Bihar Flood: बेघर हो गए सैकड़ों परिवार, खाने पर आफत; बिहार में गंगा नदी ने तबाही लेकर आई
चमथा-3 पंचायत के नंबर बांध पर खुले आसमान के नीचे डेरा डाले संजीत महतो, बिंदी महतो, रामबाबू महतो, गीता महतो आदि बाढ़ पीड़ितों ने बताया कि वे दिहाड़ी मजदूरी कर अपने परिवार का भरण- पोषण करते हैं। चमथा दियारा का इलाका पूरी तरह जलमग्न है। बाढ़ के कारण उन्हें कोई कामकाज नहीं मिल रहा है।
गंगा नदी के जल स्तर में लगातार हो रही वृद्धि ने बिहार के अलग-अलग जिलों में तबाही मचाई है। बेगूसराय में सैकड़ों लोग बेघर हो गए हैं और इन लोगों को खाने-पीने की भी दिक्कत हो रही है। जिले के चमथा दियारे की सभी पांच पंचायतों में बाढ़ की स्थिति भयावह बनी हुई है। गंगा बाया नदी के रिंग बांध पर पानी का दबाव बढ़ जाने के कारण कई जगह से रिसाव शुरू हो चुका है। सूरो आलमपुर के समीप रिंग बांध में बने बिल होकर पानी का हो रहे भारी रिसाव से स्थानीय किसानों में दिन भर अफरातफरी मची रही। मामले की सूचना बाढ़ नियंत्रण विभाग के अधिकारियों को दी गई। करीब 24 घंटे बाद कर्मियों ने मिट्टी बंद बोरी के सहारे रिंग बांध से पानी के रिसाव पर काबू पाया। दूसरी तरफ दियारे की सभी सड़कों पर 3 से 5 फीट ऊंचा बाढ़ का पानी बह रहा है।
दियारे की सभी बस्तियों के जलमग्न होने के साथ ही अधिकतर घरों में बाढ़ का पानी घुस जाने से सैकड़ों परिवार अपने घर छोड़ गांव से बाहर ऊंचे स्थलों पर शरण ले रखे हैं। बाढ़ के कारण गांव से पलायन करने वाले लोगों के समक्ष भोजन पर संकट की स्थिति बनी हुई है। मवेशियों के चारे के लिए उन्हें दर-दर भटकना पड़ रहा है। वैसे लोग जो अपने घरों में रह रहे हैं, उन्हें राशन व अन्य जरुरी सामग्रियों को लाने के लिए पानी में डूबी सड़क होकर आवाजाही करनी पड़ रही है। दिहाड़ी मजदूरी करने वाले लोगों की सर्वाधिक खराब हालत बनी हुई है।
चमथा-3 पंचायत के नंबर बांध पर खुले आसमान के नीचे डेरा डाले संजीत महतो, बिंदी महतो, रामबाबू महतो, गीता महतो आदि बाढ़ पीड़ितों ने बताया कि वे दिहाड़ी मजदूरी कर अपने परिवार का भरण- पोषण करते हैं। चमथा दियारा का इलाका पूरी तरह जलमग्न है। बाढ़ के कारण उन्हें कोई कामकाज नहीं मिल रहा है। पिछले 15- 20 दिनों से वे उधार सूखा राशन खरीद कर अपने बाल- बच्चों के साथ जिंदगी काट रहे हैं।
चमथा दियारे के सभी पांच पंचायतों के कुल 21हजार 697 लाभुकों को सरकार की ओर से बाढ़ राहत की राशि देने के लिए जीआर की सूची में शामिल किया गया है। इन पंचायतों में विशनपुर से 4037, चमथा-1 से 3682, चमथा- 2 से 3565, चमथा- 3 से 5225, दादुपुर से 5188 लाभुकों को जीआर की सूची में शामिल किया गया है।
सीओ ने सभी पंचायत अनुश्रवण समिति को दो दिनों के भीतर जीआर की सूची अनुमोदित करने का निर्देश दिया है। गंगा के बढ़ते जलस्तर के प्रभावित क्षेत्रों का जायजा प्रखंड स्तरीय अधिकारियों ने पंचायत जनप्रतिनिधियों के साथ शनिवार को लिया। बीडीओ अनुरंजन कुमार के नेतृत्व में प्रखंड स्तरीय अधिकारियों की टीम, पंचायत जनप्रतिनिधि तथा विभिन्न राजनीतिक दलों के कार्यकर्ताओं ने गंगा के बढ़ते जलस्तर से प्रभावित मल्हीपुर दक्षिणी पंचायत के वार्ड 9 से लेकर 15 तक तथा केशवे पंचायत के वार्ड संख्या-11 सिसवा का जायजा लिया।
बीडीओ अनुरंजन कुमार ने बताया कि मल्हीपुर दक्षिणी पंचायत के सिमरियाघाट बिंदटोली में रविवार से तीन जगह पर स्वास्थय शिविर शुरू होगा। सामुदायिक भवन बिंदटोली, वार्ड 15 में पंचायत समिति सदस्य के दरबाजे पर तथा वार्ड 9 प्राथमिक विद्यालय बिदटोली परिसर में रविवार से स्वास्थय शिविर शुरू करने को लेकर जरूरी दिशा निर्देश दिया गया है। पशुचारा, सामुदायिक किचेन, पॉलीथीन सीट वितरण को लेकर भी जरूरी निर्देश संबंधित कर्मियो को दिये गये हैं। बीडीओ ने बताया कि चापाकल की जरूरत वाले जगहों को भी चिह्नित किया गया है।
साथ ही, इन क्षेत्रों में प्रकाश की जरूरत वाली जगहों को भी चिह्नित किया गया है। मौके पर बरौनी सीएचसी प्रभारी डा. मनोज कुमार, तकनीकी सहायक प्रिया सिंह, पीएचईडी के जेई अमित कुमार, भ्रमणशील पशु चिकित्सा अधिकारी डा. प्रतिमा, राजस्व कर्मचारी शैलेन्द्र कुमार, वार्ड सदस्य अजय कुमार, नरेश निषाद, सीताराम निषाद, रंजीत महतो, रौदी कुमार, प्रह्लाद सिंह समेत अन्य मौजूद थे।




साइन इन