Bhagalpur Sultanganj Nagar Parishad Murder Firing CCTV Footage criminals target chairman EO died confronting assailants सभापति को मारने आए बदमाशों से उलझे ईओ, खुद मारे गए; सुल्तानगंज मर्डर का CCTV फुटेज, Bihar Hindi News - Hindustan
More

सभापति को मारने आए बदमाशों से उलझे ईओ, खुद मारे गए; सुल्तानगंज मर्डर का CCTV फुटेज

भागलपुर जिले के सुल्तानगंज नगर परिषद कार्यालय में सभापति को मारने आए बदमाशों से कार्यपालक पदाधिकारी (ईओ) उलझ गए। बदमाशों ने उनके माथे में दो गोलियां उतार दीं। इससे उनकी मौत हो गई। नगर परिषद के सभापति को भी सिर में गोली लगी है, उनकी हालत गंभीर है। 

Tue, 28 April 2026 08:07 PMJayesh Jetawat हिन्दुस्तान, सुल्तानगंज/भागलपुर
share
सभापति को मारने आए बदमाशों से उलझे ईओ, खुद मारे गए; सुल्तानगंज मर्डर का CCTV फुटेज

बिहार के भागलपुर जिले में सुल्तानगंज नगर परिषद कार्यालय में दिनदहाड़े फायरिंग और मर्डर ने सभी को झकझोर कर रख दिया। इस घटना का सीसीटीवी फुटेज सामने आया है। इसमें तीन नकाबपोश बदमाश बेखौफ होकर नगर परिषद कार्यालय में घुसते हैं। हाथ में बंदूकें लिए ये बदमाश गोलियों को बौछार करने लगते हैं। सीसीटीवी वीडियो देखने से लग रहा है कि अपराधी पूरी प्लानिंग के साथ आए थे। गोली लगने से सुल्तानगंज नगर परिषद के कार्यपालक पदाधिकारी (ईओ) कृष्ण कुमार की मौत हो गई, जबकि सभापति राज कुमार गुड्डू गंभीर रूप से जख्मी हो गए।

यह वारदात मंगलवार दोपहर करीब 4 बजकर 5 मिनट पर हुई। नगर परिषद कार्यालय में सभापति राज कुमार अपने चैंबर में सैरात की बंदोबस्ती कर रहे थे। तभी अपराधी वहां पहुंचे। उन्होंने सभापति को टारगेट करते हुए फायरिंग शुरू कर दी।

सभापति को बचाने में खुद मारे गए ईओ

इसी बीच वहां मौजूद ईओ कृष्ण कुमार, अपराधियों को रोकने की कोशिश में उनसे उलझ गए। इससे उनके माथे पर गोली लग गई और उनकी मौत हो गई। भागलपुर के एसएसपी प्रमोद कुमार यादव ने कहा कि अपराधी सभापति को मारने आए थे।

read moreये भी पढ़ें:
ये भी पढ़ें:बिहार में अपराधी का तांडव, नगर परिषद में घुसकर EO का मर्डर, सभापति को गोली मारी

नगर परिषद कार्यालय में अफरातफरी

कार्यालय में मौजूद कुछ लोग फायरिंग होते ही वहां से भाग निकले। वहीं, गोली चलने की आवाज सुनकर अन्य कर्मचारी और वार्ड पार्षद एकजुट होकर ऑफिस की ओर दौड़े। मगर बदमाश फायरिंग करते हुए मौके से फरार हो गए। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि अपराधियों ने कार्यालय में घुसते ही अंधाधुंध फायरिंग कर दी। गोलीबारी से कार्यालय परिसर में अफरातफरी मच गई।

सभापति को भी सिर में गोली लगी

अपराधियों के भागने के बाद ईओ और सभापति को तुरंत प्राथमिक इलाज के लिए सुल्तानगंज रेफरल अस्पताल पहुंचाया गया। वहां प्राथमिक इलाज के बाद उन्हें भागलपुर रेफर कर दिया गया। रास्ते में ही ईओ ने दम तोड़ दिया। वहीं, सभापति राज कुमार का मायागंज अस्पताल में इलाज चल रहा है। बताया जा रहा है कि उनके भी सिर में गोली लगी है।

read moreये भी पढ़ें:
ये भी पढ़ें:मुजफ्फरपुर में ट्रिपल मर्डर! कमरे में मिले मां-बच्चों के शव, रिश्तेदारों पर आरोप

स्थानीय थे अपराधी, गिरफ्तारी के लिए छापेमारी

इस वारदात ने सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े करते हुए लॉ एंड ऑर्डर की चुनौती दी है। घटना की जानकारी मिलते ही भागलपुर से एसएसपी प्रमोद यादव, सिटी एसपी शैलेंद्र सिंह समेत अन्य वरीय पुलिस अधिकारी सुल्तानगंज पहुंचे। उन्होंने लोगों से जानकारी ली, सीसीटीवी फुटेज खंगाले। शुरुआती जांच में पता चला है कि अपराधी स्थानीय ही थे। उनकी गिरफ्तारी के लिए 3-4 टीमों का गठन किया गया है। उनकी गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है।

मधुबनी के रहने वाले थे ईओ कृष्ण कुमार

कृष्ण कुमार मूलरूप से मधुबनी जिले के रहने वाले थे। वह बिहार प्रशासनिक सेवा के अधिकारी थे। उनकी पोस्टिंग कहलगांव नगर पंचायत के कार्यपालक पदाधिकारी के रूप में थी। उन्हें सुल्तानगंज नगर परिषद का अतिरिक्त प्रभार दिया गया था।

(भागलपुर और सुल्तानगंज से हिन्दुस्तान संवाददाताओं की रिपोर्ट)

लेटेस्ट Hindi News और Bihar News के साथ-साथ Patna News, Muzaffarpur News, Bhagalpur News और अन्य बड़े शहरों की ताज़ा खबरें हिंदी में पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।