Lover Dies Girlfriend Shot Gun Missing Police Puzzled Murder or Suicide in Love Affair प्रेमी की मौत, गर्लफ्रेंड को भी लगी गोली; बंदूक गायब; प्रेम प्रसंग में मर्डर या सुसाइड में उलझी पुलिस, Bihar Hindi News - Hindustan
More

प्रेमी की मौत, गर्लफ्रेंड को भी लगी गोली; बंदूक गायब; प्रेम प्रसंग में मर्डर या सुसाइड में उलझी पुलिस

वैशाली जिले के भगवानपुर में गुरुवार शाम को एक प्रेमी की गोली लगने से मौत हो गई, जबकि प्रेमिका घायल हो गई। मृतक के पिता ने लड़की के पिता पर हत्या का आरोप लगाया है। जबकि लड़की के पिता ने कहा कि युवक लूट के इरादे से उनके घर में घुसा था और पकड़े जाने पर बेटी को गोली मारकर खुद सुसाइड कर लिया।

Thu, 23 April 2026 11:00 PMJayesh Jetawat हिन्दुस्तान, भगवानपुर/हाजीपुर
share
प्रेमी की मौत, गर्लफ्रेंड को भी लगी गोली; बंदूक गायब; प्रेम प्रसंग में मर्डर या सुसाइड में उलझी पुलिस

बिहार के वैशाली जिले में गुरुवार शाम को एक प्रेमी की गोली लगने से मौत हो गई, जबकि प्रेमिका गंभीर रूप से घायल हो गई। घटना भगवान थाना क्षेत्र के इमादपुर की है। प्रेमी का शव केलवानी में बरामद किया गया। युवती को इलाज के लिए हाजीपुर सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया। मौके से बंदूक बरामद नहीं हो पाई है। पुलिस मामले की छानबीन कर रही है लेकिन हत्या या आत्महत्या की गुत्थी में उलझी हुई है।

मृत प्रेमी पंकज के पिता ने लड़की के पिता पर गोली मारकर हत्या करने का आरोप लगाया है। वहीं दूसरी ओर लड़की के पिता का आरोप है कि लड़का अपराधी प्रवृत्ति का था। वह उनके घर में लूट के इरादे से घुसा था। बेटी ने विरोध किया तो उसने उसे गोली मारी और खुद को घिरता देख अपने सिर में भी गोली मार ली।

युवक-युवती में चल रहा था प्रेम प्रसंग

मिली जानकारी के अनुसार मृत युवक पंकज कुमार इमादपुर गांव निवासी फेंकन सहनी का पुत्र था। युवक-युवती दोनों का घर आसपास ही है। दोनों में वर्षों से प्रेम-प्रसंग चल रहा था। गुरुवार की शाम सूचना फैली कि युवक ने पहले युवती को गोली मारी और फिर उसने खुद को घर के पास केले के बगान में जाकर सिर में गोली मार ली।

इस घटना में घटनास्थल पर की उसकी मौत हो गई। गोली की अवाज सुनकर लोग भागे-भागे वहां पहुंची तो उसका शव पड़ा था। मौके पर अफरा-तफरी और चीख-पुकार मच गई। परिजनों ने आनन-फानन में युवती को इलाज के लिए सदर अस्पताल हाजीपुर पहुंचाया। वहीं जहां युवक का शव पड़ा था वहां की घेराबंदी की, ताकि सबूत से कोई छेड़छाड़ न कर सके।

read moreये भी पढ़ें:
ये भी पढ़ें:मुजफ्फरपुर में बीच सड़क ठांय-ठांय, ऑटो में महिला को मारी गोलियां; अफेयर का मामला

पुलिस तलाश रही पिस्टल, जेल जा चुका था पंकज

पुलिस को घटनास्थल से पिस्टल नहीं मिली है। इस मामले में स्थानीय थाना पुलिस के साथ एफएसएल की टीम देर शाम तक घटनास्थल पर जमी रही और विभिन्न पहलुओं पर मामले की छानबीन की। एसडीपीओ सदर सुबोध कुमार भी घटनास्थल पर पहुंचे और हत्या और आत्महत्या की गुत्थी को सुलझाने की कोशिश करते रहे।

पुलिस उस पिस्टल को तलाश रही है, जिससे पंकज कुमार ने आत्महत्या की या फिर उसकी हत्या की गई। कुछ लोगों ने दबी जुबान में बताया कि मृत युवक पंकज अपराधी प्रवृति का था। पिछले वर्ष महुआ में हुई लूटपाट मामले में वह जेल गया था और करीब छह महीने पहले जेल से छूटकर आया था।

read moreये भी पढ़ें:
ये भी पढ़ें:भाभी से अफेयर का खूनी अंजाम; भाई ने भाई का किया कत्ल, देवर संग भागी थी महिला

