मुजफ्फरपुर में बीच सड़क ठांय-ठांय, ऑटो में जा रही महिला को शूटर ने मारी 3 गोलियां; लव अफेयर का मामला
मुजफ्फरपुर के अहियापुर में गुरुवार को बीच सड़क बाइक सवार शूटर ने ऑटो में जा रही एक महिला को ताबड़तोड़ तीन गोलियां मार दीं। महिला गंभीर रूप से घायल हो गईं। लव अफेयर का मामला बताया जा रहा है। महिला ने अपने ही गांव के एक वार्ड सदस्य पर आरोप लगाया है।

Muzaffarpur News: बिहार के मुजफ्फरपुर में गुरुवार को एक महिला को दिनदहाड़े बदमाशों ने गोली मार दी। घटना अहियापुर में चंदन बखरी के पास हुई। महिला अपनी भाभी के साथ शहर से बोचहां के बरहामपुर गांव स्थित अपने घर लौट रही थी। तभी बाइक सवार शूटर ने उसे तीन गोलियां मारीं। गोली लगने से महिला गंभीर रूप से घायल हो गई। उसका इलाज चल रहा है। मामला प्रेम प्रसंग से जुड़ा बताया जा रहा है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। फायरिंग की घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल पैदा हो गया।
घायल महिला का नाम मदीना खातून बताया जा रहा है। वह गुरुवार सुबह अपनी भाभी को इलाज के लिए मुजफ्फरपुर के एसकेएमसीएच अस्पताल के ओपीडी में लेकर गई थी। अस्पताल से वह भाभी के साथ ऑटो में सवार होकर वापस गांव लौट रही थी। तभी चंदन बखरी के पास दो बाइक सवार आए, उनमें से एक ने उसे तीन गोलियां मार दीं। आरोपी गोली मारकर मौके से फरार हो गए।
मदीना के बांह, सीने और कमर के पास गोली लगी है। जिस ऑटो से वह घर जा रही थी, उसी में उसे घायल अवस्था में एसकेएमसीएच अस्पताल लाकर भर्ती कराया गया। उसका इलाज जारी है। सूचना मिलने पर अहियापुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और छानबीन शुरू की। एसडीपीओ टाउन 2 विनीता सिन्हा ने अस्पताल पहुंचकर महिला से पूछताछ की।
पति से अनबन, वार्ड सदस्य से चल रहा था प्रेम प्रसंग
महिला ने अपने ही गांव के एक वार्ड सदस्य पर गोली चलवाने का आरोप लगाया है। उसने कहा कि वार्ड सदस्य पर उसने यौन उत्पीड़न का केस किया हुआ है। इससे वह रंजिश पाले हुए है। कुछ दिनों पहले वार्ड सदस्य के घर पर भी फायरिंग हुई थी। तब उसने मदीना के खिलाफ पुलिस थाने में केस दर्ज कराया था।
बताया जा रहा है कि महिला का वार्ड सदस्य से प्रेम प्रसंग चल रहा था। मदीना पहले से शादीशुदा है। पहले पति से भी उसकी अनबन चल रही है और दोनों अलग-अलग रहते हैं। महिला का आरोप है कि इसी का फायदा उठाकर वार्ड सदस्य ने उसे झांसा दिया। मदीना ने आशंका जताई है कि वार्ड सदस्य ने ही दुश्मनी में उस पर गोली चलवाई है।
वहीं, महिला की भाभी जोया खातून ने मीडिया से बातचीत में कहा कि ऑटो से जाते समय दो बाइक सवार आए। उन्होंने ऑटो रुकवाया। फिर मदीना को चांटा मारकर उस पर फायरिंग कर दी। आरोपी उसे केस उठवाने की धमकी दे रहे थे।
पुलिस मामले में कार्रवाई के लिए जुट गई है। कुछ दिनों पूर्व भी मदीना के साथ मारपीट हुई थी। तब वह केस दर्ज कराने बोचहां थाने गई थी, लेकिन उसकी शिकायत जांच पर रख ली गई थी।
(मुजफ्फरपुर से प्रधान संवाददाता की रिपोर्ट)




साइन इन