Bihar Weather: बिहार के सुपौल, नवादा समेत इन जिलों में भारी बारिश का येलो अलर्ट, पटना में कैसा रहेगा मौसम
Bihar Weather: उत्तर-मध्य और उत्तर-पूर्व भागों के जिलों में कुछ स्थानों पर बिजली व ठनका गिरने के साथ ही 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवा चलने के आसार हैं। इधर शनिवार को पटना सहित 12 जिलों में हल्के से मध्यम स्तर की बारिश हुई। इस दौरान मुजफ्फरपुर में सबसे अधिक 46.2 मिलीमीटर बारिश हुई।
Bihar Weather: बिहार के पांच जिलों सुपौल, अररिया, किशनगंज, गयाजी और नवादा जिले के एक या दो स्थानों पर भारी बारिश होगी। इस बाबत मौसम विभाग की ओर से येलो अलर्ट जारी किया गया है। दूसरी तरफ उत्तर-मध्य और उत्तर-पूर्व भागों के जिलों में कुछ स्थानों पर बिजली व ठनका गिरने के साथ ही 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवा चलने के आसार हैं।
इधर शनिवार को पटना सहित 12 जिलों में हल्के से मध्यम स्तर की बारिश हुई। इस दौरान मुजफ्फरपुर में सबसे अधिक 46.2 मिलीमीटर बारिश हुई। राज्य के अधिकतम तापमान में बढ़ोतरी और न्यूनतम तापमान में गिरावट आई। प्रदेश का सबसे अधिक तापमान 34.9 डिग्री सेल्सियस शेखपुरा में और सबसे कम तापमान 24.6 डिग्री सेल्सियस बांका में दर्ज किया गया।
राजधानी में 6.8 एमएम बारिश दर्ज की गई
पटना में रविवार को बादल छाये रहेंगे। इस दौरान जिले के एक-दो स्थानों पर बिजली व ठनका गिरने के साथ ही बारिश होने के भी आसार हैं। वहीं शनिवार को पटना में सुबह से बादल छाये रहे। इस दौरान राजधानी के कई इलाकों में हल्के स्तर की बारिश हुई। मौसम विभाग के अनुसार राजधानी में 6.8 मिलीमीटर बारिश हुई। इसके बावजूद अधिकतम तापमान में 0.6 डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी हुई। पटना का अधिकतम तापमान 32.3 और न्यूनतम तापमान 25.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
मुजफ्फरपुर में कैसा रहेगा मौसम
इधर मुजफ्फरपुर में एक दिन पहले के मुकाबले झमाझम बारिश से अधिकतम तापमान दो डिग्री लुढ़क कर 29.5 डिग्री पर आ गया। न्यूनतम तापमान भी एक डिग्री गिरकर 24.5 डिग्री दर्ज किया गया। पूसा स्थित ग्रामीण मौसम विज्ञान केंद्र के वरीय वैज्ञानिक डॉ. ए. सत्तार ने बताया कि जिले के उपर से होकर चक्रवाती रेखाएं गुजर रही हैं। इस कारण अभी बारिश होती रहेगी। हालांकि उन्होंने खंड बारिश होने की संभावना जताई है। कहा कि शनिवार को भी पूरे जिले मे एक समान बारिश नहीं हुई। कहीं अधिक बारिश हुई तो कहीं बूंदाबांदी होकर रह गया।
पूर्णिया में मूसलाधार बारिश के आसार
पूर्णिया जिले में 15 अगस्त से मूसलाधार बारिश के आसार बन रहे हैं। इसके पहले 10 अगस्त को अनेक स्थानों पर वर्षा होगी जबकि 11 अगस्त को हल्की से मध्यम वर्षा की संभावना है। इसके बाद 12 और 13 अगस्त को अनेक स्थानों पर वर्ष की संभावना बनी हुई है, जबकि 14 अगस्त को हल्की वर्षा के आसार हैं।
भागलपुर में कैसा रहेगा मौसम
सावन के आखिरी दिन यानी शनिवार को बारिश नहीं होने से बाढ़ पीड़ितों ने राहत की सांस ली। मौसम विभाग के अनुमानों की मानें तो अगले दो दिनों में आंशिक या फिर पूरी तरह से बादल तो छाए रहेंगे, लेकिन बारिश की संभावना न के बराबर होगी। शनिवार को अधिकतम तापमान 32.7 व न्यूनतम 26.6 डिग्री सेल्सियस रहा। बिहार कृषि विश्वविद्यालय, सबौर के मौसम वैज्ञानिक डॉ. बीरेंद्र कुमार ने बताया कि रविवार को आमतौर पर बादल छाए रहेंगे तो वहीं सोमवार को आंशिक रूप से बादल छाए रहेंगे। इस दौरान हल्की बारिश या बूंदाबांदी होने की संभावना है।




साइन इन