बिहार : दरभंगा-बेंगलुरु रूट पर सीधी फ्लाइट का किराया कितना, टाइमिंग भी जान लीजिए
बिहार भाजपा अध्यक्ष और दरभंगा विधायक संजय सरावगी ने दरभंगा-बेंगलुरु रूट पर अकासा एयर की सीधी हवाई सेवा शुरू होने का स्वागत किया है। उन्होंने इसे मिथिला के विकास, व्यापार और शिक्षा के लिए बड़ी सौगात बताते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्रति आभार व्यक्त किया है।

दरभंगा-बेंगलुरु रूट पर रविवार से सीधी हवाई सेवा शुरू हो जाने से यात्रियों को दोगुना से भी अधिक किराया और समय की बचत होगी। बता दें कि अकासा एयर की यह फ्लाइट सप्ताह के सातों दिन उड़ान भरेगी। विमान सुबह 9.40 बजे बेंगलुरु से उड़ान भरकर दोपहर 12:15 बजे दरभंगा पहुंचेगा और यहां से दोपहर 12:50 बजे उड़ान भरकर 3:30 बजे वापस बेंगलुरु लैंड करेगा। इससे पहले इस रूट पर स्पाइसजेट सेवा देती थी, लेकिन बीच-बीच में सेवा बंद होने से यात्रियों को काफी परेशानी हो रही थी। यात्रियों को दरभंगा से बेंगलुरु वाया हैदराबाद जाना पड़ता था। इससे दोगुना से भी अधिक किराया और समय खर्च करना पड़ता था। अब अकासा एयर की सेवा शुरू होने से लोगों की सुविधा बढ़ी है।
इस अवसर पर मौजूद स्थानीय सांसद सह दरभंगा एयरपोर्ट सलाहकार समिति के चेयरमैन डॉ. गोपाल जी ठाकुर ने कहा कि दरभंगा हवाई अड्डे से बेंगलुरु के बीच अकासा की सीधी उड़ान सेवा का शुभारम्भ होना न केवल दरभंगा बल्कि संपूर्ण मिथिला क्षेत्र के लिए बड़ी उपलब्धि है। इस उड़ान सेवा से पर्यटन तथा रोजगार का विस्तार होगा। उन्होंने कहा कि पूर्व में स्पाइसजेट ने इस रूट पर सीधी हवाई सेवा शुरू की थी। बाद में इसके बंद होने से लोगों को कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा था। इस आलोक में हमने केंद्रीय नागर विमानन मंत्री राममोहन नायडू से भेंट कर इसके लिए पहल करने का आग्रह किया था। इसका सकारात्मक परिणाम आज दिख रहा है।
उन्होंने कहा कि अकासा के विमान में बेंगलुरु जाने वाले यात्रियों की संख्या इस बात का परिचायक है कि दरभंगा-बेंगलुरु के बीच विमान सेवा शुरू होना आवश्यक था। सांसद डॉ. ठाकुर ने कहा कि एक वर्ष के भीतर यात्रियों की संख्या में 57 प्रतिशत का इजाफा इस बात का प्रमाण है कि यह एयरपोर्ट अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे की सभी मानकों को पूरा करता है। इसके लिए उन्होंने पीएम मोदी व नागर विमानन मंत्री का आभार जताया है।
इधर, दरभंगा चैंबर ऑफ कॉमर्स के अध्यक्ष पवन सुरेका ने इस पहल का स्वागत करते हुए कहा कि मिथिला क्षेत्र से बड़ी संख्या में लोग विभिन्न कार्यों से बेंगलुरु जाते हैं। बड़ी संख्या में लोग वहां नौकरी भी करते हैं। ऐसे में इस सेवा के शुरू होने से उन लोगों को आवागमन में काफी सुविधा होगी। पवन सुरेका ने कहा कि उम्मीद है कि अकासा की यह सेवा नियमित रहेगी और लोगों को फ्लाइट कैंसिल होने से होने वाली समस्याओं का सामना नहीं करना पड़ेगा।
यात्रियों को अभी ढीली करना होगी जेब: दरभंगा-बेंगलुरु रूट पर हवाई सेवा का लाभ उठाने के लिए यात्रियों को अभी अपनी जेब थोड़ी ढीली करनी होगी। अकासा एयर की वेबसाइट के अनुसार छह अप्रैल को दरभंगा से बेंगलुरु जाने के लिए 10294 रुपए खर्च करने पड़ेंगे।
सात अपैल को यह किराया 8829 रुपए और आठ अप्रैल को 8194 रुपए है। इसी प्रकार बेंगलुरु से दरभंगा आने का किराया छह अप्रैल को 12033, सात को 12624 और आठ अप्रैल को 12856 रुपए है। हालांकि इसके बावजूद इस रूट पर सीधी हवाई सेवा शुरू होने से यात्रियों को पैसे और समय दोनों की बचत होगी।
मिथिला के लिए बड़ी सौगात : सरावगी
बिहार भाजपा अध्यक्ष और दरभंगा विधायक संजय सरावगी ने दरभंगा-बेंगलुरु रूट पर अकासा एयर की सीधी हवाई सेवा शुरू होने का स्वागत किया है। उन्होंने इसे मिथिला के विकास, व्यापार और शिक्षा के लिए बड़ी सौगात बताते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्रति आभार व्यक्त किया है। उन्होंने कहा कि इससे क्षेत्र के लोगों को आवागमन में बड़ी सुविधा मिलेगी तथा व्यापार, शिक्षा और रोजगार के नए अवसर भी सृजित होंगे। यह पीएम मोदी के नेतृत्व में हो रहे निरंतर विकास का परिणाम है। उन्होंने कहा कि दरभंगा जैसे महत्वपूर्ण शहर को देश के प्रमुख आईटी हब बेंगलुरु से जोड़ना बिहार की प्रगति की दिशा में बड़ा कदम है। उन्होंने इसके लिए आकासा एयर को धन्यवाद भी दिया।
कनेक्टिविटी को मिलेगी नई उड़ान : संजय झा
दरभंगा से बेंगलुरु के बीच अकासा एयर की नई हवाई सेवा का शुभारंभ क्षेत्रीय कनेक्टिविटी के क्षेत्र में महत्वपूर्ण उपलब्धि है। रविवार को इस मार्ग पर कंपनी की पहली उड़ान का संचालन सफलतापूर्वक किया गया। जदयू के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष व राज्यसभा सांसद संजय कुमार झा ने इस पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए इसे मिथिला क्षेत्र के लिए महत्वपूर्ण उपलब्धि बतायी है। उन्होंने कहा कि इस नई उड़ान सेवा से क्षेत्रीय कनेक्टिविटी को मजबूती मिलेगी और दरभंगा सहित पूरे मिथिला क्षेत्र के लोगों को देश के प्रमुख आईटी और औद्योगिक केंद्र बेंगलुरु से सीधा जुड़ाव प्राप्त होगा। संजय झा ने इस पहल के लिए नागरिक उड्डयन मंत्रालय एवं सभी संबंधित पक्षों को बधाई दी है।




साइन इन