Krishna Bhushan Murder outrage officials Bihar Municipal Services Association warns Samrat Government of Strike सम्राट सरकार को 48 घंटे का अल्टीमेटम, कृष्ण भूषण मर्डर से भड़के अफसरों ने दी हड़ताल की धमकी, Bihar Hindi News - Hindustan
More

सम्राट सरकार को 48 घंटे का अल्टीमेटम, कृष्ण भूषण मर्डर से भड़के अफसरों ने दी हड़ताल की धमकी

भागलपुर जिले के सुल्तानगंज नगर परिषद के कार्यपालक पदाधिकारी कृष्ण भूषण कुमार की कार्यालय में गोली मारकर हत्या के बाद सरकारी अफसरों में रोष है। बिहार नगर सेवा संघ ने सम्राट सरकार को 48 घंटे का अल्टीमेटम देकर हड़ताल की धमकी दे दी है। 

Tue, 28 April 2026 10:34 PMJayesh Jetawat हिन्दुस्तान ब्यूरो, पटना
share
सम्राट सरकार को 48 घंटे का अल्टीमेटम, कृष्ण भूषण मर्डर से भड़के अफसरों ने दी हड़ताल की धमकी

बिहार के भागलपुर जिले के सुल्तानगंज नगर परिषद में कार्यपालक पदाधिकारी (ईओ) कृष्ण भूषण कुमार की गोली मारकर हत्या करने के मामले में सरकारी अफसर भड़क गए हैं। बिहार नगर सेवा संघ ने सम्राट सरकार को 48 घंटे का अल्टीमेटम देकर हड़ताल की धमकी दे दी है। संघ ने हत्याकांड के दोषियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई करने, पीड़ित परिवार के एक सदस्य को नौकरी देने और राज्य भर के सभी ईओ की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की है। दरअसल, सुल्तानगंज नगर परिषद कार्यालय में घुसकर अपराधियों ने अंधाधुंध गोलीबारी की जिसमें ईओ कृष्ण भूषण की मौत हो गई। जबकि नगर परिषद के सभापति राज कुमार गुड्डू गंभीर रूप से घायल हो गए।

कृ्ष्ण भूषण कुमार मधुबनी के रहने वाले थे। वह बिहार नगर सेवा के अधिकारी थे। भागलपुर जिले के कहलगांव नगर पंचायत में कार्यपालक पदाधिकारी के रूप में उनकी तैनाती थी। सुल्तानगंज नगर परिषद के ईओ का पद खाली रहने के चलते उन्हें वहां का अतिरिक्त प्रभार दिया गया था।

सीएम से मानवाधिकार आयोग तक ज्ञापन

बिहार नगर सेवा संघ ने इस घटना पर रोष जताते हुए मंगलवार देर शाम मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी, नगर विकास विभाग के प्रधान सचिव, डीजीपी और मानवाधिकार आयोग को ज्ञापन सौंपा है। संघ ने मुख्य सचिव प्रत्यय अमृत समेत गृह विभाग के सचिव, सभी प्रमंडलीय आयुक्त और सभी जिलाधिकारियों को भी इसकी प्रति भेजी है।

48 घंटे का अल्टीमेटम

संघ ने राज्य सरकार को कार्रवाई के लिए 48 घंटे का समय दिया है। नगर सेवा के अधिकारियों की ओर से धमकी दी गई है कि अगर उनकी मांगों पर संतोषजनक कार्रवाई नहीं की गई, तो सभी निकायों के अफसर हड़ताल पर चले जाएंगे।

read moreये भी पढ़ें:
ये भी पढ़ें:सभापति को मारने आए बदमाशों से उलझे ईओ, खुद मारे गए; सुल्तानगंज मर्डर का फुटेज

कैसे हुआ मर्डर

सुल्तानगंज नगर परिषद कार्यालय में यह घटना मंगलवार, 28 अप्रैल की शाम को लगभग 4 बजे हुई। तीन अपराधी हथियार लेकर सभापति राज कुमार गुड्डू के चैंबर में घुस गए। उन्होंने सभापति को टारगेट करते हुए अंधाधुंध गोलीबारी शुरू कर दी। वहां मौजूद ईओ कृष्ण भूषण कुमार निहत्थे ही अपराधियों से भिड़ गए। उन्होंने बंदूकधारी बदमाशों को रोकने की भरसक कोशिश की। इसी गहमागहमी में अपराधियों ने उनके माथे पर गोली मार दी। सभापति को भी सिर में गोली लगी।

वारदात को अंजाम देने के बाद अपराधी वहां से फरार हो गए। कार्यालय में मौजूद अन्य कर्मी एवं पार्षद वहां पहुंचे। गोली लगने से घायल ईओ और सभापति को अस्पताल ले जाया गया, जहां से उन्हें भागलपुर रेफर कर दिया गया। रास्ते में ईओ कृष्ण कुमार ने दम तोड़ दिया। वहीं, सभापति गुड्डू कुमार का भागलपुर के मायागंज अस्पताल में इलाज चल रहा है। उनकी हालत नाजुक बताई जा रही है।

read moreये भी पढ़ें:
ये भी पढ़ें:बिहार में अपराधी का तांडव, नगर परिषद में घुसकर EO का मर्डर, सभापति को गोली मारी

इस हत्याकांड ने सुरक्षा और कानून व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े किए हैं। प्रशासनिक रूप से हड़कंप मच गया। भागलपुर एसएसपी समेत वरीय अधिकारी तुरंत सुल्तानगंज पहुंचे और जांच की। पुलिस की अलग-अलग टीमें गठित की गई हैं। ईओ की हत्या करने वाले बदमाशों को पकड़ने के लिए छापेमारी की जा रही है। हत्याकांड की वजह सामने नहीं आई है। सीसीटीवी फुटेज से स्पष्ट हुआ है कि अपराधी सभापति गुड्डू कुमार की हत्या करने आए थे, लेकिन ईओ के बीच में आने पर उन पर भी गोली चला दी गई।

read moreये भी पढ़ें:
ये भी पढ़ें:मारब सिक्सर की 6 गोली... बिहार में अफसर की हत्या पर तेजस्वी ने पीएम मोदी को घेरा
लेटेस्ट Hindi News और Bihar News के साथ-साथ Patna News, Muzaffarpur News, Bhagalpur News और अन्य बड़े शहरों की ताज़ा खबरें हिंदी में पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।