुसकर कार्यपालक पदाधिकारी की हत्या होने से बिहार नगर सेवा से जुड़े अफसरों में रोष है। बिहार नगर सेवा संघ ने मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी को ज्ञापन देकर 48 घंटे के भीतर दोषियों को पकड़ने, पीड़ित परिवार के एक सदस्य को नौकरी देने और राज्य के सभी कार्यपालक पदाधिकारियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की है। संघ ने धमकी दी है कि मांगें नहीं माने जाने पर राज्य भर के ईओ हड़ताल पर उतर जाएंगे।

read moreये भी पढ़ें:
ये भी पढ़ें:बिहार में अपराधी का तांडव, नगर परिषद में घुसकर EO का मर्डर, सभापति को गोली मारी

अंग क्षेत्र के रहने वाले हैं मुख्यमंत्री

मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी मुंगेर जिले के तारापुर से विधायक हैं। तारापुर के लखनपुर में उनका परिवार रहता है। बैजलपुर में उनका पैतृक घर है। सीएम बनने के बाद पहली बार को बीते रविवार को सम्राट यहां पहुंचे थे और स्थानीय लोगों एवं कार्यकर्ताओं से मुलाकात की थी। मुंगेर, भागलपुर, बांका जिला अंग क्षेत्र में ही आता है। सीएम के क्षेत्र में इतनी बड़ी एवं गंभीर वारदात को अंजाम देना, अपराधियों की पुलिस को खुली चुनौती के रूप में देखा जा रहा है।

हालांकि, इस घटनाक्रम के बाद भागलपुर से पटना तक हड़कंप मच गया। भागलपुर के एसएसपी से लेकर सिटी एसपी समेत कई वरीय अधिकारी शाम को ही सुल्तानगंज पहुंच गए और मामले की जांच की। भागलपुर के डीएम ने भी मायागंज अस्पताल पहुंचकर जानकारी ली। अपराधियों की धरपकड़ के लिए पुलिस की अलग-अलग टीमें गठित की गई हैं। संभावित ठिकानों पर छापेमारी की जा रही है। फिलहाल, हत्या के कारणों को लेकर कुछ स्पष्ट जानकारी सामने नहीं आई है।

read moreये भी पढ़ें:
ये भी पढ़ें:मारब सिक्सर की 6 गोली... बिहार में अफसर की हत्या पर तेजस्वी ने पीएम मोदी को घेरा
ये भी पढ़ें:अवैध वसूली पर सख्ती बनी EO कृष्ण भूषण की हत्या की वजह? ठेके की जंग में गई जान
ये भी पढ़ें:सम्राट सरकार को 48 घंटे का अल्टीमेटम, मर्डर से भड़के अफसरों की हड़ताल की धमकी
लेटेस्ट Hindi News और Bihar News के साथ-साथ Patna News, Muzaffarpur News, Bhagalpur News और अन्य बड़े शहरों की ताज़ा खबरें हिंदी में पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।