मारब सिक्सर की 6 गोली छाती में... बिहार में अफसर की हत्या पर तेजस्वी ने पीएम मोदी को घेरा
भागलपुर में ऑफिस में घुसकर सरकारी अफसर की हत्या को लेकर तेजस्वी यादव ने पीएम मोदी और सम्राट सरकार पर निशाना साधा है। उन्होने कहा कि पीएम मोदी ने बिहार चुनाव में मारब सिक्सर की 6 गोली छाती में... गाकर भाजपाई गुंडों को खूब उकसाया था। बीजेपी सरकार में हत्या होना अब मंगलराज की श्रेणी में आता है
भागलपुर जिले में मंगलवार को एक सनसनीखेज वारदात सामने आई है। जब सुल्तानगंज नगर परिषद कार्यालय में दिनदहाड़े अंधाधुंध फायरिंग कर दी गई। इस हमले में नगर परिषद के कार्यपालक पदाधिकारी कृष्ण भूषण कुमार की मौत हो गई, जबकि सभापति राजकुमार गुड्डू गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद पूरे इलाके में अफरा-तफरी मच गई। वहीं इस घटना की आरजेडी ने निंदा की है। साथ ही नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने ट्वीट कर पीएम मोदी पर तंज कसा है। और भाजपा पर हमला बोला है।
तेजस्वी यादव ने लिखा कि भागलपुर में सरकारी अधिकारी की कार्यालय में ही गोली मारकर हत्या हुई। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बिहार चुनाव में मारब सिक्सर की 6 गोली छाती में...गाकर भाजपाई गुंडों को खूब प्रोत्साहित किया था। अब तो उन अपराधियों का ही सीएम है। बीजेपी सरकार में हत्या होना अब मंगलराज की श्रेणी में आता है।
बिहार चुनाव में गाने पर हुई थी सियासत
आपको बता दें 2025 में बिहार चुनाव में मारब सिक्सर की 6 गोली छाती में... गाना काफी चर्चा में रहा था। पीएम मोदी चुनावी रैलियों में इस गाने का बोल सुनाकर आरजेडी को घेरा था। और कहा था कि यही इनका (राजद) तौर तरीका है। यही इनका प्लान है। इनसे कोई भी सवाल पूछेगा तो यही जवाब मिलेगा। मार अब सिक्सर के, छह गोली छाती में। अब इसी गाने की याद दिलाकर तेजस्वी ने बीजेपी और पीएम मोदी को घेरा है।
ऑफिस में घुसकर ईओ को मारी गोलियां
आज भागलपुर के सुल्तानगंज नगर परिषद कार्यालय में हथियारबंद अपराधियों ने घुसकर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। इसमें कार्यपालक पदाधिकारी (ईओ) कृष्ण भूषण कुमार की मौत हो गई। उनके माथे में दो गोली लगी है। जबकि इस घटना में नगर परिषद के सभापति राज कुमार गुड्डू के सिर में भी गोली मारी गई है। उनकी हालत गंभीर बनी हुई है। एसएसपी ने बताया कि सीसीटीवी फुटेज से पता चला है कि तीन अपराधी सभापति के चैंबर में घुसे और उन पर गोली चलाने लगे। सभापति पर पर हो रहे हमला को बचाने में कार्यपालक पदाधिकारी अपराधियों से उलझ गए। जिससे उनके माथे में भी गोली लग गई, जिससे उनकी मौत हो गई है।
सीसीटीवी से दो अपराधियों की शिनाख्त हुई
सीसीटीवी फुटेज में दो अपराधियों की शिनाख्त हुई है। वे स्थानीय हैं। अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए तीन-चार टीम गठित की गई है।प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि अपराधियों ने नगर परिषद कार्यालय में घुसते ही अंधाधुंध फायरिंग शुरू कर दी। गोलीबारी की आवाज सुनते ही कार्यालय परिसर में हंगामा हो गया। इस बीच नगर परिषद के कर्मचारी और वार्ड पार्षद एकजुट होकर ऑफिस की ओर दौड़े। लेकिन, बदमाश फायरिंग करते हुए मौके से फरार हो गए। घटना के बाद दोनों को तत्काल सुल्तानगंज रेफरल अस्पताल पहुंचाया गया।




साइन इन