पंकज के पिता बोले- लड़की वालों ने मार दिया

दूसरी ओर मृत पंकज के पिता फेकन सहनी ने बताया कि दोनों में वर्षों से प्रेम-प्रसंग चल रहा था। गुरुवार को युवती के पिता उपेंद्र सहनी ने दोनों को बातचीत करते हुए देख लिया था। इसी आवेश में उपेंद्र सहनी ने उनके बेटे को दौड़ाकर गोली मार दी। इससे घटनास्थल पर ही पंकज की मौत हो गई।

पुलिस क्या बोली

हाजीपुर सदर एसडीपीओ सुबोध कुमार के अनुसार प्रेमी की गोली लगने से मौत और प्रेमिका के घायल होने की सूचना पर पुलिस की टीम घटनास्थल पर पहुंची। पुलिस ने घटनास्थल की घेराबंदी कर मौके से जरूरी साक्ष्य जुटाए हैं। पुलिस हत्या और आत्महत्या दोनों पहलुओं पर जांच कर रही है। शव की स्थिति और पिस्टल का बरामद न होना संदेह पैदा कर रहा है। अत: अभी कुछ भी कहना जल्दबाजी होगी।

गोली चलने की आवाज सुन पहुंचे लोग

इमादपुर गांव स्थित केला बागान में गुरुवार की देर शाम अचानक गोली चलने की आवाज सुनकर ग्रामीणों की भीड़ जुटनी शुरू हो गई। ग्रामीण जब वहां पहुंचे तो देखा कि एक युवक केला बागान में जमीन पर पीठ के बल गिरा पड़ा और उसके सिर से काफी खून निकल रहा है। लोगों ने पास जाकर देखा तो उसकी मौत हो चुकी थी। वहीं दूसरी ओर एक युवती को गोली लगने की बात कहते हुए हाजीपुर सदर अस्पताल ले जाया गया, जहां से हालत गंभीर देख चिकित्सकों ने रेफर कर दिया।

read moreये भी पढ़ें:
ये भी पढ़ें:प्रेमी की गर्दन और पेट को चीर डाला, बिहार में प्रेमिका के चाचा की हैवानियत

लड़की के पिता बोले- लूट के इरादे से आया था पंकज

पूरे घटनाक्रम के संबंध में उपेंद्र साहनी ने हाजीपुर सदर अस्पताल में मीडिया कर्मियों को बताया कि उनकी बेटी की शादी जेठ महीने में तय थी। शादी को लेकर घर में 4 लाख रुपये कैश रखे हुए थे। पंकज कुमार अपराधी प्रवृत्ति का युवक है। गुरुवार को उनकी पत्नी अपने मायके गई हुई थी। इसी बीच घर में रखा पैसा लूटने के लिए पंकज वहां पहुंचा। इसका उनकी बेटी गंगा ने विरोध किया तो पंकज ने उस पर फायरिंग कर दी।

युवती के पिता के अनुसार गोली उनकी बेटी की बांह को छूकर निकल गई। हालांकि उसके छर्रे पूरे बांह में लगे हुए हैं। यहां से भागने के बाद पंकज कुमार ने केलवानी में जाकर खुद को भी गोली मार ली। वहीं इस मामले में मृत लड़के पंकज के पिता फेकन साहनी ने हत्या का आरोप लड़की के पिता उपेंद्र सहनी और अन्य लोगों पर लगाया है।

फेकन साहनी ने बताया कि काफी दिनों से मेरे पुत्र पंकज साहनी और उपेंद्र साहनी के बेटी के बीच प्रेम प्रसंग चल रहा था। इसको लेकर उपेंद्र साहनी एवं उसका पूरा परिवार उनके बेटे की हत्या करना चाहता था। गुरुवार को पंकज उनके साथ खेत में काम कर रहा था। गंगा कुमारी ने पंकज को मिलने के लिए केला बगान में बुलाया। इसी दौरान उपेंद्र सहनी भी केला बागान में पहुंचा और उसकी गोली मारकर हत्या कर दी गई।

घटनास्थल से नहीं मिली पिस्टल

वहीं पुलिस भी इस पूरे घटनाक्रम को लेकर उलझन में है। भगवानपुर पुलिस ने एफएसएल टीम को बुलाकर मौके से जरूरी साक्ष्य इकट्ठा किए। पुलिस शव के गिरने की स्थिति का भी आकलन कर रही है। आत्महत्या और हत्या की स्थिति में शरीर किस दिशा में गिरता है, इस एंगल को भी पुलिस खंगाल रही है। जांच रिपोर्ट आने के बाद ही पूरा घटनाक्रम स्पष्ट हो पाएगा।

(हाजीपुर और भगवानपुर से हिन्दुस्तान संवाददाताओं की रिपोर्ट)

read moreये भी पढ़ें:
ये भी पढ़ें:बहन के लव मैरिज से नाराज भाई का खौफनाक इंतकाम, बहनोई का मर्डर कर गाड़ दी लाश
लेटेस्ट Hindi News और Bihar News के साथ-साथ Patna News, Muzaffarpur News, Bhagalpur News और अन्य बड़े शहरों की ताज़ा खबरें हिंदी में पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।