Bihar Flood: 19 लोग मर गए, 10 लाख से अधिक प्रभावित; बिहार में 10 नदियों से 13 जिलों में बाढ़ से हाहाकार
Bihar Flood: पटना, भोजपुर, वैशाली, लखीसराय, शेखपुरा, भागलपुर, मधुबनी, मुंगेर, सीतामढ़ी, खगड़िया, कटिहार, समस्तीपुर, बेगूसराय के कई स्थानों पर सड़कों पर पानी आने से गाड़ियों का परिचालन बंद हो गया है। लोग बांधों पर शरण लिए हुए हैं।
Bihar Flood: बिहार की बड़ी नदियों में उफान से 13 जिलों में बाढ़ जैसे हालात हो गये हैं। इन जिलों की दो सौ से अधिक पंचायतें बाढ़ की चपेट में हैं। इससे करीब दस लाख से अधिक की आबादी प्रभावित है। प्रभावित इलाकों में पशुओं के चारे का संकट हो गया है। फसलों को भी क्षति पहुंची है। बिहार की दस नदियां खतरे के निशान से ऊपर बह रही हैं। बाढ़ के पानी में डूबने से अलग-अलग जिलों में 19 लोगों की मौत हुई है। इनमें सबसे ज्यादा पटना जिले में नौ, भागलपुर में चार, भोजपुर में दो, लखीसराय, बेगूसराय, गया जी व कैमूर में एक-एक व्यक्ति की डूबने से मौत हुई है।
सड़कों पर नदियों का पानी फैल जाने से कई इलाकों का सम्पर्क भंग हो गया है। भागलपुर-सुल्तानगंज के बीच एनएच 80 पर गंगा का पानी आ जाने से आवागमन रोक दिया गया है। पटना के निकट दनियावां और बिहारशरीफ एनएच-30 ए पर भी पानी चढ़ गया है। पटना, भोजपुर, वैशाली, लखीसराय, शेखपुरा, भागलपुर, मधुबनी, मुंगेर, सीतामढ़ी, खगड़िया, कटिहार, समस्तीपुर, बेगूसराय के कई स्थानों पर सड़कों पर पानी आने से गाड़ियों का परिचालन बंद हो गया है। लोग बांधों पर शरण लिए हुए हैं। पीने के पानी का भी भीषण संकट पैदा हुआ है।
गंगा का जलस्तर पटना से फरक्का तक उफान पर है। पटना और कहलगांव में खतरे के निशान से डेढ़ मीटर ऊपर बह रही है। पुनपुन व सोन का जलस्तर भी सभी जगहों पर तेजी से बढ़ रहा है। कोसी कटिहार, भागलपुर व खगड़िया में, गंडक वैशाली के लालगंज में, बागमती व अधवारा नदी सीतामढ़ी में, बूढ़ी गंडक खगड़िया में, घाघरा सीवान व सारण में, महानंदा नदी कटिहार में ऊफान पर है। परमान नदी व कमला बलान नदी कई स्थानों पर चेतावनी स्तर के पार है। खगड़िया जिले में बाढ़ का पानी एनएच 31 तक पहुंच गया है। लोहिया नगर व कृष्णापुरी मुहल्ले में गंडक नदी का पानी घुस गया है।
भागलपुर जिले की 38, पटना की 22, समस्तीपुर जिले की 20 और मुंगेर की 15 पंचायतें बाढ़ से सबसे अधिक प्रभावित हैं। ये पूरी तरह जलमग्न हो गई हैं। भागलपुर जिले के गोपालपुर, इस्माइलपुर, नारायणपुर, नाथनगर, सबौर एवं सुल्तानगंज प्रखंडों की 38 पंचायतों की करीब एक लाख आबादी प्रभावित है। मुंगेर जिले के मुंगेर सदर एवं धरहरा प्रखंड की 15 पंचायतों में करीब सवा लाख आबादी प्रभावित है। पटना जिले में अथमलगोला, मोकामा, बाढ़, दानापुर एवं पटना सदर प्रखंडों की 14 पंचायतों में करीब 91 हजार आबादी प्रभावित हुई है। वैशाली जिले के हाजीपुर, महनार, राघोपुर एवं सहदेई बुजुर्ग प्रखंडों की 22 पंचायतों में करीब 1 लाख 55 हजार आबादी प्रभावित है।
भोजपुर जिले में शाहपुर प्रखंड के 13 पंचायतों की 34 हजार आबादी प्रभावित है। लखीसराय के पिपरिया प्रखंड की करीब 7500 आबादी प्रभावित है। खगड़िया जिले में बाढ़ का पानी एनएच 31 तक पहुंच गया है। लोहिया नगर व कृष्णापुरी मुहल्ले में गंडक नदी का पानी घुस गया है। कटिहार जिले में नदी का पानी कई इलाके में फैल रहा है। इससे कुरसेला, बरारी, मनिहारी और अमदाबाद प्रखंड की 60 हजार से अधिक आबादी बाढ़ से प्रभावित है। समस्तीपुर के पटोरी अनुमंडल की 20 पंचायतों के 25 हजार से अधिक लोग पानी से घिर गए हैं। दर्जनभर से अधिक गांवों का संपर्क जिला मुख्यालय से टूट गया है।
मधुबनी में भूतही बुलान फैली
मधुबनी जिले के मधेपुर प्रखंड में मटरस तथा तरडीहा पंचायत के गांवों में भूतही बलान नदी का पानी फैल गया है। यहां राम टोला के पास बाढ़ का पानी सड़क पर बहने लगा है। इस कारण करीब आठ-दस फीट में सड़क क्षतिग्रस्त हो गई है। शेखपुरा जिले के घाटकुसुम्भा प्रखंड की पांच पंचायतें बाढ़ की चपेट में है। पानापुर-बाउघाट रोड में पुल के ऊपर से करीब तीन फीट पानी बह रहा है। बेगूसराय मे सिमरियाघाट बिंदटोली से लेकर नमामि गंगाघाट, श्मशानघाट पूरी तरह से जलमग्न हो गया है। भोजपुर के शाहपुर, बड़हरा, आरा सदर, बिहिया एवं कोईलवर प्रखंड प्रभावित है। सड़कों पर नावें चल रही हैं।




साइन इन